कई बार बच्चे एक ही तरह का खाना या रोटी खाकर ऊब जाते हैं। ऐसे में मां उनके लिए ऐसे फूड्स की तलाश करती हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ ही हेल्दी भी हों। ऐसे में सूजी पनीर रोल एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। सूजी से बना यह रोल बाहर से हल्का क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट होता है। वहीं, पनीर की स्टफिंग इसे पौष्टिक और टेस्टी बनाती है। इसे नाश्ते, टिफिन या शाम की चाय के साथ भी सर्व किया जा सकता है। यहां पर इसकी बनाने की आसान रेसिपी साझा की गई है।

सूजी पनीर रोल बनाने की सामग्री (Suji Paneer Roll Recipe)

  • 1 कप सूजी
  • आधा कप दही
  • जरूरत के अनुसार पानी
  • 1 कप कद्दूकस किया हुआ पनीर
  • 1 छोटा प्याज (बारीक कटा हुआ)
  • 1 छोटी शिमला मिर्च (बारीक कटी हुई)
  • 1 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
  • हरा धनिया (बारीक कटा)
  • आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • आधा चम्मच चाट मसाला
  • नमक स्वादानुसार
  • 1-2 चम्मच तेल या घी

सूजी पनीर रोल बनाने की आसान विधि (Tasty and Quick Suji Paneer Roll Recipe)

स्टेप-1: बैटर तैयार करें
सबसे पहले एक बाउल में सूजी, दही और थोड़ा सा पानी डालकर गाढ़ा और स्मूद बैटर तैयार करें। इसे ढककर 10 मिनट के लिए रख दें, ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए। अगर बैटर ज्यादा गाढ़ा हो जाए तो इसमें थोड़ा पानी मिलाकर सही कर लें।

स्टेप-2: पनीर स्टफिंग बनाएं
अब एक बाउल में पनीर, प्याज, शिमला मिर्च, हरी मिर्च डालकर उसमें नमक, लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला और हरा धनिया मिलाकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें।

स्टेप-3: रोल की परत बनाएं
मध्यम आंच पर नॉन-स्टिक तवा गर्म करें और उस पर हल्का तेल या घी लगा लें। अब तैयार सूजी बैटर को तवे पर पतला फैला दें, ठीक डोसा की तरह। इसे धीमी से मध्यम आंच पर पकाएं। जब नीचे की तरफ हल्का सुनहरा हो जाए, तो पलटकर दूसरी तरफ भी हल्का सेंक लें।

स्टेप-4: रोल तैयार करें
अब इसके बीच में 2-3 चम्मच पनीर स्टफिंग रखें और हल्का फैला दें। धीरे-धीरे इसे रोल कर लें और हल्का दबाएं। रोल को तवे पर 1 मिनट तक और सेक लें, ताकि यह अच्छी तरह सेट हो जाए और बाहर से हल्का क्रिस्पी बन जाए। अब इसे एक प्लेट में निकालकर हरी चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं।

Also Read
सुबह के वक्त 15 मिनट में बनने वाला हेल्दी नाश्ता, ट्राई करें सूजी कॉर्न अप्पे