सुबह का नाश्ता दिन का काफी अहम मील होता है और यह शरीर की ऊर्जा के लिए बहुत जरूरी भी होता है। ऐसे में अगर आप भी सुबह के समय नाश्ते में कुछ हेल्दी ट्राई करना चाहते हैं, तो सूजी का चीला बना सकते हैं।
दरअसल, सूजी का चीला स्वादिष्ट होने के साथ-साथ आसानी से बनने वाला भी होता है। आप इसे कम समय में तैयार कर सकते हैं। खास बात यह है कि इसे बनाने में अधिक सामग्री की जरूरत भी नहीं होती है। आप इसमें अपनी पसंद की सब्जियां भी मिला सकते हैं।
सूजी का चीला बनाने की सामग्री
1 कप सूजी
आधा कप दही
आधा कप पानी
1 बारीक कटी प्याज
1 बारीक कटी शिमला मिर्च
1 छोटा कद्दूकस किया हुआ गाजर
2 बारीक कटी हरी मिर्च
आधा छोटा चम्मच अदरक
नमक
हल्दी
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
हरा धनिया
सेंकने के लिए तेल
सूजी का चीला बनाने की विधि
- सूजी का चीला बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बाउल में सूजी और दही डालकर अच्छे से मिला लें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा घोल तैयार करें। इसके बाद इसे लगभग 10 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए।
- अब घोल में प्याज, शिमला मिर्च, गाजर, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, नमक, हल्दी और लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें।
- इसके बाद एक नॉन-स्टिक तवा गरम करें और उस पर हल्का सा तेल या घी लगा लें। तवे पर एक कलछी घोल डालें और उसे हल्के हाथ से गोल आकार में फैला दें। इसे मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेक लें। आप इसे हरी चटनी, टमाटर सॉस या दही के साथ परोस सकते हैं।
