दक्षिण भारत के प्रसिद्ध व्यंजनों में से एक इडली भी है, जो न सिर्फ देश बल्कि दुनिया में भी बड़े चाव से खाई जाती है। इडली तो आप सभी ने खाई होगी, लेकिन क्या आपने कभी थट्टे इडली खाई है। यह कर्नाटक की लोकप्रिय डिशेस में से एक है और खासतौर पर बेंगलुरु, तुमकुर और मैसूर जैसे शहरों में नाश्ते के रूप में खाई जाती है। इसे घरों के अलावा छोटे स्थानीय होटल, टिफिन सेंटर और सड़क किनारे के खाने के ठेलों पर भी ताजा-ताजा बनाकर नारियल चटनी और सांभर के साथ परोसा जाता है। आइए जानते हैं इसका मतलब, बनाने की विधि और साधारण इडली से कितनी अलग है।

थट्टे कन्नड़ भाषा का शब्द है, जिसका अर्थ प्लेट या थाली होता है। दरअसल, यह साधारण इडली से आकार में बड़ी होती है लगभग प्लेट के बराबर होती है, जिसके कारण इसे थट्टे नाम से जाना जाता है। यह इडली अपने बेहद नरम, स्पंजी और हल्के टेक्सचर के लिए मशहूर है।

थट्टे इडली बनाने की सामग्री

2 कप इडली चावल
1 कप उड़द दाल (धुली)
आधा कप पोहा (चिवड़ा)
आधा चम्मच मेथी दाना
नमक स्वादानुसार
पानी (भिगोने और पीसने के लिए)
तेल या घी (ग्रीस करने के लिए)

थट्टे इडली बनाने की आसान विधि

स्टेप-1
सबसे पहले चावल, उड़द दाल और मेथी दाना को अलग-अलग 4-5 घंटे के लिए भिगो दें। वहीं पोहा को इडली बनाने से 20-30 मिनट पहले भिगो दें। सही तरीके से भिगोना बैटर की क्वालिटी और इडली की सॉफ्टनेस के लिए बहुत जरूरी होता है।

स्टेप-2
अब सबसे पहले उड़द दाल को मिक्सर या वेट ग्राइंडर में डालकर थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए स्मूद और फ्लफी पेस्ट तैयार कर लें। ध्यान रखें कि बैटर हल्का और झागदार बने, तभी इडली नरम बनेगी। इसके बाद चावल और पोहा को एक साथ डालकर थोड़ा दरदरा पीसें। अब दोनों बैटर को एक बड़े बर्तन में मिलाएं, स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स कर दें।

स्टेप-3
तैयार बैटर को ढककर 8-10 घंटे के लिए किसी गर्म जगह पर रख दें। सही फर्मेंटेशन के बाद बैटर हल्का फूल जाता है, उसमें छोटे-छोटे एयर बबल्स दिखते हैं और उसकी मात्रा भी थोड़ी बढ़ जाती है। इससे इडली सॉफ्ट और स्पंजी बनती है।

स्टेप-4
अब थट्टे इडली बनाने के लिए फ्लैट प्लेट या बड़ी इडली प्लेट को हल्का सा तेल या घी लगाकर ग्रीस करें ताकि इडली चिपके नहीं। इसमें बैटर डालें और स्टीमर या कुकर (बिना सीटी लगाए) में 10-12 मिनट तक मध्यम आंच पर स्टीम करें। पकने के बाद टूथपिक डालकर चेक करें। अब इसे थोड़ी देर ठंडा होने दें और फिर चम्मच से निकाल लें।

स्टेप-5
अब गरम-गरम थट्टे इडली को नारियल चटनी और सांभर के साथ परोस सकते हैं। इसे आप सुबह के नाश्ते से लेकर शाम के खाने तक कभी भी बना सकते हैं। यह पेट के लिए हल्का होता है और साथ ही हेल्दी भी होता है।

Also Read
शाम की चाय के लिए जल्दी बनने वाले स्नैक्स, बेहद आसान है रेसिपी