आप चाहते हैं कि घर में लगा पुराना स्विच बोर्ड स्टाइलिश लगे और दीवार के लुक में चार-चांद लग जाएं तो यह आर्टिकल आपके काम का है। महंगे स्विच बोर्ड को लगवाए बिना भी आप घर के साधारण स्विच बोर्ड को पेटिंग के जरिए नया लुक दे सकते हैं। उसके लिए बस आपको आसान DIY आइडियाज अपनाने की जरूरत है।
घर की दीवारों को सजाने के लिए लोग पेंटिंग, वॉलपेपर और महंगे डेकोरेटिव आइटम्स पर खर्च करते हैं, लेकिन अक्सर स्विच बोर्ड पूरे लुक को फीका कर देते हैं। खासकर पुराने या साधारण स्विच बोर्ड दीवार की खूबसूरती कम कर सकते हैं। अच्छी बात यह है कि थोड़ी-सी क्रिएटिविटी की मदद से इन्हें भी घर की सजावट का हिस्सा बनाया जा सकता है।
स्विच बोर्ड सजाने के तरीके
ट्री और बर्ड्स थीम
स्विच बोर्ड के आसपास पेड़ की शाखाएं और रंग-बिरंगे पक्षी बना सकते हैं। इसे आप लिविंग रूम, बच्चों के कमरे या स्टडी एरिया में ट्राई कर सकते हैं। यह डिजाइन स्विच बोर्ड को पेड़ के तने का हिस्सा जैसा दिखाता है।
फूलों का फ्रेम बनाएं
स्विच बोर्ड के चारों ओर आप सूरजमुखी, गुलाब या बेल-पत्तियों का बॉर्डर बना सकते हैं। इससे भी पुराने स्विच बोर्ड का लुक बदल जाएगा। ऐसा करने से स्विच बोर्ड एक फ्रेम की तरह दिखता है।
हैंगिंग पॉट्स डिजाइन
स्विच बोर्ड के आसपास आप छोटे गमले बना सकते हैं, जो देखने में ऐसे लगें कि वो बोर्ड से ही लटक रहे हैं। यह डिजाइन बालकनी, डाइनिंग एरिया और किचन के लिए परफेक्ट रहेगी। इससे दीवार पर मिनी गार्डन जैसा लुक मिलता है।
स्ट्रीट लाइट और गार्डन थीम
स्विच बोर्ड के आसपास आप स्ट्रीट लाइट, पक्षी, छोटे पेड़ और बेंच का डिजाइन बना सकते हैं। यह डिजाइन खासतौर पर बेडरूम और लिविंग रूम में अच्छा लगता है।
वॉल स्टिकर का करें इस्तेमाल
अगर पेंटिंग नहीं कर सकते तो रेडीमेड वॉल स्टिकर लगाएं। इसके लिए आप तितलियां, फूल, बेल-पत्तियां और ज्योमेट्रिक पैटर्न बना सकते हैं। इन्हें हटाना भी आसान होता है।
फोटो फ्रेम इफेक्ट
स्विच बोर्ड के चारों ओर लकड़ी या MDF की पतली फ्रेमिंग करवा सकते हैं। यह आइडिया आपके स्विच बोर्ड को महंगा और प्रीमियम दिखता है। ऑफिस या ड्रॉइंग रूम में अच्छा लगता है।
