Safari Tips for Beginners: मानसून के दौरान वन्यजीवों के संरक्षण और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए भारत के ज्यादातर नेशनल पार्क (राष्ट्रीय उद्यान) बंद कर दिए जाते हैं। इस दौरान कई जानवरों के लिए प्रजनन का अनुकूल समय होता है, जिसकी वजह से भी इंसानों की आवाजाही पर रोक लगा दी जाती है। इसके अलावा भारी बारिश की वजह से जंगलों के कच्चे रास्ते और ट्रैक कीचड़ से भर जाते हैं। ऐसे में गाड़ियों के फंसने और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। हालांकि मानसून के बाद अब कई नेशनल पार्क और वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी को पर्यटकों के लिए फिर से खोला जा रहा है।
राजस्थान में रणथंभौर और सरिस्का टाइगर रिजर्व से लेकर उत्तराखंड में जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क और वन्यजीवों से जुड़ी अन्य जगहों तक, इनका फिर से खुलना पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। देश के कई हिस्सों में सफारी सीजन की वापसी हुई है। हालांकि अगर आप पहली बार सफारी पर जा रहे हैं, तो कुछ बातों का ध्यान में रख सकते हैं।
इंडियन एक्सप्रेस से जिम कॉर्बेट के बारे में बात करते हुए कॉर्बेट हाइडअवे, जिम कॉर्बेट IHCL SeleQtions के जनरल मैनेजर अजय करीर ने बताया कि मानसून के बाद कॉर्बेट फिर से खुलने पर वाइल्डलाइफ के शौकीनों में एक नई उम्मीद और उत्साह जाग उठता है। मानसून के बाद जंगल घने और हरे-भरे हो जाते हैं। कोसी नदी पूरे उफान पर बहती है। हर तरफ पक्षियों और तितलियों से लेकर खुले में निकलते हाथियों और हिरणों की हलचल दिखाई देती है।
पहली बार सफारी पर जाने से पहले जान लें ये बातें
जो लोग पहली सफारी पर जा रहे हैं, उनके लिए टाइगर को देखने का इंतजार स्वाभाविक रूप से रोमांच का बड़ा हिस्सा होता है। हालांकि एक्सपर्ट का कहना है कि सैलानियों को जंगल और वहां रहने वाले जीवों की बेहतर समझ के साथ सफारी पर जाना चाहिए।

अफ्रीका विद रेणुका की फाउंडर रेणुका नटू और करीर ने इंडियन एक्सप्रेस को कुछ ऐसी बातें बताई हैं जिनका ध्यान यात्रियों को सफारी के दौरान रखना चाहिए।
जब आप जंगली इलाकों में जाएं, तो सावधानी बरतें। वहां के नजारों और माहौल का आनंद लेने के लिए थोड़ा रुकें। पक्षी, मधुमक्खियों, तितिलयां, ततैया, भालू, एंटीलोप, हाथी और बाघ आराम से देखें।
पर्यटकों को सिर्फ बाघ को ही नहीं देखना चाहिए बल्कि आसपास के इकोसिस्टम पर भी ध्यान देना चाहिए। खतरे के संकेत, घास में घूमते जानवरों का झुंड या ताजा पगमार्क (पंजों का निशान) जंगल के एक आम हिस्से को भी खोज के यादगार पल में बदल सकता है।
हर सफारी में किसी खास जानवर को देखने की उम्मीद करने के बजाय जरूरी दिशा-निर्देशों का पालन करें और जानवरों की जगह का सम्मान करें। सबसे यादगार सफारी अक्सर वही होती है जिनमें आप धीरे-धीरे चलते हैं और चीजों को ध्यान से देखते हैं। जंगल की खुद की आवाज को सुनते हैं।
