गर्मी के मौसम में बढ़ते तापमान का असर हमारी त्वचा पर भी पड़ता है। प्रदूषण, सूरज की हानिकारक यूवी किरणें और अधिक पसीना त्वचा की प्राकृतिक चमक को कम कर देते हैं। ऐसे में अधिकतर लोग बाजार के महंगे प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन कई बार इसमें केमिकल मिलाया जाता है, जिसके चलते ये फायदा पहुंचाने के बजाए नुकसान पहुंच देते हैं। हालांकि, कुछ घरेलू तरीके हैं जिनकी मदद से आप अपनी त्वचा का प्राकृतिक रूप से ख्याल रख सकते हैं। हल्दी भी इसमें से एक है।

पुराने समय से ही हल्दी का इस्तेमाल त्वचा की देखभाल और सौंदर्य को निखारने के लिए किया जाता आ रहा है। हल्दी में एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-बैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं जो त्वचा को गहराई से साफ करने और पोषण देने में मदद करते हैं। इस गर्मी आप अपनी त्वचा का खास ख्याल रखने के लिए हल्दी आइस क्यूब्स का इस्तेमाल कर सकते हैं।

फायदे

हल्दी के आइस क्यूब त्वचा को ठंडक पहुंचाने, पोर्स को टाइट करने और सूजन कम करने में मदद कर सकते हैं। इसके साथ ही ये त्वचा की गहराई तक पहुंचकर जलन को शांत करने और त्वचा की खोई हुई चमक को वापस लाने में भी मदद कर सकती है।

हल्दी में करक्यूमिन नामक एक शक्तिशाली तत्व पाया जाता है, जिसमें सूजन को कम करने और एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं। यह त्वचा की लालिमा, सूजन और मुंहासों की समस्या को भी कम करने में मदद कर सकती है। इसके साथ ही हल्दी और बर्फ का मिश्रण त्वचा को ठंडक पहुंचाने, सनबर्न से राहत देने और ऑयली त्वचा से छुटकारा दिलाने में भी मदद कर सकता है।

सामग्री

1 बड़ा चम्मच हल्दी
आधा कप गुलाब जल
1 बड़ा चम्मच कच्चा दूध या शहद (वैकल्पिक)
1 बड़ा चम्मच एलोवेरा जेल (वैकल्पिक)
आइस क्यूब ट्रे

हल्दी आइस क्यूब्स बनाने का तरीका

एक बाउल में हल्दी पाउडर और गुलाब जल (या एलोवेरा जूस) मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। अतिरिक्त नमी और पोषण के लिए इसमें शहद, कच्चा दूध या एलोवेरा जेल मिला सकते हैं। तैयार मिश्रण को आइस ट्रे में डालकर 6-8 घंटे या पूरी रात के लिए फ्रीजर में रख दें। जमने के बाद आइस क्यूब्स को एयरटाइट कंटेनर में रखकर एक सप्ताह तक इस्तेमाल किया जा सकता है।

इस्तेमाल करने का तरीका

हल्दी आइस क्यूब को सीधे चेहरे पर लगाने के बजाए, पतले मलमल के कपड़े या मुलायम सूती कपड़े में लपेट लें। अब चेहरे को साफ पानी से धो लें। इसके बाद 1-2 मिनट तक हल्के हाथों से गोलाकार गति में मसाज करें।

आंखों के नीचे की सूजन, मुंहासों वाली जगहों और ज्यादा तेल वाली त्वचा पर अच्छे से मसाज करें। इसके बाद हल्दी की परत को 5 मिनट तक चेहरे पर रहने दें, फिर ठंडे पानी से धो लें। इसके बाद अपना मॉइस्चराइजर लगा लें।

कैसे करता है काम

हल्दी आइस क्यूब्स त्वचा की थकान और बेजानपन को कम करने में मदद कर सकते हैं।
इसके सूजनरोधी और जीवाणुरोधी गुण मुंहासे पैदा करने वाले बैक्टीरिया से लड़ते हैं।
बर्फ पोर्स को टाइट कर चेहरे पर अतिरिक्त तेल बनने से रोकने में मदद कर सकता है।
आंखों के नीचे और चेहरे की सूजन को कम करने में मदद करते हैं।
रक्त संचार बेहतर होने और त्वचा को निखारने में मदद मिलती है।
त्वचा की जलन को शांत करने में मदद करते हैं।
त्वचा को अतिरिक्त तेल को कम करने में मदद कर सकता है।

रूखे और बेजान बालों से हैं परेशान, घर पर बनाएं देसी हेयर मास्क

गर्मी के मौसम में बालों के रूखेपन और बेजन की समस्या अधिक रहती है। ऐसे में इससे छुटकारा पाने के लिए आप घर पर ही प्राकृतिक तरीके से हेयर मास्क बना सकते हैं। यहां क्लिक कर जानें हेयर मास्क बनाने का तरीका