इन दिनों आम का सीजन चल रहा है। मैंगो शेक से लेकर आपने आम लस्सी तो कई बार बनाई होगी, लेकिन क्या मैंगो अप्पे केक बनाया है। मैंगो अप्पे केक एक आसान नो-ओवन समर डेजर्ट है, जिसमें आम की मिठास और केक जैसी सॉफ्ट टेक्सचर का मजेदार टेस्ट मिलता है। यह आम, सूजी और दही से बनने वाला एक आसान फ्यूजन डेजर्ट है।

यह अप्पे पैन में छोटे-छोटे केक की तरह तैयार किया जाता है। इसे ओवन की जरूरत नहीं होती और गर्मियों में पके आम का स्वाद लेने का बेहतरीन तरीका माना जाता है। बाहर से हल्का सुनहरा और अंदर से नरम व स्पंजी होने के कारण यह बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद आ सकता है। शेफ निशा मधुलिका ने इसे बनाने की रेसिपी शेयर की है।

इन चीजों की पड़गी जरूरत

सूजी – 1 कप
आम का गूदा – ½ कप
चीनी – 6 बड़े चम्मच
सूखा नारियल (कसा हुआ) – 4 बड़े चम्मच
दूध – ¾ कप
घी – 1 बड़ा चम्मच
इलायची पाउडर – ½ छोटा चम्मच
ईनो फ्रूट सॉल्ट – ½ छोटा चम्मच

मीठे आम के अप्पे इस तरह बनाएं

सबसे पहले आम लेकर उसे छील लें। फिर उसका गूदा निकालें और मिक्सर में पीस लें। अब आपको एक बाउल में एक कप सूजी लेनी है। फिर उसमें आधा कप आम का गूदा और 6 बड़े चम्मच चीनी डालकर अच्छी तरह मिला लेना है। चीनी आप अपने मुताबिक कम या ज्यादा कर सकते हैं। फिर इसमें ¾ कप दूध डालकर अच्छी तरह मिलाएं। जब तक कि यह मनचाही गाढ़ापन प्राप्त न कर ले। इसमें 4 बड़े चम्मच कसा हुआ सूखा नारियल और आधा छोटा चम्मच हरी इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब सूजी को 10 मिनट के लिए अलग रख दें ताकि वह फूल जाए।

जरूरत हो तो इसमें थोड़ा दूध मिलाकर इसकी गाढ़ापन ठीक कर लें। इसमें आधा चम्मच ईनो नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। फिर आपको अप्पे मेकर लेना है। उसे धीमी आंच पर गरम करें। सांचों में घी लगाएं। फिर सांचों में थोड़ा-थोड़ा घोल डालें। ढककर धीमी आंच पर 4 से 5 मिनट तक पकाएं। कुछ देर बाद अप्पे के चारों ओर थोड़ा सा घी फैला दें। ढककर दो से तीन मिनट तक दोबारा पकाएं। करीब तीन मिनट बाद, उन्हें पलट दें और चारों तरफ से भूरा होने तक पकाएं। आप चाहे तो इनो फ्रूट सॉल्ट की जगह आधा चम्मच बेकिंग पाउडर का इस्तेमाल कर सकते हैं। आपके मैंगे अप्पे तैयार हैं।

यह ओवन के बिना तैयार हो जाता है। इसलिए इसे कोई भी बना सकता है। इसमें आम का प्राकृतिक स्वाद मिलता है। चाय या शाम के स्नैक के साथ अच्छा लगता है। बच्चों के समर वेकेशन के कैंप में ले जाने के लिए टिफिन के लिए भी एक अलग विकल्प हो सकता है। इस बात का ध्यान रखें कि बहुत ज्यादा रसदार आम का पल्प हो तो सूजी की मात्रा थोड़ी बढ़ा सकते हैं। बैटर में बेकिंग पाउडर डालने के बाद ज्यादा देर न रखें।