आप भी सुबह घर से पानी भरकर थर्मस या बोतल अपने साथ लेकर निकलते होंगे। ऑफिस, सफर या बाहर जाते समय इसमें पानी के अलावा चाय-कॉफी भी रखकर ले जाते होंगे। ऐसे में इसकी सफाई पर ध्यान देना बहुत जरूरी है। अक्सर थर्मस को सिर्फ पानी से दो-चार बार धोकर रख दिया जाता है।

ये बाहर से तो साफ दिखता है लेकिन अंदर की तली, ढक्कन और रबर सील पर धीरे-धीरे गंदगी जमा होने लगती है, जिसपर ध्यान ही नहीं जाता है।इसके चलते कुछ दिनों बाद थर्मस से अजीब सी बदबू आने लगती है। कई बार तो पानी का स्वाद भी बदला हुआ लग सकता है। ऐसे में थर्मस को सिर्फ पानी से धोना काफी नहीं है। आइए जानते हैं घर पर इसे साफ करने का आसान तरीका।

पहले जानें थर्मस में बदबू क्यों आने लगती है?

थर्मस को धोने के बाद अगर उसके अंदर नमी रह जाए और उसे ढक्कन बंद करके रख दिया जाए तो समय के साथ बदबू आ सकती है। अगर इसमें चाय, कॉफी, दूध या कोई दूसरा पेय पदार्थ रखा जाता है तो उसकी हल्की परत और गंध भी अंदर रह सकती है। इसके अलावा थर्मस के सिर्फ अंदर के हिस्से को साफ करने से भी पूरी सफाई नहीं होती। ढक्कन के नीचे, रबर की सील, स्ट्रॉ या छोटे छेदों में नमी और गंदगी छिपी रह सकती है। इसलिए बदबू आने पर सिर्फ थर्मस के अंदर पानी डालकर शेक कर देना काफी नहीं है।

थर्मस को साफ करने के लिए जरूरी चीजें

सफेद सिरका
बेकिंग सोडा
हल्का डिशवॉशिंग लिक्विड
गर्म या गुनगुना पानी
लंबा बोतल ब्रश
मुलायम कपड़ा या छोटा ब्रश
सिरके से ऐसे दूर करें थर्मस की बदबू

अगर आपके थर्मस के अंदर से तेज गंध आ रही है तो सफेद सिरके से सफाई कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले थर्मस को खाली करें। फिर पानी से धो लें। इसके बाद इसमें आधा कप सफेद सिरका और इतनी ही मात्रा में पानी डालें। फिर आपको थर्मस को बंद करके हल्के हाथ से हिलाना होगा। इसे करीब 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें। फिर घोल को बाहर निकाल दें। साफ पानी से थर्मस को अच्छी तरह धो लें। अगर अंदर कोई परत जमी हुई है तो लंबे बोतल ब्रश से तली और अंदर की दीवारों को धीरे-धीरे साफ करें। फिर 2-3 बार साफ पानी से धो लें।

बेकिंग सोडा से इस तरह करें सफाई

कई बार थर्मस के अंदर किसी पेय की परत या गंध रह जाती है। उसे हटाने के लिए यह नुस्खा आजमाएं। इसके लिए सबसे पहले थर्मस में करीब 1-2 चम्मच बेकिंग सोडा डालें। फिर थोड़ा गुनगुना पानी डालकर पेस्ट जैसा बना लें। बोतल ब्रश से इसे अंदर की दीवारों और तली पर हल्के हाथ से रगड़ें। इसके बाद कुछ मिनट के लिए छोड़ दें और साफ पानी से अच्छी तरह धो लें।

इस बात का ध्यान रखें कि सिरका और बेकिंग सोडा को एक साथ डालने की जरूरत नहीं है। दोनों मिलाने पर झाग जरूर बनता है, लेकिन इससे सफाई का असर जरूरी नहीं कि ज्यादा हो जाए।

थर्मस के ढक्कन और रबर सील को न भूलें

कई बार हमें समझ नहीं आता है लेकिन थर्मस के अंदर से नहीं, बल्कि ढक्कन और रबर सील से बदबू आती है। अगर आपका ढक्कन अलग-अलग हिस्सों में खुलता है तो उन्हें निकालकर अलग से साफ करें।

इसको साफ करने के लिए हल्के डिशवॉशिंग लिक्विड और पानी से ढक्कन धोएं। रबर सील के आसपास जमा गंदगी को मुलायम छोटे ब्रश से साफ किया जा सकता है। अगर सील निकालने लायक है तो उसे निकालकर दोनों तरफ से साफ करें। धोने के बाद इन हिस्सों को तुरंत बंद करके थर्मस में न लगाएं। पहले इन्हें अच्छी तरह सूखने दें।

अगर रबर सील में दरार आ गई है, वह चिपचिपी हो गई है या लंबे समय तक सफाई के बावजूद उसमें गंध बनी रहती है, तो उसे बदलने की जरूरत पड़ सकती है।