गुलाब का पौधा बहुत खूबसूरत होता है, जिसकी वजह से ज्यादातर लोग इसे अपने घर की बालकनी, छत या गार्डन में लगाना पसंद करते हैं। गुलाब लाल, सफेद, नारंगी, पीला और कई अलग-अलग रंगों में पाए जाते हैं। यह घर पर आसानी से उगाया जाने वाला बारहमासी पौधा है। हालांकि इस पौधे को सही देखभाल की जरूरत होती है। समय-समय पर खाद और प्रूनिंग की मदद से गुलाब के पौधे को घना और हरा-भरा बनाया जा सकता है। प्रूनिंग के लिए अक्टूबर का महीना सही माना जाता है।
अगर आप भी अपने पौधे को हरा-भरा और घना बनाना चाहते हैं, तो इसकी प्रूनिंग कर सकते हैं। हालांकि पौधे की प्रूनिंग करने से पहले कुछ बातों का ध्यान रख सकती हैं। जिससे पौधे को नुकसान पहुंचाए बिना उसकी ग्रोथ को बेहतर किया जा सकता है।
प्रूनिंग की जरूरत
गुलाब के पौधे की प्रूनिंग (छंटाई) करने से पौधे में नई और मजबूत शाखाएं निकलती हैं। जिससे पौधा ज्यादा घना और हरा-भरा नजर आता है। इससे नई शाखाओं पर गुलाब के फूल खिलते हैं और पौधा भी सुंदर आकार ले लेता है। इसके अलावा सूखी, पुरानी या सड़ी हुई टहनियों को हटाने से पौधे में फफूंद और कीड़ों का खतरा भी कम हो सकता है।
गुलाब की प्रूनिंग करने का सबसे सही समय अक्टूबर माना गया है। जब बारिश का मौसम समाप्त हो जाता है और हल्की ठंड शुरू होने लगती है। प्रूनिंग के लगभग एक महीने के अंदर नए और सुंदर फूल आने लगते हैं। अक्टूबर में गुलाब के पौधे की हल्की प्रूनिंग करें। बहुत ज्यादा हार्ड प्रूनिंग करने से पौधे को नुकसान पहुंच सकता है। अगर आपके गुलाब के पौधे में नई ग्रोथ शुरू हो रही है, तो पौधे को आकार देने के लिए हल्की प्रूनिंग कर सकते हैं। प्रूनिंग के बाद पौधे को अच्छी धूप दें। इसमें पानी तभी डालें जब मिट्टी की ऊपरी परत सूख जाए। पौधे में पानी को जमा न होने दें।
प्रूनिंग से पहले करें ये काम
अगर आप गुलाब के पौधे की प्रूनिंग करने जा रहे हैं, तो उससे पहले यहां बताए गए तरीके अपना सकते हैं। इससे पौधे की ग्रोथ बेहतर हो सकती है।
सबसे पहले गुलाब के पौधे को कीटों और फंगल संक्रमण के प्रकोप से बचाने के लिए 2 ग्राम इंसेक्टिसाइड में 2 ग्राम फंगीसाइड को एक लीटर पानी में मिलाएं। इसे स्प्रे बोतल में भर लें और अब पूरे पौधे पर अच्छी तरह स्प्रे करें।
प्रूनिंग करने से पहले गुलाब के पौधे में जैविक खाद का इस्तेमाल करें। इसके लिए सरसों की खली को भिगोकर रखें। अब इसका पानी छानकर पौधे में स्प्रे करें। इसके अलावा पौधे को दिन में दो बार अच्छी तरह पानी दें।
प्रूनिंग करने का तरीका
गुलाब के पौधे की सूखी और पीली शाखाओं को हटाएं। इससे नई शाखाओं को बढ़ने में मदद मिल सकेगी। इसके साथ ही रोगग्रस्त और कमजोर शाखाओं को भी हटा दें। अंदर की तरफ बढ़ रही शाखाओं को हटाएं। प्रूनिंग करने के लिए साफ और धार वाली कैंची का इस्तेमाल करें।
