गर्मियों के मौसम में ऐसे भोजन की जरूरत होती है जो शरीर को हाइड्रेट रखें, ठंडक प्रदान करें और पेट के लिए हल्के हों। खासकर तब जब आप ऑफिस के काम और तेज गर्मी के बीच लगातार व्यस्त रहते हों। इस मौसम में ज्यादा तला-भुना या भारी खाना खाने से सुस्ती, थकान, पेट फूलना और काम में ध्यान की कमी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में दोपहर का भोजन ऐसा होना चाहिए जो न सिर्फ स्वादिष्ट हो, बल्कि शरीर को तरोताजा भी रखे।

हल्के और पौष्टिक लंच शरीर को एक्टिव रखते हैं। साथ ही यह पेट के लिए हल्का होते हैं, जिससे भारीपन की समस्या नहीं होती है। ऐसे में आप दही और धनिया राइस बना सकते हैं, जो खाने में हल्का होने के साथ ही स्वादिष्ट भी होता है। इसके सेवन से पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है और भारीपन भी नहीं लगता है। इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता है। आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान विधि क्या है:

दही और धनिया राइस बनाने की सामग्री | Curd and Coriander Rice Recipe

1 कप पका हुआ चावल (पूरी तरह ठंडा)
आधा से एक कप गाढ़ा दही
2-3 चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
1 छोटी हरी मिर्च (बारीक कटी)
आधा चम्मच राई
5-6 करी पत्ते
1 चम्मच तेल या घी
नमक स्वादानुसार

स्टेप बाय स्टेप बनाने की विधि | Curd and Coriander Rice Recipe in Hindi

1- सबसे पहले पके हुए चावल को एक बड़े बाउल में निकाल लें और कांटे की मदद से हल्का सा फुला लें, ताकि चावल चिपके नहीं।

2- अब इसमें गाढ़ा दही डालें और अच्छी तरह मिलाएं। ध्यान रखें कि दही बहुत खट्टा न हो, इससे स्वाद बेहतर होता है।

3- अब इसमें बारीक कटा हरा धनिया, हरी मिर्च और नमक डालकर सभी चीजों को हल्के हाथ से मिला लें।

4- एक छोटी कड़ाही में तेल या घी गर्म करें। उसमें राई डालें और चटकने के बाद करी पत्ते डाल दें। कुछ सेकंड तक भून लें, ताकि खुशबू आने लगे।

5- तैयार तड़के को दही-चावल के मिश्रण पर डालें और हल्का सा मिला दें।

6- चाहें तो ऊपर से थोड़ा हरा धनिया डालकर गार्निश कर सकते हैं और कुछ मिनट के लिए ठंडा होने दें। अब आप इसे सर्व कर सकते हैं।

Also Read
5 मिनट में तैयार करनी है रेसिपी, हल्के ब्रेकफास्ट के लिए बनाएं कर्नाटक का मशहूर टमाटर राइस