लगभग पूरी दुनिया में चॉकलेट का सेवन किया जाता है। खासकर बच्चों को यह खूब पसंद आती है। इसके अलावा कई सारे फूड्स को स्वादिष्ट बनाने के लिए भी चॉकलेट का इस्तेमाल किया जाता है। आज भले ही आप इसे फॉयल में लिपटी हुई पाते हैं, लेकिन पुराने समय में यह एक महंगा और खास पेय के रूप में पी जाती थी। शुरुआत में यह यूरोप के शाही परिवारों और रईसों के बीच कड़वे पेय के रूप में लोकप्रिय हुई। बाद में यूरोप के लोगों ने इसमें दूध, शक्कर और वैनिला मिलाकर इसे मीठा और स्वादिष्ट बनाया। आइए जानते हैं चॉकलेट के बारे में विस्तार से:

आज चॉकलेट भले ही आसानी से हर जगह उपलब्ध है, लेकिन पुराने समय में इसका रूप बिल्कुल अलग था। हजारों साल पहले चॉकलेट एक कड़वे और पवित्र पेय के रूप में इस्तेमाल होती थी। इसका संबंध धार्मिक अनुष्ठानों, शक्ति और जीवन की जरूरतों से था। दुनिया की सबसे पुरानी चॉकलेट की कहानी यूरोप से नहीं, बल्कि प्राचीन मेसोअमेरिका से शुरू होती है।

कितना पुराना है चॉकलेट का इतिहास

चॉकलेट के इस्तेमाल के सबसे पुराने प्रमाण लगभग 1900 से 1500 ईसा पूर्व के माने जाते हैं। इसके सबूत आज के मेक्सिको और मध्य अमेरिका में मिले मिट्टी के बर्तनों पर चिपके अवशेषों से मिले हैं।

ओल्मेक सभ्यता

ओल्मेक को चॉकलेट बनाने वाली पहली सभ्यता माना जाता है। ओल्मेक सभ्यता मेक्सिको की सबसे प्राचीन और महत्वपूर्ण सभ्यताओं में से एक थी। इसका विकास लगभग 1500 ईसा पूर्व से 400 ईसा पूर्व के बीच हुआ था। इसे मेसोअमेरिका की शुरुआती प्रमुख सभ्यताओं में गिना जाता है। माना जाता है कि ओल्मेक लोग कोको के बीजों का इस्तेमाल करते थे। वे इनसे पेय पदार्थ बनाते थे। इसके साथ ही वे चॉकलेट का उपयोग धार्मिक अनुष्ठानों में भी करते थे।

पवित्र पेय हुआ करती थी चॉकलेट

पुराने समय में चॉकलेट मीठी नहीं होती थी। इसे एक कड़वे पेय के रूप में पिया जाता था। इसमें अक्सर मिर्च, पानी और मक्के का आटा मिलाया जाता था। लोग इसे ताकत देने वाला और धार्मिक महत्व रखने वाला पेय मानते थे।

एज्टेक सभ्यता से संबंध

एज्टेक सभ्यता के लोग कोको के बीज को बहुत कीमती मानते थे। इनका इस्तेमाल खरीदारी के लिए मुद्रा के रूप में भी किया जाता था। कोको से बना कड़वा पेय खास तौर पर योद्धाओं, अमीर लोगों और शासकों के बीच लोकप्रिय था।

माया सभ्यता में कोको का महत्व

माया सभ्यता में कोको के बीजों को बेहद कीमती माना जाता था। आज से हजारों साल पहले मध्य अमेरिका में विकसित इस सभ्यता के लोगों के जीवन में कोको का विशेष स्थान था। वे न केवल इससे पेय पदार्थ बनाते थे, बल्कि धार्मिक अनुष्ठानों, शाही दावतों और सामाजिक समारोहों में भी इसका इस्तेमाल करते थे। माया सभ्यता की कला और पुराने लेखों में भी कोको से जुड़ी कई तस्वीरें और जानकारियां मिलती हैं।

धार्मिक अनुष्ठानों में महत्व

जब 16वीं शताब्दी में कोको यूरोप पहुंचा, तो इसमें मुख्य बदलाव किया गया। वहां के लोगों ने मिर्च की जगह चीनी मिलानी शुरू की। इससे इसका स्वाद मीठा हो गया और लोगों को इतना पसंद आया कि धीरे-धीरे चॉकलेट लोकप्रिय हो गई। आज भले ही चॉकलेट इतनी आसानी से मिल जाती है, लेकिन प्राचीन समय में यह महंगे और खास खाद्य पदार्थों में से एक थी।

यह भी पढ़ें
रेलवे और हवाई जहाज में क्यों चलता है 24 घंटे वाला समय, जाने इसके पीछे का वजह