चाय के साथ अधिकतर लोग कुछ हेल्दी और टेस्टी ट्राई करते हैं। ऐसे में आप शकरकंद-मेथी टिक्की को घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं। दरअसल, द फ्लेवर किंग (theflavrqueen) नाम के एक इंस्टाग्राम पेज पर इसकी रेसिपी शेयर की गई है।

आप भी इस रेसिपी को कम समय में आसानी से बना सकते हैं। यह रेसिपी स्वाद और सेहत का शानदार मेल है, जिसे आप कम तेल में भी तैयार कर सकते हैं। शकरकंद की मिठास और मेथी की हल्की खुशबू से बनी यह टिक्की कुरकुरी और स्वादिष्ट है ही, साथ ही यह पोषक तत्वों से भी भरपूर है।

शकरकंद-मेथी भाजी बनाने की सामग्री

2 मध्यम आकार की उबली हुई शकरकंद
1 छोटा बाउल बारीक कटी मेथी भाजी
2–3 चम्मच कॉर्न फ्लोर या चावल का आटा
आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
आधा चम्मच हल्दी
स्वादानुसार नमक
आधा चम्मच जीरा पाउडर
आधा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
पानी
तेल

Award Banner

शकरकंद-मेथी भाजी बनाने की विधि

स्टेप-1

शकरकंद-मेथी भाजी बनाने के लिए सबसे पहले शकरकंद को छीलकर छोटे चौकोर टुकड़ों में काट लें। अब इन्हें गरम पानी में उबालें। हालांकि, इस बात का ध्यान रखें कि ये पूरी तरह न गलें। हल्की सॉफ्ट होने पर इन्हें पानी से निकालकर किसी बाउल में रख दें।

स्टेप-2

अब इसमें बारीक कटी हुई ताजी मेथी भाजी डालें। इसके बाद कॉर्न फ्लोर या चावल का आटा मिलाएं। फिर लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, नमक, जीरा पाउडर और अदरक-लहसुन पेस्ट डालें। अब आप इन सभी सामग्रियों को हल्के हाथ से मिलाएं। जरूरत पड़ने पर आप इसमें पानी डाल सकते हैं। मिश्रण मिलाते समय इस बात का ध्यान रखें कि यह मैश न हो।

स्टेप-3

इसके बाद आप इस मिश्रण से गोल और चपटी टिक्कियां बनाएं। तवे पर थोड़ा तेल गर्म करें और मध्यम आंच पर टिक्कियों को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेक लें। इस तरह आप झटपट शकरकंद-मेथी टिक्की तैयार कर सकते हैं।