अगर आप रोज-रोज एक जैसा नाश्ता खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार सूजी से बनने वाले स्वादिष्ट दाल फरे ट्राई कर सकते हैं। यह रेसिपी बाहर से हल्की और अंदर से मसालेदार दाल की स्टफिंग के साथ तैयार होती है। इसे पहले स्टीम किया जाता है, इसलिए कम तेल में भी बनाया जा सकता है। चाहें तो बाद में हल्का तड़का लगाकर इसका स्वाद और भी बढ़ाया जा सकता है। यूट्यूब चैनल कुक विद पारुल पर इसकी रेसिपी शेयर की गई है।

दाल फरे बनाने की विधि

स्टेप 1: आटा तैयार करें

सबसे पहले एक बाउल में लगभग 180 ग्राम (1 कप) सूजी लें। इसमें स्वादानुसार नमक डालें। अब थोड़ा-थोड़ा हल्का गर्म पानी डालते हुए मुलायम आटा गूंथ लें। आटा गूंथते समय 1 बड़ा चम्मच तेल भी मिला दें। आटे को 5–7 मिनट तक अच्छी तरह मसलें, ताकि वह स्मूद हो जाए। ध्यान रखें कि ठंडे पानी का इस्तेमाल न करें। तैयार आटे को ढककर 15–20 मिनट के लिए रख दें।

स्टेप 2: दाल की स्टफिंग तैयार करें

आधा कप चना दाल को 2–3 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। दाल का पानी पूरी तरह निकाल दें। अब चॉपर या मिक्सर में दाल डालें। इसके साथ 2–3 हरी मिर्च, 7–8 लहसुन की कलियां, 1 इंच अदरक का टुकड़ा, 1 छोटा चम्मच जीरा और 5–6 काली मिर्च डालें। बिना पानी डाले दरदरा पीस लें। अब इसमें स्वादानुसार नमक, लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला, आमचूर पाउडर (या थोड़ा-सा नींबू का रस) और थोड़ा गरम मसाला मिलाएं। आखिर में बारीक कटा हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिला लें।

स्टेप 3: दाल फरे तैयार करें

आटे को एक बार फिर हल्के हाथों से मसल लें। लोइयां बनाएं। सभी लोई को बेलकर पूरी जैसा आकार दें। इसके लिए गिलास, कटोरी या कटर की मदद ले सकते हैं। हर पूरी के बीच में दाल की स्टफिंग रखें और किनारों को अच्छी तरह दबाकर बंद कर दें। इसी तरह सभी दाल फरे तैयार कर लें।

स्टेप 4: स्टीम करें

एक कड़ाही में लगभग 2 गिलास पानी डालकर उबाल लें। ऊपर इडली स्टैंड या छलनी रखें। तैयार दाल फरे उसमें रखकर ढक्कन बंद कर दें। इन्हें 7–8 मिनट तक भाप में पकाएं। पकने के बाद थोड़ा ठंडा होने दें। इस स्टेज पर भी दाल फरे खाने के लिए तैयार हैं।

स्टेप 5: तड़का

अगर आप हल्का क्रिस्पी स्वाद चाहते हैं, तो तड़का लगा सकते हैं। पैन में 2 चम्मच तेल गर्म करें। इसमें चुटकीभर जीरा, 1 छोटा चम्मच राई, चुटकीभर हींग, कुछ करी पत्ते और बारीक कटी हरी मिर्च डालें। अब स्टीम किए हुए दाल फरे डालकर 2–3 मिनट हल्का सुनहरा होने तक भून लें। चाहें तो थोड़ा सेजवान सॉस और ऊपर से चिली फ्लेक्स डालकर सर्व करें।

यहां देखें वीडियो: https://www.youtube.com/watch?v=1vPl_QOSWkk