कई बार बच्चे कुछ चटपटा खाने की जिद करते हैं, तो उनके लिए घर पर आलू कुलचा बनाया जा सकता है। इसे परांठे की तरह ही बनाया जाता है, लेकिन इसके लिए विधि और सामग्री थोड़ी अलग होती है। इसके लिए आटे की जगह मैदे का प्रयोग किया जाता है और इसे नरम बनाने के लिए दही और बेकिंग सोडा का इस्तेमाल किया जाता है।
आलू कुलचा बनाने की सामग्री
मैदा: 400 ग्राम
दही: चार चम्मच
आलू: 300 ग्राम
बेकिंग सोडा: छोटा आधा चम्मच
जीरा: एक चम्मच
हरी मिर्च: दो
अदरक: एक इंच
अमचूर पाउडर: आधा चम्मच
धनिया पाउडर: एक चम्म्च
गरम मसाला: एक चम्मच
हरा धनिया: तीन चम्मच
नमक
आलू कुलचा बनाने की विधि
- एक थाली में मैदा लें और उसमें थोड़ा सा दही, बेकिंग सोडा, नमक और तेल डालकर हाथ से अच्छी तरह मिलाएं। फिर उसमें जरूरत के अनुसार गुनगुना पानी डालकर ठीक से गूंथ लें। गुंथे हुए आटे को हाथ से चारों ओर तेल लगाएं और साफ कपड़े से ढककर दो-तीन घंटे के लिए छोड़ दें।
- इस बीच आलू को उबाल लें और थोड़ा ठंडा होने पर उसका छिलका उतारकर उसे हाथ से अच्छी तरह मसल लें। फिर इसमें नमक, हरी मिर्च-अदरक का पेस्ट, धनिया पाउडर, अमचूर पाउडर, गरम मसाला और बारीक कटा हुआ हरा धनिया मिला दें।
- अब गूंथे हुए आटे की कप के आकार में लोइयां बनाकर उनके भीतर आलू का मिश्रण भरे दें। फिर इन पर सूखा मैदा लगाकर इन्हें बेलन की मदद से धीरे-धीरे गोलाकार चपटा कर लें। इस दौरान ऊपर से अजवाइन भी फैला दें। ध्यान रहे कि चपटा करते समय आलू का मिश्रण बाहर न निकले।
- अब गरम तवे पर हल्का सा तेल लगाकर इन्हें एक-एक करके दोनों तरफ से सेंक लें। इस दौरान दोनों तरफ चम्मच की मदद से उन पर देसी घी लगा दें। सारे कुलचे इसी तरह बनाएं और इन्हें गरमा-गरमा, दही, चटनी या अचार के साथ परोसें।
