गर्मी में होने वाली स्कूल की छुट्टियों का बच्चों का बेसब्री से इंतजार रहता है। जैसे ही स्कूल बंद होते हैं, परिवार समर वेकेशन की प्लानिंग शुरू कर देते हैं। ऐसे में ज्यादातर लोग ऐसी जगह की तलाश करते हैं, जहां मौसम सुहावना हो, चारों ओर हरियाली हो और परिवार के साथ सुकून भरे पल बिताए जा सकें। अगर आप भी इस गर्मी बच्चों के साथ कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो नॉर्थ ईस्ट इंडिया की ये 7 खूबसूरत जगहें आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती हैं। यहां का ठंडा मौसम, प्राकृतिक नजारे और शांत माहौल आपकी छुट्टियों को यादगार बना देंगे।
1- शिलॉन्ग
इस गर्मी बच्चों को मेघालय की राजधानी शिलॉन्ग घूमाने ले जा सकते हैं। शिलॉन्ग को ‘स्कॉटलैंड ऑफ द ईस्ट’ भी कहा जाता है। यहां का मौसम गर्मियों में बेहद सुहावना होता है। इस दौरान बच्चों और परिवार के साथ एलीफेंट फॉल्स, उमियम लेक और आसपास के व्यूपॉइंट्स को देखने जा सकते हैं। यहां प्राकृतिक नजारों के बीच बैठकर आप कुछ देर सुकून के पल बिता सकते हैं।
2- चेरापूंजी
मेघालय में स्थित चेरापूंजी अपनी हरियाली, बादलों से ढकी पहाड़ियों और लिविंग रूट ब्रिज के लिए मशहूर है। गर्मियों के दौरान यहां का मौसम न ज्यादा गर्म और न ही ज्यादा ठंडा होता है। ऐसे में बच्चों को यहां भी घूमाने ले जा सकते हैं।
3- तवांग
अरुणाचल प्रदेश का तवांग अपनी खूबसूरत वादियों और पहाड़ों के लिए जाना जाता है। गर्मियों के मौसम में परिवार के साथ यह जगह घूमने के लिए बेहतरीन है। यहां के बर्फ से ढके पहाड़, मठ और खूबसूरत झीलें हर किसी का मन मोह लेती हैं।
Also Read
बच्चों के समर वेकेशन को बनाएं खास, ले जाएं घुमाने दक्षिण भारत के इन 7 खूबसूरत हिल स्टेशनों पर
4- गंगटोक
सिक्किम की राजधानी गंगटोक से आप आसानी से कंचनजंगा के शानदार नजारे देख सकते हैं। यहां के हरे-भरे जंगल, मॉडर्न कैफे और सनराइज व्यूपॉइंट्स पर्यटकों के बीच आकर्षण का केंद्र होते हैं।
5- पेलिंग
सिक्किम के खूबसूरत हिल स्टेशनों में से एक पेलिंग भी है, जो अपनी खूबसूरत वादियों के लिए मशहूर है। यहां से आप कंचनजंगा चोटी के शानदार नजारे देख सकते हैं। यह जगह अपने शांत माहौल और शानदार पर्वतीय दृश्यों के लिए मशहूर है।
6- काजीरंगा
बच्चों को जू जाना और तरह-तरह के जानवरों को देखना काफी पसंद है। ऐसे में आप असम में स्थित काजीरंगा नेशनल पार्क बच्चों के साथ घूमने जा सकते हैं। यहां सफारी के दौरान कई दुर्लभ जानवरों को देख सकते हैं।
7- आइजोल
मिजोरम की राजधानी आइजोल पहाड़ियों से घिरा हुआ एक शांत शहर है। यह जगह अपनी प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और सुहावने मौसम के लिए मशहूर है। गर्मियों के मौसम में बच्चों के साथ यहां भी जाने का प्लान बना सकते हैं।
Also Read
साउथ इंडिया की 4 शानदार जगहें, रोड ट्रिप लवर्स हैं तो एक बार जरूर जाएं
