हर किसी के लिए शादी का दिन बहुत ही खास होता है, जिसे वह हमेशा याद रखता है। यही वजह है कि इस दिन को खास बनाने के लिए हर एक छोटी-बड़ी चीज का ख्याल रखा जाता है। शादी का वेन्यू, घर की सजावट, मेहमानों का स्वागत, मेहंदी-संगीत से लेकर हर फंक्शन के लिए कपड़े और शादी वाले दिन के लिए स्पेशल अरेंजमेंट्स की जाती हैं। महिलाओं के लिए शादी के दौरान सबसे ज्यादा खास उनका लहंगा होता है। यह न सिर्फ शादी की तस्वीरों में, बल्कि जिंदगी के यादगार पलों में भी शामिल होता है।
हालांकि कई बार हम लहंगा खरीदते समय कुछ चीजों को नजरअंदाज कर देते हैं, जिसकी वजह से शादी वाले दिन समस्या आ सकती है। अगर आप अपनी शादी का लहंगा खरीदने जा रही हैं, तो कुछ बातों का जरूर ध्यान रखें। लहंगे को सिर्फ डिजाइन या रंग देखकर पसंद न करें बल्कि और भी चीजों को चेक करें। इसके लिए यहां बताए गए टिप्स की मदद ली जा सकती है।
फैब्रिक और कंफर्ट
शादी का लहंगा किसी भी महिला के लिए बहुत ही खास महत्व रखता है। जिसे वह शादी के बाद भी संभाल कर रखती है। शादी चाहे गर्मियों में हो या सर्दियों में, लहंगे का फैब्रिक देखकर भी इसे खरीदें। कई बार हम ऐसे फैब्रिक चुन लेते हैं, जो दिखने में अच्छे होते हैं, लेकिन लंबे समय तक इन्हें पहनने कई बार मुश्किल हो जाता है। ज्यादा कढ़ाई और हैवी वर्क की वजह से लहंगा आरामदायक नहीं रहता है। मौसम, समय और आपने कंफर्ट के हिसाब से लहंगे का फैब्रिक चुन सकते हैं।
दुपट्टा क्वालिटी
लहंगे के साथ दुपट्टा लुक को आकर्षक और स्टाइलिश बनाने में मदद कर सकता है। इसलिए लहंगे के साथ-साथ दुपट्टे की क्वालिटी की भी जांच करें। इसका फैब्रिक, फिनिशिंग और लंबाई चेक करना न भूलें। अगर दुपट्टा लंबाई में छोटा होगा, तो दिखने में ज्यादा अच्छा नहीं लगेगा। वहीं अगर दुपट्टा ज्यादा हैवी है, तो उसे सिर के ऊपर संभालने में परेशानी हो सकती है।
एम्ब्रॉयडरी फिनिशिंग
वेडिंग लहंगा यानी शादी का लहंगा हर कोई अपनी पसंद और बजट के अनुसार चुनता है। सिर्फ खूबसूरत डिजाइन या रंग देखकर लहंगा नहीं खरीदना चाहिए। इसे खरीदते समय एम्ब्रायडरी की फिनिंशिंग को भी अच्छी तरह चेक करें। लहंगे या दुपट्टे से कहीं फैब्रिक का धागा निकल तो नहीं रहा या फिर उसके ऊपर किया गया वर्क ज्यादा जच नहीं रहा, तो ऐसा लहंगा खरीदने से बचें।

केन-केन / घेरा
लहंगे में केन-केन की मात्रा उसके प्रकार और आपके मनचाहे वॉल्युम पर निर्भर करती है। फंक्शन के अनुसार केनकेन का वॉल्यूम चुन सकती हैं। वेडिंग लहंगे के लिए 4-5 मीटर या उससे ज्यादा केनकेन चुन सकती हैं। इससे भरा हुआ ब्राइडल लुक के लिए मदद मिल सकती है।
ब्लाउज फिटिंग
लहंगे की फिटिंग के अलावा सबसे ज्यादा जरूरी होता है ब्लाउज। अगर ब्लाउज फिटिंग सही नहीं है, तो शादी के दिन पूरा मूड खराब हो सकता है। इस लिए ब्लाउज की फिटिंग को अच्छी तरह चेक करें जिसे उसे पहनने में आसानी हो। ब्लाउज के हुक को पीछे की तरफ लगवाने की जगह साइड में लगवाएं।
अल्टरेशन का विकल्प
लहंगे की फिटिंग को अपने अनुसार करने के लिए अल्टरेशन का विकल्प रखें। कई बार ऐसा होता है कि आखिरी समय में चीजें ऊपर-नीचे हो जाती हैं। ऐसे में अगर आपको लहंगा फिट नहीं आ रहा है, तो उसे अपने अनुसार स्टिच कर सकती हैं। अगर आप अपने शादी का लहंगा कई सालों बाद भी पहनना चाहती हैं, तो अल्टरेशन का विकल्प बहुत काम आ सकता है।
बैठने और उठने में आरामदायक
जब भी आप अपनी शादी का लहंगे खरीदें तो उस दौरान हील्स पहनकर जरूर चेक करें। अगर आपको चलने और बैठने में कोई परेशानी नहीं हो रही है, तो शादी के दौरान यह लहंगा आपको कंफर्टेबल लग सकता है। शादी के दौरान दुल्हन को काफी देर तक बैठना पड़ सकता है। ऐसे में लहंगा खरीदते समय इन छोटी-छोटी बातों का भी ध्यान रखें।
