छुट्टियों का दिन हर किसी के लिए खास होता है। खासकर दिल्ली जैसे शहर में, जहां लोग हर रोज भागदौड़, ट्रैफिक और शोर-शराबे से जूझते रहते हैं। ऐसे में छुट्टी के दिन सुकून के कुछ पल मिलना किसी के लिए राहत से कम नहीं लगता है।
ऐसे में अगर आप भी दिल्ली में रहते हैं और छुट्टियों के दौरान ऐसी जगहों पर जाना चाहते हैं, जहां शांति और हरियाली हो, और खासकर आप अपने बच्चों के साथ इतिहास के बारे में भी जान सकें, तो हम आपके लिए 5 ऐसी जगहों के बारे में बताएंगे, जहां आप अपने परिवार के साथ जा सकते हैं।
लोधी गार्डन
छुट्टियों के दिन आप लोधी गार्डन जा सकते हैं। यह गार्डन दिल्ली के सबसे शांत और लोकप्रिय पार्कों में से एक है। यहां हरियाली के बीच 15वीं शताब्दी के ऐतिहासिक मकबरे मौजूद हैं, जो इसे खास बनाते हैं। आप यहां सुबह योग कर सकते हैं या फिर टहल सकते हैं। शाम के समय भी यहां आना अच्छा रहता है। आप लोधी गार्डन में फोटोग्राफी भी कर सकते हैं।
सुंदर नर्सरी
छुट्टियों में आप सुंदर नर्सरी भी जा सकते हैं। सुंदर नर्सरी इतिहास और आधुनिक लैंडस्केप का शानदार उदाहरण है। यहां मुगलकालीन संरचनाएं और खूबसूरती से सजे बगीचे देखने को मिलते हैं। यह जगह काफी बड़ी है, जिससे आपको भीड़ का एहसास नहीं होगा। आप यहां अपने परिवार के साथ शांति से कुछ समय बिता सकते हैं।
संजय वन
दिल्ली के वसंत कुंज और महरौली के पास स्थित संजय वन में जाकर आप शांत समय बिता सकते हैं। यहां आपको शहर की हलचल से बिल्कुल अलग दुनिया का एहसास होगा। यहां पक्षियों की चहचहाहट, कच्चे रास्ते और खुली हवा आपको मानसिक सुकून देती है।
महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क
आप महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क भी जा सकते हैं। यह पार्क करीब 200 एकड़ में फैला है, जो इतिहास प्रेमियों के लिए किसी खजाने से कम नहीं है। यहां खुली हरियाली और ऊंचाई से दिखने वाला दिल्ली का नजारा बेहद खास होता है।
यमुना बायोडायवर्सिटी पार्क
आप यमुना बायोडायवर्सिटी पार्क भी जा सकते हैं। उत्तर दिल्ली में स्थित यमुना बायोडायवर्सिटी पार्क प्रकृति प्रेमियों के लिए एक शांत जगह है। आप यहां भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच शांति के कुछ पल बिता सकते हैं।
