आजकल घर पर तरह-तरह के पौधों को लगाने का शौक काफी बढ़ गया है। कम जगह होने के बावजूद ज्यादातर लोग छत, बालकनी या गमलों में पौधे लगाते हैं। वहीं बाजार से सब्जियों को खरीदने की बजाय किचन गार्डन में ताजी सब्जियां उगाना काफी पसंद किया जा रहा है। इन सब्जियों में हरा धनिया भी शामिल है। हालांकि कई लोगों को यह शिकायत रहती है कि धनिया के बीज सही ढंग से अंकुरित नहीं हो रहे हैं। ऐसे में बार-बार बीजों को लगाने पर भी रिजल्ट एक जैसा ही आता है। अगर आपके साथ भी इस तरह की समस्या आ रही है, तो बीज लगाने से पहले कुछ तरीकों को अपना सकते हैं। इससे धनिया के बीजों का अंकुरण तेजी से हो सकेगा।

धनिया के बीज अंकुरित क्यों नहीं होते?

धनिया का साबुत दाना असल में दो बीजों से जुड़ा होता है। अगर इन्हें बिना तोड़े या हल्के हाथों से मसले सीधे बोने से अंकुरण धीमा हो सकता है। मिट्टी में नमी की कमी या ज्यादा पानी की वजह से बीज में फफूंद लग सकती है। इसके अलावा धनिया ठंडे मौसम और हल्की नमी में अच्छी तरह बढ़ता है। अगर बीज बहुत ज्यादा पुराने या खराब गुणवत्ता के होंगे तो भी इन्हें उगाने में परेशानी हो सकती है।

धनिया को सीधे मिट्टी में बोना सही या गलत?

अगर आप गमले में धनिया उगाना चाहते हैं और उसके बीजों को सीधे मिट्टी में गाड़ देते हैं, तो यह तरीका सही नहीं है। इससे धनिया के बीजों का अंकुरण धीमा हो जाता है। इसलिए धनिया के बीजों को सीधे मिट्टी में नहीं डालना चाहिए। धनिया को लगाने के लिए पहले इसके बीजों को तैयार करना पड़ता है। जिससे उनकी ग्रोथ बेहतर तरीके से हो सके।

बीज को दो हिस्सों में तोड़ें

धनिया के बीजों को गमले में लगाना चाहते हैं, तो उसे सबसे पहले दो हिस्सों में तोड़ना होगा। अगर आप इसे पूरी तरह कुचल देंगे, तो भी धनिया अंकुरित नहीं होंगे। बीजों को जल्दी अंकुरित होने के लिए इन्हें दो हिस्सों में तोड़ना जरूरी होता है। इसके लिए आप एक सूती कपड़ा लें और इसके अंदर बीजों को डाल दें। अब ऊपर से बेलन या पत्थर को धीरे-धीरे बीजों पर चलाएं। इस तरह बीज दो हिस्सों में टूट जाएंगे।

बीजों को पानी में भिगोएं

दो हिस्सों में टूटे हुए धनिया के बीजों को पानी में एक दिन तक भिगोकर रखें। पानी में भिगोने से धनिया के बीजों की बाहरी सख्त परत नरम हो जाती है, जिससे अंदर का हिस्सा आसानी से बाहर निकल आता है। इसके अलावा कमजोर और खोखले बीज पानी के ऊपर तैरने लगते हैं, जिन्हें आप अलग कर सकते हैं। इस तरह बीजों को अंकुरित होने के लिए ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती।

मिट्टी तैयार करने का तरीका

गमले में धनिया के बीजों को लगाने के लिए सही मिट्टी का मिश्रण तैयार करना भी जरूरी है। इसके लिए दोमट मिट्टी, कोकोपीट, ऑर्गेनिक कम्पोस्ट और नीम खली को अच्छी तरह मिक्स करें। यह मिश्रण बीजों को जरूरी पोषक तत्व देगा और उन्हें जल्दी बढ़ने में भी मददगार साबित हो सकता है।

धनिया के बीजों को बोने के लिए कंटेनर, गमले या ग्रो बैग कम से कम 5-6 इंच गहरा होना चाहिए। बीज को बराबर फैलाएं और ऊपर पतली परत मिट्टी डालें। ऊपर से पानी का छिड़काव करें। इसे नियमित रूप से पानी दें और धूप में रखें। कुछ ही दिनों में बीज अंकुरित होने लगेंगे।