भारत का लगभग हर एक हिस्सा अपने भीतर एक समृद्ध इतिहास और अनूठी सांस्कृतिक विरासत समेटे हुए है। यहां की लोककला, पहनावा, खानपान और रहन-सहन से लेकर पारंपरिक शिल्प, स्थापत्य कला और लोक मान्यताओं तक, हर चीज अपने समय की एक अनकही कहानी कहती है। देश के अलग-अलग क्षेत्रों की पहचान केवल उसकी भौगोलिक सीमाओं से नहीं, बल्कि सदियों से चली आ रही उन परंपराओं से भी बनती है, जिन्होंने पीढ़ी-दर-पीढ़ी भारतीय संस्कृति को समृद्ध किया है। इन परंपराओं में कुछ ऐसी कलाएं और शिल्प भी शामिल हैं, जो बदलते दौर के बावजूद अपनी विशिष्ट पहचान और खूबसूरती को आज भी संजोए हुए हैं। इन्हीं में से एक है मुगा सिल्क, जो असम की फिजाओं में इस कदर रची-बसी है कि यह वहां की सांस्कृतिक पहचान, राजसी परंपरा और स्थानीय बुनकर समुदायों की आजीविका का हिस्सा है।

‘मुगा सिल्क’ की कहानी कुछ ऐसी है कि ये रेशम के कीड़ों से शुरू होकर असम के शाही दरबारों, पारंपरिक विवाहों और वर्तमान समय में फैशन बाजार तक पहुंचती है। असम की धरती पर तैयार होने वाला यह रेशम बेहद खास इसलिए भी है, क्योंकि यह अपने प्राकृतिक सुनहरे रंग के लिए दुनिया भर में जाना जाता है। समय के साथ इसकी चमक और भी निखरती गई।

आइए विस्तार से जानते हैं इसके इतिहास और खासियत के बारे में:

मुगा सिल्क का इतिहास

वैसे तो असम के मुगा सिल्क का कोई निश्चित ऐतिहासिक साक्ष्य उपलब्ध नहीं है, लेकिन प्राचीन भारतीय ग्रंथों में सुनहरे रेशम का उल्लेख मिलता है। भारत सरकार के हथकरघा विभाग की एक पुस्तिका के अनुसार, चौथी और तीसरी शताब्दी ईसा पूर्व के बीच दार्शनिक, अर्थशास्त्री, शिक्षक और राज सलाहकार कौटिल्य के अर्थशास्त्र में भी असम के सुनहरे रेशम के उत्पादन का उल्लेख मिलता है। इससे पता चलता है कि इस क्षेत्र में रेशम उत्पादन की परंपरा काफी पुरानी है। ऐसा माना जाता है कि लगभग 3000 से 2000 ईसा पूर्व के बीच तिब्बती-बर्मी समुदायों के साथ रेशम उत्पादन की कला असम पहुंची थी।

किसने और कैसे दिलाई मुगा सिल्क को खास पहचान

माना जाता है कि मुगा सिल्क को असली पहचान असम में अहोम राजवंश के शासनकाल में मिली थी। 13वीं शताब्दी के आसपास अहोम शासकों ने इस रेशम के उत्पादन और बुनाई को संरक्षण दिया। उस समय इसे राजसी कपड़ा माना जाता था।

  • दूसरे क्षेत्रों और विदेशों के साथ व्यापारिक संबंध मजबूत करने के लिए मुगा रेशन उद्योग को बढ़ावा दिया।
  • सभी बड़े अधिकारियों के लिए मुगा रेशन से बने कपड़े पहनना अनिवार्य था।
  • दूसरे राज्यों से आने वाले खास मेहमानों को उपहार में मुगा रेशन दिया जाता था।
  • राजमहल के भीतर रेशम की बुनाई के लिए विशेष करघे लगाए गए थे, जिन्हें महिलाएं चलाती थीं।
  • मुगा रेशम के कई करघे सीधे राजघराने की देखरेख में चलते थे। इन्हें ‘राजाघरिया लूम’ के नाम से जाना जाता था।
  • इस तरह यह असम की सांस्कृतिक पहचान और राजसी वैभव का प्रतीक बन गया।

महिलाओं के लिए किसी सोने से कम नहीं मुगा मेखला चादर

असम में किसी महिला के लिए ‘मुगा मेखला चादर’ का होना गर्व की बात माना जाता है। इसे परिवार की एक अनमोल धरोहर के रूप में पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाया जाता है या फिर शादी के मौके पर दुल्हन को उपहार में दिया जाता है। मुगा रेशम से बनी मेखला चादर असम की महिलाओं की पारंपरिक पोशाक है। शादी में दुल्हन के लिए तैयार किए जाने वाले सामान में इसका महत्व सोने के गहनों जितना ही माना जाता है।

मुगा सिल्क की खासियत

मुगा सिल्क की सबसे बड़ी खासियत रेशम का प्राकृतिक चमक होती है, जो हल्का पीला और सुनहरा होता है। दूसरे कई रेशम की तरह इसे आकर्षक बनाने के लिए रंगने की जरूरत नहीं पड़ती।

कैसे तैयार होता है मुगा सिल्क

मुगा सिल्क कोई सामान्य रेशम नहीं है। इसे एक विशेष प्रजाति के रेशम के कीड़े के कोकून से तैयार किया जाता है। यह कीड़ा मुख्य रूप से असम में पाया जाता है। इसके पालन के लिए सोम और सोआलू नामक पेड़ों की पत्तियों का इस्तेमाल किया जाता है।

  • सबसे पहले सोम और सोआलू के पेड़ों पर रेशम के कीड़ों को पाला जाता है। ये इन पेड़ों की पत्तियां खाते हैं।
  • कुछ समय बाद रेशम के कीड़े अपने चारों ओर रेशमी खोल (कोकून) तैयार करते हैं।
  • कोकून को गर्म पानी और विशेष प्रक्रिया से तैयार करके उसके रेशमी धागों को निकाला जाता है।
  • इसके बाद धागों को पारंपरिक करघों पर बुनकर कपड़ा तैयार किया जाता है।

मुगा सिल्क की खासियत

  • मुगा सिल्क की सबसे बड़ी पहचान इसका प्राकृतिक सुनहरा रंग है। ये हल्के पीले से सुनहरे रंग के बीच होता है।
  • इसके रेशे मजबूत होते हैं।
  • इसकी देखभाल और धुलाई के साथ इसकी चमक और निखर सकती है।
  • इसका उत्पादन विशेष रेशम कीट और असम की जलवायु पर निर्भर करता है।

कैसी होती है डिजाइन

मुगा सिल्क से बने कपड़ों पर फूलों, पत्तियों, पेड़ों और बिहू से जुड़े पारंपरिक डिजाइन बनाए जाते हैं। इन डिजाइनों में असम की प्रकृति और लोकजीवन की झलक देखने को मिलती है।

मिल चुका है GI टैग

मुगा सिल्क की विशिष्टता और असम से उसके भौगोलिक संबंध को देखते हुए इसे साल 2007 में भौगोलिक संकेतक (GI) टैग दिया गया था।

मुगा सिल्क का इस्तेमाल

एक समय में भले ही मुगा सिल्क राजसी पोशाकों का हिस्सा रहा हो, लेकिन आज के समय में इसका इस्तेमाल व्यापक रूप से बढ़ चुका है।
पारंपरिक मेखेला चादर के अलावा अब मुगा सिल्क की साड़ियां भी तैयार की जाती हैं।
स्टोल, दुपट्टे और स्कार्फ जैसे उत्पादों में भी मुगा सिल्क का इस्तेमाल होता है।
कुछ डिजाइन इसे जैकेट, ब्लाउज और दूसरे आधुनिक परिधानों में भी शामिल कर रहे हैं।

लोकप्रियता

मुगा सिल्क की लोकप्रियता सिर्फ असम तक सीमित नहीं है। देश के दूसरे हिस्सों में भी इसे प्रीमियम पारंपरिक रेशम के रूप में जाना जाता है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी इसकी खास पहचान है। खासकर जापान में इसकी लोकप्रियता काफी है। वहां के फैशन डिजाइनर मोगा रेशम का इस्तेमाल किमोनो और जापान की दूसरी पारंपरिक पोशाकें बनाने में करते हैं।

कीमत

मुगा रेशम की कीमत की बात करें तो एक साधारण साड़ी का दाम 25,000 से लेकर 80,000 के बीच हो सकता है। वहीं, प्रीमियम डिजाइन मुगा साड़ी की कीमत 80,000 से 1,60,000 रुपये तक जा सकती है। मुगा रेशम से बनी एक मेखला चादर की कीमत करीब 35 हजार रुपये से लेकर 1.5 लाख रुपये तक हो सकती है।

यह भी पढ़े: हाथों की बेमिसाल कारीगरी का नमूना है ‘रोगन कला’, जानें सदियों पुरानी इस विरासत की खासियत

रोगन कला हिंदुस्तान की उन कलाओं में से एक है जिसमें स्थानीय इतिहास, लोककथाओं और कलाकारों की कल्पनाशक्ति की झलक दिखाई देती है। पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही यह विरासत आज भी भारतीय शिल्पकरों के हुनर और धैर्य की कहानी बयान करती है। गुजरात के कच्छ क्षेत्र से निकली यह कला आज विश्व भर में प्रसिद्ध है। खासकर… पूरी कहानी यहां पढ़ें