Silk Saree ke Daag Kaise Nikale: सिल्क साड़ी अपनी खूबसूरती, चमक और खास लुक के लिए जानी जाती है। लेकिन कई बार इस फैब्रिक पर लगा दाग इसकी सुंदरता को कम कर सकता है। साड़ी पर कई बार अनजाने में तेल, खाने-पीने की चीजों, मेकअप या अन्य चीजों का दाग लग जाता है जो आसानी से नहीं निकलते हैं। गलत तरीके से रगड़ने या धोने पर साड़ी का रंग फीका पड़ सकता है। ऐसे में साड़ी को बिना नुकसान पहुंचाए दाग को निकालने के लिए कुछ तरीकों को इस्तेमाल किया जा सकता है।

तेल के दाग ऐसे हटाएं

सिल्क की साड़ी पर कई बार तेल के दाग लग जाते हैं जिसे साफ करने के लिए आप टैल्कम पाउडर या कॉर्नफ्लोर की मदद ले सकते हैं। इसे दाग वाली जगह पर लगाकर कुछ घंटे छोड़ दें जिससे पाउडर तेल सोख लेगा। कुछ घंटों बाद इसे पानी की मदद से साफ करें। अगर दाग नहीं जा रहा है तो साड़ी को रगड़ने की जगह आप इस प्रक्रिया को दोबारा दोहरा सकते हैं।

पसीने के दाग साफ करने का तरीका

अगर सिल्क की साड़ी पर पसीना या कोई साधारण दाग लग गया है तो इसे साफ करने के लिए नींबू का इस्तेमाल किया जा सकता है। ठंडा पानी और नींबू का रस मिलाकर घोल तैयार करें और इसमें दाग वाले हिस्से को कुछ देर के लिए डुबोकर रखें। इसके बाद साफ पानी से साड़ी को साफ कर लें।

इंक का दाग निकालने का तरीका

कई बार सिल्क साड़ी पर पेन या इंक का दाग लग जाता है जो आसानी से साफ नहीं हो पाता है। इसके लिए आप रबिंग अल्कोहल को रुई में लगाएं और दाग वाली जगह पर हल्के से दबाएं। जब दाग हल्का होने लगे तो इसे ठंडे पानी से साफ कर लें।

खाने का दाग ऐसे करें साफ

सिल्क साड़ी को अक्सर हम पार्टी, गेट-टू-गेदर, शादी या ट्रेडिशनल फंक्शन में पहन लेते हैं। जहां अनजाने में कई बार खाने के दाग साड़ी में लग जाते हैं। इसे साफ करने के लिए आप एक कटोरी में बराबर मात्रा में सफेद सिरका और पानी मिलाएं। अब इस घोल को एक मुलायम कपड़े में डुबाएं और दाग वाली जगह पर लगाएं। इसे बाद में गीले कपड़े से पोंछ लें।

सिल्क साड़ी की देखभाल

पहनने के बाद सिल्क साड़ी को हवा में सुखाएं जिससे पसीना और मॉइश्चर की वजह से साड़ी में दाग नहीं लगेंगे।

सिल्क साड़ी को स्टोर करने के लिए कॉटन बैग का इस्तेमाल कर सकते हैं जो फैब्रिक को नुकसान नहीं पहुंचाएगा।

सिल्क साड़ी हमेशा कम हीट पर प्रेस करना चाहिए। साथ ही साड़ी के ऊपर कोई पतला कपड़ा डालकर प्रेस करें।

साफ करते समय बरतें सावधानियां

सिल्क फैब्रिक बहुत नाजुक होता है, ऐसे में दाग वाली जगह को ज्यादा रगड़ने पर कपड़ा खराब हो सकता है।

सिल्क साड़ी को कभी तेज धूप में नहीं सुखाना चाहिए। इसे आप किसी छाया वाली जगह पर सुखा सकते हैं।

सिल्क फैब्रिक को धोने के लिए गर्म पानी का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए इससे रेशे कमजोर हो सकते हैं।

अगर सिल्क की साड़ी पर लगे जिद्दी दाग नहीं निकल रहे हैं, तो इसे साफ करने के लिए ड्राई क्लीनिंग की मदद ले सकते हैं।