आंवला को सर्दियों का सुपरफूड कहा जाता है। इसमें विटामिन C, एंटीऑक्सीडेंट सहित कई तरह के जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो इम्यूनिटी बढ़ाने के साथ-साथ सर्दी-खांसी से बचाने में भी काफी मददगार होते हैं। इसके सेवन से त्वचा और बाल भी स्वस्थ रहते हैं।

वैसे तो लोग आंवले का सीधे तौर पर सेवन नहीं करते हैं। हालांकि, आप इससे घर पर ही आसानी से आंवला कैंडी बना सकते हैं। इसका स्वाद मीठा-खट्टा होता है, जो बच्चों को भी काफी पसंद आता है। इसके सेवन से इम्यूनिटी भी बूस्ट होती है।

आंवला कैंडी बनाने की सामग्री

आंवला-500 ग्राम
चीनी-250 ग्राम
आधा छोटा चम्मच नमक
पानी

आंवला कैंडी कैसे बनाएं?

  • आंवला कैंडी बनाने के लिए सबसे पहले आंवलों को अच्छी तरह धो लें और उनके बीज निकाल दें। इसके बाद आंवलों को पानी में उबालें, जिससे वे नरम हो जाएं।
  • अब उबले हुए आंवलों में चीनी और थोड़ा-सा नमक मिलाकर धीमी आंच पर पकाएं। कुछ समय बाद मिश्रण गाढ़ा होने लगेगा। जब यह अच्छी तरह पक जाए, तो इसे किसी प्लेट या ट्रे में फैलाकर ठंडा होने दें।
  • ठंडा होने के बाद इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। इस तरह आप घर पर ही आसानी से आंवला कैंडी तैयार कर सकते हैं। अंत में आंवला कैंडी को एयरटाइट कंटेनर में स्टोर कर लें।

आंवला कैंडी खाने के फायदे

आंवला कैंडी खाने से इम्यूनिटी मजबूत होती है और शरीर रोगों से लड़ने में सक्षम बनता है। इसके नियमित सेवन से पाचन तंत्र बेहतर रहता है और मेटाबॉलिज्म भी सुधरता है, जिससे वजन कंट्रोल में रहता है। साथ ही यह आंखों की रोशनी बढ़ाने, थकान व कमजोरी दूर करने के साथ-साथ त्वचा में निखार और बालों को मजबूती देने में मददगार होती है।