Dhanteras 2026: धनतेरस के शुभ अवसर पर ज्यादातर लोग नई चीजों को खरीदते हैं। सोना-चांदी और नए बर्तन खरीदना इस दिन शुभ माना जाता है। हालांकि कई लोगों के पास सोने या चांदी की चीजों को खरीदने का बजट नहीं होता है। ऐसे में लोग नए बर्तन जैसे थाली, कटोरी, टंकी, गिलास, भगोना और पतीला खरीदते हैं। लेकिन दिवाली के मौके पर बाजारों में काफी भीड़ होती है और धनतेरस के दिन खासतौर पर बर्तन वाली दुकानों पर लंबी लाइन लग सकती है। इस दौरान जल्दबाजी में हम कई बार गलत या खराब बर्तन खरीद लेते हैं। कई दुकानदार इन बर्तनों को वापस भी नहीं लेते हैं। ऐसे में नए बर्तनों की खरीदारी करते समय कुछ बातों का ध्यान रखा जा सकता है।
अगर आप नए बर्तन खरीदने जा रहे हैं, तो यह आर्टिकल आपके काम आ सकता है। दरअसल बर्तन खरीदते समय कुछ बातों को ध्यान में रखकर सही और अच्छी गुणवत्ता वाली चीजों को खरीदने में मदद मिल सकती है। इससे समय और पैसे दोनों की बचत की जा सकती है।
गुणवत्ता
नए बर्तन खरीदते समय सिर्फ उनकी बनावट को न देखें। अच्छे दिखने वाले बर्तनों की गुणवत्ता में कुछ न कुछ कमी निकल सकती है। इसके अलावा कई लोग सस्ते के चक्कर में हल्के स्टील के बर्तन खरीद लेते हैं। ये बर्तन जल्दी चटक जाते हैं या इनमें छेद निकल सकता है। बर्तनों में इनवेस्ट कर रहे हैं, तो एक बार अच्छे से कर सकते हैं। उच्च गुणवत्ता वाले स्टील, लोहे या तांबे के बर्तनों का चुनाव कर सकते हैं। अगर आप धनतेरस पर कुछ न कुछ खरीदना चाहते हैं, बजट को कम करने की बजाय बर्तन के प्रकार को बदल सकते हैं।
ढक्कन वाले बर्तनों की फिटिंग
स्टील की मसालादानी, ढक्कन वाली टंकी, कड़ाही या पतीला अगर ढक्कन वाला है, तो इसे जरूर चेक करें। कई बार ढक्कन की फिटिंग सही नहीं होती है, जिससे इस तरह के बर्तनों को इस्तेमाल करने में परेशानी आ सकती है। कई बार हम ऐसे टिफिन खरीद लेते हैं, जिनके ढक्कन बहुत टाइट लगते हैं। इस तरह के बर्तनों को दुकान पर अच्छी तरह चेक करने के बाद ही खरीदें। अगर ढक्कन सही से फिट नहीं हो रहा है, तो इस तरह के बर्तनों को खरीदने से बचें।
हैंडल की मजबूती चेक करें
जिन बर्तनों में हैंडल होता है उनमें अक्सर यह समस्या आती है कि उनका हैंडल ढीला हो जाता है या टूट जाता है। ऐसे में इन्हें खरीदने से पहले हैंडल की मजबूती को जरूर चेक करें। अगर आप कड़ाही खरीद रहे हैं, तो इसका हैंडल जरूर चेक करें। अगर यह हिल रहा है या कमजोर लग रहा है, तो इसे तुरंत चेंज करके दूसरा लें।
