दीवाली के मौके पर लोग अपने घरों की साफ-सफाई करते हैं। इस दौरान बेडरूम, लिविंग रूम, पंखा, किचन से लेकर बालकनी तक को चमकाया जाता है। इसके साथ ही अलमारी में कपड़े भी व्यवस्थित करके रखे जाते हैं और उनकी धूल-मिट्टी साफ की जाती है। लेकिन समय के साथ अलमारी में कपड़े अधिक इकट्ठा हो जाते हैं और उन्हें फिर से व्यवस्थित करके रखने में काफी समय लग जाता है।

अलमारी को साफ करने के लिए अक्सर लोग वही पुराने तरीके अपनाते हैं। पहले सारे कपड़े निकालते हैं और फिर उन्हें दोबारा फोल्ड करके अलमारी में रख देते हैं। कई बार साफ करने के बाद भी अलमारी भर जाती है। ऐसे में आइए जानते हैं किस तरह कम समय में कपड़ों को व्यवस्थित रखें और अलमारी को साफ करें।

पूरी अलमारी न करें खाली

अलमारी साफ करते समय सबसे ज्यादा समय कपड़ों को बाहर निकालने और फिर वापस रखने में लगता है। ऐसे में एक साथ पूरी अलमारी खाली करने के बजाय एक बार में सिर्फ एक शेल्फ या एक हिस्सा साफ करें। सबसे पहले एक शेल्फ के कपड़े बाहर निकालें। खाली जगह को सूखे माइक्रोफाइबर कपड़े से साफ करें। कपड़ों को तीन हिस्सों में बांटें- रोज पहनने वाले, कभी-कभार पहनने वाले और लंबे समय से इस्तेमाल न किए गए कपड़े। जरूरी कपड़ों को व्यवस्थित करके उसी शेल्फ पर रख दें और फिर अगले हिस्से पर जाएं।

हैंगर वाले कपड़े छोड़ दें

अलमारी में हैंगर पर टंगे कपड़ों को बार-बार उतारने के बजाए उन्हें वैसे ही रहने दें। एक तरफ से दूसरी तरफ कपड़ों को सरकाते हुए अलमारी की खाली जगहों तक पहुंचें। हैंगर पर टंगे कपड़ों को एक तरफ खिसका लें। पीछे की दीवार और रॉड को सूखे कपड़े से पोंछें। हैंगर और कपड़ों के बीच पर्याप्त जगह रखें, ताकि हवा आती-जाती रहे। जिन कपड़ों की जरूरत नहीं है, उन्हें अलग करने के लिए ही हैंगर से उतारें

सफाई से पहले तैयार रखें ये चीजें

कई बार सफाई करते समय लोग कपड़ा, ब्रश या दूसरी चीजें खोने में काफी समय लगा देते हैं। ऐसे में इनसे बचने के लिए एक छोटी टोकरी में सफाई का जरूरी सामान पहले से रख लें। इसमें माइक्रोफाइबर कपड़ा, छोटा मुलायम ब्रश और जिद्दी दागों के लिए हल्का गीला कपड़ा रखें। सफाई करते समय इन चीजों को खोजने में आसानी होगी, जिससे काफी समय बच सकता है।

कोनों को झटपट कैसे साफ करें

अलमारी के कोनों, दराज की पटरियों और हैंडल के आसपास जमी धूल को बड़े कपड़े से साफ करने में थोड़ा अधिक समय लगता है। ऐसे में इन्हें साफ करने के लिए पुराने, साफ और मुलायम मेकअप ब्रश का इस्तेमाल किया जा सकता है। सबसे पहले ब्रश से कोनों में जमा धूल बाहर की ओर निकालें। निकली हुई धूल को माइक्रोफाइबर कपड़े से पोंछ लें। दराज की पटरियों और छोटे खांचों में भी इसी तरह सफाई करें। इसकी मदद से सामान को बार-बार हटाए बिना उन जगहों की धूल साफ की जा सकती है।

टीशर्ट को ऐसे रखें

अलमारी में टी-शर्ट, टॉप और रोजमर्रा के कपड़े एक-दूसरे के ऊपर रखे हैं, तो नीचे का कपड़ा निकालते समय पूरा ढेर बिगड़ सकता है। इससे बचने के लिए कपड़ों को छोटे आकार में मोड़कर खड़ा रखें। टी-शर्ट को लंबाई में मोड़ें। फिर उसे इतना छोटा करें कि वह दराज या शेल्फ में खड़ी रह सके। कपड़ों को एक लाइन में रखें। इस तरह कपड़ा ऊपर से दिखाई देगा, जिसे आप आसानी से निकाल सकते हैं।

पुराने डिब्बों का करें इस्तेमाल

अलमारी की दराजों में बेल्ट, मोजे, रुमाल, ब्लाउज के हुक और छोटी एक्सेसरीज अक्सर आपस में मिल जाती हैं। इन्हें व्यवस्थित करने के लिए घर में मौजूद छोटे गत्ते के डिब्बों को साफ करके इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए आप एक डिब्बे में मोजे, दूसरे में रुमाल और तीसरे में छोटी एक्सेसरीज रख सकते हैं।

एक अंदर और एक बाहर का तरीका अपनाएं

अलमारी साफ करने के कुछ दिनों बाद ही उसमें फिर से सामान इकट्ठा होने लगते हैं। दरअसल, जरूरत से ज्यादा कपड़े और एक्सेसरीज जमा हो जाते हैं। इसके लिए सफाई के दौरान एक आसान नियम अपना सकते हैं। जब भी कोई नया कपड़ा अलमारी में रखें, तो पहले देखें कि क्या कोई पुराना कपड़ा है जिसे अब इस्तेमाल नहीं करते। अगर ऐसा है, तो उसे अलग कर दें। इससे अलमारी में कपड़ों का ढेर नहीं लगता और जगह भी पर्याप्त बची रहती है।

अलमारी को लंबे समय तक साफ और व्यवस्थित रखने के लिए ये तरीके अपनाएं जा सकते हैं

  • जो कपड़े दोबारा पहनने लायक नहीं हैं, उन्हें अलमारी में न रखें।
  • पहने हुए कपड़ों को साफ कपड़ों से अलग रखें।
  • दराज में रखी छोटी चीजों को वापस उनके डिब्बे में रखें।
  • बाहर निकले हैंगर और बिखरे कपड़ों को व्यवस्थित करें।

यह भी पढ़ें
दीवाली की सफाई में बेडबॉक्स भी करें खाली, कपड़े रखने के इन तरीकों से बचाएं जगह