मोमोज का नाम सुनते या पढ़ते ही कई लोगों को मुंह में पानी आ जाता है। बाजार में मोमोज की ऐसे बिक्री होती है जैसे मानों यह फ्री में बंट रहे हों। अगर आप मोमोज खाने के शौकीन हैं, तो इस बार स्टीम्ड मोमोज की जगह तवा रोस्टेड क्रिस्पी मोमोज ट्राई कर सकते हैं।
बाहर से सुनहरे और कुरकुरे, जबकि अंदर से सॉफ्ट और जूसी ये मोमोज स्वाद में अच्छे-अच्छे स्ट्रीट फूड को टक्कर देते हैं। खास बात यह है कि इन्हें बनाने के लिए डीप फ्राई करने की जरूरत नहीं पड़ती। कुछ आसान स्टेप्स की मदद से आप घर पर ही रेस्टोरेंट जैसे क्रिस्पी मोमोज तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
1 कप मैदा
1/4 छोटा चम्मच नमक
आवश्यकतानुसार पानी
स्टफिंग के लिए
1 कप बारीक कटी पत्ता गोभी
1/2 कप कद्दूकस की हुई गाजर
1/4 कप बारीक कटा प्याज (वैकल्पिक)
1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
1 छोटा चम्मच बारीक कटा लहसुन
1 छोटा चम्मच सोया सॉस
1/2 छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
1 बड़ा चम्मच तेल
नमक स्वादानुसार
रोस्ट करने के लिए
2 बड़े चम्मच तेल या मक्खन
1 छोटा चम्मच चिली फ्लेक्स
1/2 छोटा चम्मच काली मिर्च
1 छोटा चम्मच तिल (वैकल्पिक)
बनाने का तरीका जानें स्टेप-बाय-स्टेप
सबसे पहले मोमोज के लिए आटा तैयार करें
मोमोज बनाने के लिए सबसे पहले मैदा और नमक मिलाएं। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर सख्त आटा गूंथ लें। फिर 20 मिनट के लिए ढककर रख दें।
स्टफिंग की करें तैयारी
अब आपको मोमोज के लिए स्टफिंग की तैयारी करनी है। इसके लिए पैन में तेल गर्म करें। फिर उसमें अदरक और लहसुन डालकर कुछ सेकंड भूनें। इसके बाद पत्ता गोभी, गाजर और प्याज डालकर तेज आंच पर 2-3 मिनट चलाएं। अब आपको इसमें सोया सॉस, नमक और काली मिर्च डालनी है। इसके बाद मिश्रण को ठंडा होने दें।
अब करें मोमोज बनाने की तैयारी
आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर पतली पूड़ियां बेलें। फिर बीच में स्टफिंग रखें। इसके बाद किनारों को मोड़ते हुए मोमोज का आकार दें।
अब करें स्टीम
मोमोज को स्टीमर में 10-12 मिनट तक पकाएं। फिर स्टीम होने के बाद थोड़ा ठंडा होने दें।
फिर करें तवा रोस्ट
नॉन-स्टिक तवा गर्म करें। इसके बाद तेल या मक्खन डालें। फिर मोमोज को तवे पर रखें और धीमी-मध्यम आंच पर सेंकें।
रोस्ट करते समय डालें ये चीजें
तैयार मोमोज के ऊपर से चिली फ्लेक्स, काली मिर्च और तिल छिड़क दें। सभी तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक रोस्ट करें।
इस तरह करें सर्व
गर्मागर्म तवा रोस्टेड मोमोज को लाल मिर्च की चटनी, शेजवान सॉस या मेयो डिप के साथ परोसें। ज्यादा क्रिस्पी मोमोज के लिए रोस्ट करते समय 1 छोटा चम्मच मक्खन डालें। पनीर, कॉर्न या चिकन की स्टफिंग के साथ भी यही तरीका अपनाया जा सकता है। बची हुई स्टीम्ड मोमोज को अगले दिन तवा रोस्ट करके नया स्वाद दिया जा सकता है।
