Makhana crispy tikki recipe: मखाना सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं। इससे आप एक से बढ़कर एक खाने की चीजें बना सकती हैं। एक कप मखाने में सूजी-आलू और जरूरी मसाले मिलाकर कुरकुरी टिक्की बना सकते हैं। इन्हें आप ब्रेकफास्ट में खा सकते हैं या फिर शाम को चाय के साथ भी सर्व कर सकते हैं। इतना ही नहीं इन्हें बच्चों के टिफिन में भी पैक करके दिया जा सकता है। साथ ही जानेंगे गार्लिक रोस्टेड मखाना बनाने की झटपट रेसिपी।
मखाना टिक्की बनाने की विधि
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
मखाना- 1 कप
सूजी- ½ कप
आलू- 2 उबले हुए
हरी मिर्च- 2 बारीक कटी
अदरक – 1 छोटा टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)
धनिया पत्ता- 2 बड़े चम्मच (बारीक कटा)
लाल मिर्च पाउडर- ½ चम्मच
गरम मसाला-½ चम्मच
नमक-स्वादानुसार
नींबू का- 1 चम्मच
तेल
इसे बनाने के लिए सबसे पहले आपको मखानों को भूनना है। इसके लिए कड़ाई में घी डालकर इन्हें रोस्ट कर लें। इसके बाद आलू उबाल लें। फिर बर्तन में 1 कप सूजी लें। उसमें हरी मिर्च, अदरक, धनिया पत्ता, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, नींबू का रस और नमक डालें। सभी चीजों को मिक्स कर लें। इसके बाद आलू को छीलकर कद्दू कस कर लें। फिर कड़ाही में थोड़ा से तेल डालकर सूजी, आलू और मसालों को एक साथ डालकर अच्छे से भून लें। इसके बाद मिक्सी में मखानों को पीस लें। एक बात का ध्यान रखें कि इन्हें आपको हल्का दरदरा रखना है। इस इस पाउडर को सूजी -आलू के मिश्रण में मिला लें। फिर सभी मिश्रण को एक साथ मिलाएं। ठंडा होने के बाद हाथ से टिक्की वाला शेप दे दें। अब आप इसे तवे पर थोड़ा-थोड़ा तेल डालकर तल लें। आप इन्हें एयर फ्राई या डिप फ्राई भी कर सकते हैं। आपकी मखाना-सूजी क्रिस्पी टिक्की तैयार है।
गार्लिक रोस्टेड मखाना कैसे बनाएं ?
चाय के साथ खाने के लिए आप मखाने से टेस्टी स्नैक्स भी बना सकते हैं। इसके लिए कड़ाही में थोड़ा घी या तेल गरम करें। इसके बाद बारीक कटा या कुटा हुआ लहसुन डाल दें। इन्हें हल्का सुनहरा होने तक भून लें। फिर मखानों को डाल दें। इन्हें धीमी आंच पर रोस्ट करें। फिर ऊपर से नमक और थोड़ा काली मिर्च का पाउडर डाल दें। बीच-बीच में इन्हें चलाते रहें। क्रिस्पी होने पर गैस ऑफ कर दें।
