गर्मियों में तेज धूप में कार से आना-जाना बहुत आरामदायक लगता है। कई बार पार्किंग स्पेस न मिलने पर लोग गाड़ी को धूप में गली-रोड या बाहर कहीं भी पार्क कर देते हैं। ऐसे में पूरे दिन गाड़ी धूप में खड़ी रहती है। लेकिन क्या आपने कभी गौर किया है कि आप गाड़ी को लॉक करके तो जा रहे हैं लेकिन आपने उसके अंदर क्या-क्या सामान छोड़ दिया है। गर्मियों में धूप में खड़ी कार बाहर से भले ही सामान्य दिखे, लेकिन अंदर का तापमान कुछ ही मिनटों में बेहद खतरनाक स्तर तक पहुंच सकता है। ऐसे में कार के अंदर छोड़ी गई छोटी-छोटी चीजें भी बड़ा नुकसान पहुंचा सकती हैं। अगर आप भी अक्सर जल्दबाजी में सामान कार में छोड़ देते हैं, तो ये जानकारी आपके काम की हो सकती है।
बंद कार क्यों हो जाती है बहुत गर्म?
सबसे पहले तो यह जानेंगे कि आखिरकार गर्मियों में धूप में खड़ी कार के अंदर का तापमान बाहर के मुकाबले इतना ज्यादा क्यों बढ़ जाता है। इसकी वजह ग्रीनहाउस इफेक्ट माना जाता है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि सूरज की किरणें कार के शीशों से अंदर चली जाती हैं। इसके बाद सीट, डैशबोर्ड और दूसरी सतहें गर्मी को सोख लेती हैं। यह गर्मी आसानी से बाहर नहीं निकल पाती है। कुछ ही मिनटों में कार का अंदरूनी हिस्सा बहुत ज्यादा गर्म हो सकता है।
गर्मियों में कार के अंदर कौन-सी चीजें नहीं छोड़नी चाहिए?
परफ्यूम और डियो स्प्रे
गर्मियों में गाड़ी में परफ्यूम और डियो स्प्रे नहीं छोड़ना चाहिए। इनमें गैस भरी होती है। ज्यादा गर्मी में डिब्बे के अंदर दबाव बढ़ सकता है, जिससे रिसाव या फटने जैसी स्थिति बन सकती है।कार के अंदर तेज रासायनिक गंध होती है। इससे आग लगने का खतरा हो सकता है। सीट या डैशबोर्ड खराब हो सकता है।
प्लास्टिक की पानी की बोतल
बहुत सारे लोग पानी पीने के बाद बोतल को गाड़ी में छोड़ देते हैं। ज्यादा गर्मी में प्लास्टिक से कुछ रसायन निकल सकते हैं। साथ ही पारदर्शी बोतल सूरज की रोशनी को एक जगह इकट्ठा करके गर्मी बढ़ा सकती है। इसलिए धूप में रखी बोतल का पानी पीने से बचें। स्टील की बोतल बेहतर विकल्प हो सकती है।
मोबाइल, लैपटॉप और पावर बैंक
धूप में खड़ी बंद गाड़ी में लिथियम-आयन बैटरी होती है। ज्यादा गर्मी में बैटरी फूल सकती है या ज्यादा गर्म हो सकती है। इतना ही नहीं आग लगने का खतरा बढ़ा सकती है। इसलिए इलेक्ट्रॉनिक सामान को धूप वाली जगह पर न छोड़ें।
दवाइयां
गाड़ी में आपको दवाइयां भी नहीं छोड़नी चाहिए। कई दवाइयों को एक तय तापमान पर रखने की सलाह दी जाती है। ज्यादा गर्मी में दवा का असर कम हो सकता है। इतना ही नहीं उसकी रासायनिक संरचना बदल सकती है। इंसुलिन, इनहेलर, सिरप,विटामिन सप्लीमेंट को गाड़ी में न छोड़ें।
लाइटर और गैस वाले स्प्रे उत्पाद
इसे छोड़ना खतरनाक हो सकता है। लाइटर में ज्वलनशील पदार्थ होता है। ज्यादा गर्मी में दबाव बढ़ सकता है, जिससे फटने का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा गैस वाले स्प्रे उत्पाद जैसे हेयर स्प्रे, शेविंग फोम, रूम फ्रेशनर स्प्रे भी गाड़ी में रखा न छोड़ें।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। कार के अंदर का तापमान मौसम, धूप और पार्किंग की जगह के अनुसार अलग-अलग हो सकता है। सुरक्षा से जुड़ी किसी भी स्थिति में विशेषज्ञ या संबंधित कंपनी की सलाह को प्राथमिकता दें।
