सूरज की हानिकारक UV किरणों से बचने के लिए बहुत सारे लोग सनस्क्रीन लगाते हैं। अक्सर लोग सनस्क्रीन सिर्फ चेहरे पर लगाकर खुद को धूप से सुरक्षित मान लेते हैं, जबकि यूवी किरणें शरीर के हर खुले हिस्से को नुकसान पहुंचा सकती हैं। UVA त्वचा को समय से पहले बूढ़ा बनाती है, जबकि UVB त्वचा को जलाकर सनबर्न और टैनिंग का कारण बनती है। लंबे समय तक धूप के संपर्क में रहने से सनबर्न, समय से पहले झुर्रियां, पिग्मेंटेशन और त्वचा कैंसर का खतरा बढ़ सकता है।
इसलिए एक्सपर्ट्स शरीर के सभी खुले हिस्सों पर सनस्क्रीन लगाने की सलाह देते हैं। अगर आप इन खतरों से बचना चाहते हैं तो सबसे पहले ऐसी सनस्क्रीन चुनें जो UVA और UVB दोनों से सुरक्षा दे। फिर आपको ध्यान देना है कि चेहरे के अलावा भी शरीर के कुछ हिस्सों को नजरअंदाज नहीं करना है। धूप में निकलने से पहले आपको इन जगहों पर भी सनस्क्रीन अप्लाई करनी है। जर्नल ऑफ द अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मेटोलॉजी में प्रकाशित अध्ययन के मुताबिक धूप में निकलने से 15 से 30 मिनट पहले और बाद में खुली त्वचा पर सनस्क्रीन लगाना चाहिए।
शरीर के किन हिस्सों पर सनस्क्रीन जरूर लगानी चाहिए?
- गर्दन: यह हिस्सा अक्सर धूप के सीधे संपर्क में रहता है, लेकिन लोग इस पर ध्यान नहीं देते हैं। यहां सनस्क्रीन लगाना भूल जाते हैं। इससे टैनिंग, झुर्रियां और त्वचा का रंग असमान हो सकता है।
- कान: कान की त्वचा पतली होती है और यह आसानी से सनबर्न का शिकार हो सकती है। बाहर निकलने से पहले कानों के आगे और पीछे दोनों तरफ सनस्क्रीन लगाएं।
- हाथ और बाजू: आपको हाथों और बाजू पर भी सनस्क्रीन अप्लाई करनी चाहिए। खासकर ड्राइविंग या बाहर काम करने के दौरान।
- पैरों का ऊपरी हिस्सा: सैंडल या चप्पल पहनने वालों के लिए पैरों का ऊपरी हिस्सा धूप के संपर्क में रहता है। यहां सनबर्न और टैनिंग का खतरा अधिक होता है।
- होंठ: आपको जानकार अजीब लगेगा लेकिन होंठों को भी UV किरणों से सुरक्षा की जरूरत होती है। SPF युक्त लिप बाम का इस्तेमाल करें।
- सिर और हेयरलाइन: जिन लोगों के बाल पतले हैं या सिर का हिस्सा खुला रहता है, उन्हें स्कैल्प पर भी सुरक्षा की जरूरत होती है। इसके लिए SPF स्प्रे या टोपी का यूज करें।
- छाती और कंधे: अगर आपने हाफ स्लीव या डीप नेक कपड़े पहनने हैं तो यह हिस्से सीधे धूप के संपर्क में आते हैं और जल्दी टैन हो सकते हैं। यहां भी इसे अप्लाई करें।
शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर कितनी सनस्क्रीन लगानी चाहिए?
चेहरे और गर्दन के लिए
इन दोनों जगहों पर लगभग दो उंगलियों (Two-Finger Rule) जितनी सनस्क्रीन पर्याप्त मानी जाती है।
पूरे शरीर के लिए
इसके लिए करीब 30 से 35 मिलीलीटर (लगभग 6 से 8 चम्मच) सनस्क्रीन पूरे शरीर को कवर करने के लिए पर्याप्त मानी जाती है।
सनस्क्रीन कब और कैसे लगाएं?
घर से बाहर निकलने से 15-30 मिनट पहले सनस्क्रीन लगाएं।
कम से कम SPF 30 और ब्रॉड-स्पेक्ट्रम (UVA + UVB) सनस्क्रीन चुनें।
यदि आप बाहर हैं, पसीना आ रहा है या तैराकी कर रहे हैं तो हर 2 घंटे बाद दोबारा लगाएं।
बादल वाले दिनों में भी सनस्क्रीन लगाना जरूरी है, क्योंकि UV किरणें बादलों को पार कर सकती हैं।
कौन-सी सनस्क्रीन चुनें?
- ऑयली स्किन: जेल या मैट फिनिश सनस्क्रीन
- ड्राई स्किन: मॉइस्चराइजिंग सनस्क्रीन
- संवेदनशील त्वचा: मिनरल (जिंक ऑक्साइड/टाइटेनियम डाइऑक्साइड) सनस्क्रीन
- बाहर अधिक समय बिताने वालों के लिए: SPF 50 और वॉटर-रेसिस्टेंट सनस्क्रीन
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। त्वचा संबंधी किसी विशेष समस्या, एलर्जी या चिकित्सकीय स्थिति होने पर सनस्क्रीन का चयन करने से पहले त्वचा विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें।
