Raincoat Buying Tips: बारिश के मौसम में बाहर घूमने जाने से लेकर रोजाना ऑफिस आने-जाने तक, खुद को भीगने से बचने के लिए कई लोग छाते की जगह रेनकोट इस्तेमाल करते हैं। बाजार में अलग-अलग रंग और डिजाइन के रेनकोट आसानी से मिल जाते हैं। ऐसे में कई बार हम सिर्फ अच्छा दिखने वाला रेनकोट पसंद कर लेते हैं, जिसकी वजह से भीगने, कपड़े गीले होने और पसीने के कारण रैशेज या खुजली जैसी परेशानियां हो सकती हैं। ऐसे में सही रेनकोट चुनना भारी बारिश में सूखा और सुरक्षित रखने में मदद कर सकता है।

अगर आप मानसून के लिए रेनकोट खरीदने जा रहे हैं, तो कुछ बातों का ध्यान जरूर रखें। ऐसा करने से रेनकोट चुनना आसान हो सकता है और वह लंबे समय तक काम आ सकता है।

रेनकोट का डिजाइन

अगर आप रेनकोट बाइक या स्कूटी चलाते समय भीगने से बचने के लिए ले रहे हैं, तो ऐसे में सिर्फ जैकेट वाले रेनकोट लेने से बचें। इसकी जगह आप जैकेट और पैंट वाले सेट खरीद सकते हैं ताकि बाइक चलाते समय आप भीगने से बच सकें। वहीं, महिलाओं और बच्चों के लिए फुल लेंथ रेनकोट पूरे शरीर को कवर कर सकते हैं। इसके अलावा विंडचीटर रेनकोट खरीद सकते हैं जो आपको तेज हवा और बारिश के दौरान अधिक सुरक्षा देने में मदद कर सकता है।

सुविधा का रखें ध्यान

रेनकोट खरीदते समय अपनी सुविधा का भी ध्यान रखें। अगर आप ऐसा रेनकोट पहनना चाहते हैं, जिसे जल्दी और आसानी से पहना जा सके, तो सामने से जिप या बटन वाले रेनकोट चुन सकते हैं। वहीं, सिर से पहनने वाले (पुलओवर) रेनकोट को पहनने और उतारने में कुछ लोगों को असुविधा हो सकती है। इसलिए अपनी जरूरत और इस्तेमाल के अनुसार रेनकोट का डिजाइन चुनना बेहतर होता है।

फैब्रिक का चुनाव

अगर आप लंबे समय तक इस्तेमाल करने के लिए रेनकोट खरीद रहे हैं, तो फैब्रिक का भी ध्यान रखें। ऐसा मटेरियल चुनें, जो पानी को आसानी से अंदर न जाने दे। इसके अलावा रेनकोट ज्यादा भारी न हो ताकि लंबे समय तक पहनने में भी कोई परेशानी न हो। हल्के और अच्छी गुणवत्ता के रेनकोट रोज इस्तेमाल करने के लिए अच्छा माने जाते हैं।

साइज का रखें ध्यान

रेनकोट खरीदते समय सही साइज का चुनाव करें। कभी भी बहुत ज्यादा फिट या टाइट रेनकोट न खरीदें। इससे चलने-फिरने में परेशानी हो सकती है। वहीं ज्यादा ढीला रेनकोट भी असहजता का कारण बन सकता है। अगर आप रेनकोट दूसरे कपड़ों के ऊपर पहनते हैं, तो इसका साइज इस बात को ध्यान रखते हुए चुनें।

पॉकेट और हुड

अगर आप बिना छाते के बाहर निकलते हैं, तो हुड वाला रेनकोट चुन सकते हैं। वहीं अगर इसमें पॉकेट होगी तो मोबाइल, पर्स, चाबी या अन्य जरूरी सामान रख सकते हैं। खरीदने से पहले हुड की फिटिंग और पॉकेट की स्थिति भी चेक करें। इसके अलावा रोजाना रेनकोट इस्तेमाल करते हैं, तो ऐसे में हल्के और कॉम्पैक्ट रेनकोट चुन सकते हैं। ऐसे रेनकोट कम जगह घेरता है और आसानी से बैग में रखा जा सकता है।