Nimbu ka khatta meetha achar dalne ki recipe:  इन दिनों बाजार में बहुत अच्छे नींबू मिल रहे हैं। ऐसे में अगर आप नींबू का अचार खाने के शौकीन हैं तो यह समय परफेक्ट है अचार डालने के लिए। नींबू का स्वाद काफी खट्टा होता है, लेकिन कुछ लोगों को खट्टा-मीठा नींबू का अचार खाना पसंद होता है। ऐसे में यहां हम आपको दादी-नानी के तरीके से नींबू का अचार डालने का तरीका बताने जा रहे हैं। इस पारंपरिक तरीके से न केवल आपका नींबू का अचार सालों-साल खराब होने से बचेगा बल्कि इसका स्वाद भी कई गुना बढ़ जाएगा। इस तरह से अचार बनाने पर इसकी शेल्फ लाइफ लंबी होगी।

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

1 किलो नींबू
700-750 ग्राम चीनी
1 चम्मच सादा नमक
2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
2 चम्मच जीरा
1 चम्मच काला नमक
1 चम्मच क
1 चम्मच सोंठ पाउडर
1 चम्मच काली मिर्च पाउडर

नींबू का अचार डालने का तरीका

नींबू को अच्छी तरह से धोकर कपड़े से पोंछ लीजिए। इसके बाद नींबू को 4 से 8 भाग में काट लीजिए। आप चाहें तो नींबू में बीच से 4 कट लगाकर भी छोड़ सकते हैं। छोटे आकार के नींबू के चार भाग और बड़े आकार के नींबू के आठ भाग कर सकते हैं। कटे हुए नींबू से सारा रस एक बर्तन में अच्छी तरह से निचोड़ लीजिए।

रस को छान कर एक बर्तन में अलग रख लीजिए। आप चाहें को नींबू को सीधे भी इस्तेमाल कर सकते हैं। निचोड़ कर रखे हुए नींबू के टुकड़े में सादा नमक,काला नमक,लाल मिर्च पाउडर, सौंठ पाउडर, जीरा,सभी मसालों को डालकर हाथों से अच्छी तरह दबा -दबा कर मिक्स कीजिए। इसके बाद कांच के जार को गर्म पानी से अच्छी तरह से धोकर कपड़े से पोंछ कर सुखा लीजिए। अब इस जार में मसाला मिला हुआ नींबू,हाथों से दबा- दबा कर भर दीजिए।

इसके ऊपर नींबू का रस जो हमने छान कर रखा है, डाल दीजिए। एक साफ मलमल के कपड़े से जार के मुंह को ढक कर डोरी से बांध दीजिए। इसे धूप में रख दें। 2 दिन बाद कपड़ा हटा दीजिए। ढक्कन लगाकर रखिए । जार को आप रोज 5-6 दिन तक धूप में रखें और समय-समय पर हिलाते रहिए। ध्यान रहे अगर आप इसमें हिलाने के लिए स्टील का चम्मच काम में ले रहे है तो वह बिल्कुल साफ हो।

कुछ समय बाद हाथ से नींबू को दबाकर टेस्ट करें,अगर उसका छिलका गल गया है, तो आप इसमें ऊपर से चीनी डाल दीजिए और दो-तीन दिन ढककर धूप में रखिए। समय-समय पर जार को हिलाते रहें जिससे कि सारे मसाले और चीनी एकसार हो जाए। आप चाहे तो चीनी को पकाकर भी डाल सकते हैं। ऐसा करने से आपका नींबू का खट्टा-मीठा अचार तैयार हो जाएगा।