बरसात के मौसम में हवा में नमी काफी बढ़ जाती है, जिसके चलते खाने-पीने की चीजें जल्दी खराब होने लगती हैं। इस मौसम में कई सब्जियां भी जल्दी गलने और सड़ने लगती हैं। साथ ही इनपर फफूंदी भी लगने लगती है। पालक, मेथी, धनिया और सरसों जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां इस मौसम की नमी के कारण जल्दी खराब होने लगती हैं। इन सब्जियों में पानी की मात्रा अधिक होती है। मानसून की नमी के कारण पत्तियां जल्दी पीली पड़ने लगती हैं और उन पर फफूंदी भी लग सकती है।

बरसात के मौसम में अगर इन सब्जियों सही तरीके से स्टोर न किया जाए तो वे कुछ ही दिनों में खराब होने लगती हैं। हालांकि, कुछ उपाय हैं जिनकी मदद से आप इन सब्जियों को बरसात के मौसम में लंबे समय तक फ्रेश रख सकते हैं। आइए जानते हैं:

1- पत्तेदार सब्जियों को रखने का तरीका

हरी पत्तेदार सब्जियों को बरसात के मौसम में धोकर स्टोर नहीं करना चाहिए। सबसे पहले इन्हें पूरी तरह सूखा लें और फिर एक एयरटाइट डिब्बे में टिश्यू पेपर बिछाकर रखें। इससे अतिरिक्त नमी टिश्यू पेपर सोख लेती है, जिससे पत्तियां लंबे समय तक ताजा रह सकती हैं।

2- भिंडी और टमाटर को स्टोर करने का तरीका

भिंडी नमी के संपर्क में आते ही चिपचिपी होने लगती है, जिसके चलते वह जल्दी सड़ सकती है। इन्हें कभी भी धोकर फ्रिज में नहीं रखना चाहिए। भिंडी को पेपर बैग या सूती कपड़े में लपेटकर रखने से यह लंबे समय तक फ्रेश रह सकती है। वहीं, टमाटर पर नमी के कारण काले धब्बे पड़ सकते हैं। फ्रिज में पूरी तरह पके टमाटर को रखना चाहिए। कच्चे टमाटरों को कमरे के तापमान पर रखना चाहिए।

3- खीरा और ककड़ी

खीरा और ककड़ी जैसी सब्जियों में पानी की मात्रा काफी अधिक होती है, इसलिए मानसून में ये जल्दी गल सकते हैं। इन्हें हमेशा सूखे कपड़े से पोंछकर फ्रिज के क्रिस्पर ड्रॉअर में स्टोर करना चाहिए।

अन्य सब्जियों को स्टोर करने का तरीका

फूलगोभी और पत्तागोभी के परतों के बीच नमी जमा हो सकती है, जिससे फफूंदी लगने का खतरा बढ़ जाता है। इन्हें बिना धोए छेद वाले बैग में स्टोर करके रखना चाहिए, ताकि हवा का संचार बना रहे। इसी तरह मशरूम भी बरसात के मौसम में जल्दी चिपचिपे और काले पड़ने लगते हैं। इन्हें लंबे समय तक प्लास्टिक कंटेनर में स्टोर नहीं करना चाहिए। मशरूम को पेपर बैग में रखने से उनकी ताजगी लंबे समय तक बनी रह सकती है।

Also Read
फलों को फ्रिज में स्टोर करने का सही तरीका, जानें किन फ्रूट्स को नहीं रखना चाहिए