खाने के बाद अक्सर कुछ मीठा खाने का मन करता है। ऐसे में बाजार का मीठा या चॉकलेट खाने की बजाय घर पर ही मिठाई बना सकते हैं। घर पर बनी मिठाई खाने में स्वादिष्ट होती है और सेहत को भी नुकसान नहीं पहुंचाती। दरअसल हम आपको ऐसी ही रेसिपी बताने जा रहे हैं, जो लंच या डिनर के बाद खाने का स्वाद दोगुना कर सकती है।

तिल की गजक, लड्डू और चिक्की तो आपने कई बार खाई होगी। लेकिन आज हम आपको ऐसी रेसिपी बताने जा रहे हैं, जो सिर्फ तीन चीजों की मदद से बनाई जा सकती है। यह मिठाई एक बार बनाने के बाद कई दिनों तक स्टोर करके रखी जा सकती है। ठंडे मौसम में तिल खाना सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है। इसे आप लंच या डिनर के बाद मीठे की क्रेविंग को दूर करने के लिए खा सकते हैं। अच्छी बात यह है कि इसे आसानी से घर पर बनाया जा सकता है। आइए, जानते हैं इसकी रेसिपी के बारे में।

सामग्री

तिल- 200 ग्राम
चीनी- 200 ग्राम
मिल्क पाउडर- 1 कप
पानी- आधा कप
इलायची पाउडर- 1 चम्मच
केसर- जरूरत के अनुसार

मिठाई बनाने का तरीका

इसे बनाने के लिए सफेद तिल का इस्तेमाल करें, जिससे बर्फी सुंदर दिखेगी। अब पैन में तिल को डालकर मीडियम आंच पर सेंक लें। इस दौरान चम्मच से इसे धीरे-धीरे चलाते रहें ताकि तिल जले न। जब तिल हल्के भूरे हो जाएं, तो इन्हें बाउल में निकाल लें। अब इन्हें ठंडा होने के बाद मिक्सर में डालकर पीस लें। इसे धीरे-धीरे दरदरा पीसें ताकि बर्फी में तिल का स्वाद अच्छी तरह आए। अब पैन को गैस पर रखें और इसमें दो चम्मच घी डालें। अब पिसे हुए तिल को डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। इस तरह तिल को करीब 2 से 3 मिनट तक सेंक लें। अब गैस बंद करने के बाद इसमें एक कप मिल्क पाउडर डालें। इसे अच्छी तरह से मिक्स करें। मिल्क पाउडर की जगह आप मावा, काजू या बादाम को पीसकर डाल सकते हैं।

अब दूसरे पैन तिल के बराबर चीनी डालें। अगर आप गुड़ खाते हैं, तो चीनी की जगह इसे इस्तेमाल कर सकते हैं। फिर पैन में आधा कप पानी डालें। गैस को ऑन कर दें और आंच को मध्यम रखें। जब तक चाशनी तैयार हो रही है, तब तक दूसरी तरफ प्लेट को ग्रीस कर लें। किनारे वाली प्लेट पर घी लगाएं जिससे मिठाई निकालने में आसानी होगी। जब चीनी पिघल जाए, तो इसमें इलायची पाउडर और कुछ केसर के टुकड़ों को डाल दें। इससे मिठाई का रंग और स्वाद बेहतर हो सकता है। एक तार वाली चाशनी तैयार हो जाए, तो आंच को धीमी कर लें। अब इसमें तिल का पाउडर डालें और अच्छी तरह मिक्स करें। इसे लगभग 2 मिनट तक पकाएं और लगातार चलाते रहें। अगर मिश्रण हाथ में चिपक रहा है, तो इसे कुछ देर और पकाएं। फिर इसे प्लेट में निकालकर अच्छी तरह फैला लें। इसे लगभग 30 से 35 मिनट तक ठंडा होने दें और फिर टुकड़ों में काट लें। इसे सजाने के लिए ऊपर से ड्राई फ्रूट्स मिलाएं।