कभी चेहरा एकदम फ्रेश और ग्लोइंग नजर आता है तो कभी अचानक पिंपल, रूखापन या डलनेस परेशान करने लगती है। ऐसे में इसे देखकर लोग परेशान हो जाते हैं, खासतौर पर लड़कियां। ऊपर से सोशल मीडिया पर हर किसी की बेदाग और फिल्टर वाली तस्वीरें देखकर अपने चेहरे की छोटी-छोटी कमियां भी बड़ी लगने लगती हैं। ऐसे ही ‘बैड स्किन डे’ को लेकर एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया ने अपनी बात साझा की है।

उन्होंने सोशल मीडिया स्टोरी में बिना फिल्टर अपनी तस्वीर शेयर करते हुए बताया कि हर दिन त्वचा एक जैसी नहीं दिखती है। उस समय भी खुद को प्यार करना जरूरी है। उनका मानना है कि किसी दिन अगर स्किन अच्छी नहीं भी दिख रही है तो इससे आपकी खूबसूरती कम नहीं हो जाएगी और न ही इसका असर आपकी पहचान पर पड़ेगा। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं इसके बारे में।

हर दिन स्किन एक जैसी नहीं दिख सकती

इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. शरीफा चॉस ने बताया कि स्किन का रोजाना थोड़ा अलग नजर आना नॉर्मल है। इसका मतलब यह नहीं है कि आपकी स्किन खराब हो गई है या आपने उसकी देखभाल में कोई गलती की है।

तनाव, नींद पूरी न होना, मौसम में बदलाव, खान-पान, हार्मोनल बदलाव और रोजमर्रा की दिनचर्या में छोटे बदलाव भी स्किन पर असर डाल सकते हैं। इसलिए किसी एक दिन चेहरे पर पिंपल, रूखापन, लालिमा या डलनेस नजर आने पर परेशान होने की जरूरत नहीं है।

बैड स्किन डे पर क्या करें?

हर समय चेहरे की कमियां न तलाशें

बार-बार आईने में चेहरा देखने से कई बार छोटी सी समस्या भी बहुत बड़ी लगने लगती है। अगर उस दिन स्किन थोड़ी अलग दिख रही है तो उसे बार-बार जाकर चैक न करें। उसकी बजाए अपने काम पर ध्यान देम।

स्किनकेयर रूटीन को अचानक न बदलें

चेहरे पर पिंपल या डलनेस दिखी तो तुरंत कई नए प्रोडक्ट इस्तेमाल करना शुरू न करें। एक साथ बहुत सारे प्रोडक्ट या ट्रीटमेंट आजमाने से त्वचा में जलन या दूसरी परेशानी बढ़ सकती है।

अपनी त्वचा के हिसाब से एक आसान रूटीन रखें, जिसमें हल्के तरीके से चेहरा साफ करना, मॉइस्चराइजर लगाना और दिन में सनस्क्रीन का इस्तेमाल शामिल हो।

सोशल मीडिया की तस्वीरों से तुलना न करें

सोशल मीडिया पर दिखने वाली हर त्वचा असल जिंदगी जैसी नहीं होती। फिल्टर, मेकअप और फोटो एडिटिंग की वजह से चेहरा काफी अलग नजर आ सकता है। इसलिए अपनी त्वचा की तुलना ऐसी तस्वीरों से करना सही नहीं है। त्वचा पर पोर्स, हल्के दाग, टेक्सचर या कभी-कभार होने वाले पिंपल सामान्य चीजें हैं। हर समय बेदाग त्वचा होना जरूरी नहीं है।

समस्या लगातार बनी रहे तो डॉक्टर से मिलें

किसी एक दिन त्वचा खराब दिखना सामान्य हो सकता है, लेकिन अगर कोई समस्या लगातार बनी हुई है, दर्द कर रही है, बढ़ रही है तो खुद से तरह-तरह के इलाज करने के बजाय डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेना बेहतर है।

सिर्फ त्वचा नहीं, अपनी सोच का भी रखें ख्याल

डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. रिंकी कपूर के मुताबिक, त्वचा से जुड़ी कुछ परेशानियों का संबंध तनाव और लाइफस्टाइल से भी हो सकता है। कुछ मामलों में व्यक्ति अपनी त्वचा को लेकर इतना चिंतित हो जाता है कि सामान्य त्वचा भी उसे असामान्य नजर आने लगती है। ऐसे मामलों में सिर्फ त्वचा का इलाज काफी नहीं होता और मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ की मदद की जरूरत भी पड़ सकती है।

इसलिए अपनी त्वचा की देखभाल करना जरूरी है, लेकिन हर छोटे बदलाव को लेकर परेशान होना नहीं। ‘परफेक्ट स्किन’ के पीछे भागने के बजाय स्वस्थ और आरामदायक त्वचा पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी है।

याद रखें: बैड स्किन डे का मतलब यह नहीं कि आप अच्छे नहीं दिख रहे। त्वचा बदलती रहती है और यह सामान्य है। अपनी त्वचा का ख्याल रखें, लेकिन किसी एक दिन के लुक को अपनी खूबसूरती या आत्मविश्वास का पैमाना न बनने दें।

डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और विशेषज्ञों की सलाह पर आधारित है। त्वचा से जुड़ी किसी समस्या के लिए अपने डॉक्टर या त्वचा विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।