गर्मियों के मौसम में बढ़ते तापमान का असर पौधों पर भी पड़ता है। तेज धूप, गर्म हवाएं और मिट्टी में नमी की कमी होने के चलते पौधे जल्दी सूखने लगते हैं, उनकी पत्तियां पीली पड़ सकती हैं और उनकी ग्रोथ में धीमी पड़ सकती है। कई बार पर्याप्त देखभाल न मिल पाने पर पौधे मुरझाने लगते हैं या खराब हो जाते हैं। बालकनी, छत या फिर खुले स्थानों पर रखे पौधे तेज गर्मी का समान सबसे अधिक करते हैं। हालांकि, इनमें से कुछ पौधे गर्मी को तो सहन कर लेते हैं, लेकिन कुछ ऐसे हैं जिन्हें अधिक देखभाल और सही वातावरण की जरूरत पड़ती है। आइए जानते हैं उन 7 पौधों के बारे में, जिनका गर्मियों के मौसम में खास ध्यान रखना बेहद जरूरी होता है।
1- चमेली
चमेली का पौधा अपनी सुगंधित खुशबू के लिए जाना जाता है। यह पौधा जहां भी होता है वहां के पूरे वातावरण का माहौल बदल देता है। लेकिन गर्मियों में इसकी जड़ों को अधिक नमी की जरूरत होती है। इस पौधे को हरा भरा बनाए रखने के लिए नियमित रूप से सुबह और शाम में पानी देने की सलाह दी जाती है। हालांकि, गमले में पानी इकट्ठा नहीं होना चाहिए, वरना इसकी जड़ें सड़ सकती हैं। वहीं, तेज धूप में यह पौधा जल्दी मुरझा सकता है। इसे ऐसी छायादार वाली जगह पर रखना चाहिए जहां सुबह और शाम की धूप मिलती रही।
2- गुलाब
अक्सर लोगों की शिकायत रहती है कि गर्मी के मौसम में उनका गुलाब का पौधा सूख जाता है या फिर उसकी ग्रोथ रुक जाती है। दरअसल, यह समस्या सही तरीके से देखभाल न करने से भी हो सकती है। गर्मियों में गुलाब के पौधे की पत्तियां और फूल जल्दी सूखने लगते हैं। इन्हें सुबह जल्दी और देर शाम को पानी देना चाहिए. साथ ही अगर कोई फूल या टहनियां सूख जाए तो उन्हें तुरंत हटा देना चाहिए। वहीं, मिट्टी के ऊपर सूखी पत्तियां या घास बिछा सकते हैं, इससे मिट्टी में लंबे समय तक नमी बनी रहती है।
3- तुलसी
तुलसी के पौधे को धूप पसंद होती है, लेकिन बढ़ते तापमान और लू के चलते इसकी पत्तियां झुलस सकती हैं और पौधा भी सूख सकता है। गर्मी के मौसम में तुलसी के पौधे में सुबह या शाम के समय पानी देना चाहिए। वहीं, दोपहर को तेज धूप से बचाने के लिए इसे हल्की छाया वाली जगह पर रखना चाहिए।
4- मनी प्लांट
अक्सर घरों में मनी प्लांट का पौधा लगा होता है। इसकी पत्तियां घर और बालकनी की शोभा बढ़ाती हैं। हालांकि, गर्मी के मौसम में सही तरीके से देखभाल न किया जाए तो इसकी पत्तियां पीली या भूरे रंग की हो सकती हैं। इसके साथ ही तेज धूप के चलते पौधा सूख भी सकता है। इसे खिड़की के पास या ऐसी जगह पर रखना चाहिए जहां से धूप छनकर आए। इसके साथ ही मिट्टी को पूरी तरह सूखने नहीं देना चाहिए। जब हल्की नमी रह जाए तो पानी डाल देना चाहिए।
5- पीस लिली
पीस लिली अपने सुंदर सफेद फूलों और चमकदार पत्तियों के लिए जानी जाती है। इसके साथ ही इस पौधे में ऐसे गुण होते हैं, जो हवा से प्रदूषित कणों को साफ कर वातावरण को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। लेकिन इस पौधे को भी गर्मी के मौसम में खास ध्यान देने की जरूरत होती है। गर्मी में इसकी मिट्टी जल्दी सूख जाती है, जिससे पत्तियां झुक जाती हैं या फिर मुरझाने लगती हैं। ऐसे में इसे नियमित रूप से पानी देना चाहिए और साथ ही समय-समय पर पत्तियों पर भी हल्का पानी स्प्रे करते रहना चाहिए। इसके साथ ही इसे सीधे धूप में भी रखने से बचना चाहिए।
6- स्नेक प्लांट
स्नेक प्लांट का भी अगर सही तरीके से देखभाल न किया जाए तो ये भी गर्मियों के मौसम में सूख सकता है। यह पौधा कम देखभाल वाला है, लेकिन अधिक गर्मी के चलते यह सूख सकता है। इसके साथ ही तेज धूप के चलते इसकी पत्तियों पर दाग पड़ सकते हैं। गर्मी के मौसम में स्नेक प्लांट को ऐसी जगह पर रखें जहां पर तेज धूप सीधे न पहुंचे और जरूरत पड़ने पर ही पानी दें।
7- हाइड्रेंजिया
अगर आपने अपने घर में हाइड्रेंजिया का पौधा लगा रखा है तो इसका भी खास ख्याल रखने की जरूरत है। यह पौधा अपने रंग-बिरंगे फूलों के लिए जाना जाता है। तेज धूप और अधिक तापमान के चलते इसके फूल और पत्तियां जल्दी मुरझा सकती हैं। इसे सुबह की धूप और दोपहर में छाया मिलने वाली जगह पर रखना बेहतर माना जाता है। इसके साथ ही मिट्टी में हमेशा हल्की नमी बनी रहनी चाहिए।
डिस्क्लेमर: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए विशेषज्ञ से जरूर परामर्श करें।
Also Read
गर्मी में पीली हो रही हैं जेड प्लांट की पत्तियां, इन 5 तरीकों से पौधे को रखें हरा-भरा
