Small Space Bedroom Storage Ideas: बेडरूम घर का वो हिस्सा होता है, जहां पर सुकून मिलता है। जब भी हम थक कर घर जाते हैं, तो सबसे पहले बेडरूम में जाकर आराम करते हैं। हालांकि कई बार कम जगह होने की वजह से सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा रहता है। जिसे देखकर मूड खराब हो सकता है। ऐसे में आप सामान को व्यवस्थित रखने के लिए कुछ स्टोरेज आइडियाज अपना सकते हैं। जिससे छोटा बेडरूम खूबसूरत और व्यवस्थित दिख सके।

बेड के नीचे की जगह का इस्तेमाल

छोटे बेडरूम में अक्सर स्पेस को लेकर कई तरह की समस्याएं रहती हैं। ऐसे में कमरे को व्यवस्थित रखने के लिए बेड के नीचे की खाली जगह को इस्तेमाल सामान रखने के लिए किया जा सकता है। इसके अलावा आप स्टोरेज बेड या रोलिंग स्टोरेज ड्रॉअर वाला बेड उपयोग कर सकते हैं, जो सामान रखने में मदद कर सकता है।

वॉल रैक और हुक लगाएं

कैप, चाबी, कपड़े या अन्य चीजों को रखने के लिए आप वॉल रैक या हुक का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह कमरे को व्यवस्थित दिखाने में मदद करता है। इससे बेडरूम बड़ा और हवादार महसूस हो सकता है। साथ ही सामान को ढूंढने में ज्यादा समय नहीं लगता।

फ्लोटिंग शेल्फ का इस्तेमाल

अगर कॉर्नर की जगह का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं, तो वहां फ्लोटिंग शेल्फ लगवा सकते हैं। यह दीवार पर लगाई जाने वाली शेल्फ होती है, जो छोटे बेडरूम या कमरों के लिए उपयोगी मानी जाती है। साथ ही यह कमरे को स्टाइलिश लुक भी देती है।

कॉर्नर वाली जगह का इस्तेमाल करें

अक्सर बेडरूम के कॉर्नर वाली जगह खाली रह जाती है, जिसका बहुत ही कम इस्तेमाल होता है। ऐसे में आप इस कॉर्नर स्पेस का इस्तेमाल सामान रखने के लिए कर सकते हैं। साइड टेबल, फ्लोटिंग कॉर्नर शेल्फ और ट्रायंगल टेबल को कॉर्नर में रखा जा सकता है। यह कम जगह घेरती हैं और सामान रखने में आसानी होती है।

छत तक ऊंची अलमारी बनवाएं

अगर बेडरूम छोटा है तो आप फर्श से छत तक की अलमारी लगवा सकते हैं। इसमें पार्टिशन और रैक बनाना आसान होता है, जिससे आप सामान जैसे कपड़े, जूते, बैग, एक्सेसरीज को व्यवस्थित तरीके से रख सकते हैं। अगर अलमारी में ज्यादा जगह बची है, तो इसमें आप ऊपर की तरफ सर्दियों के कंबल और कपड़े रख सकते हैं।

दरवाजे के पीछे की दीवार का उपयोग

बेडरूम के दरवाजे के पीछे की जगह खाली रहती है। इसको आप सामान या कपड़े टांगने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। दरवाजे के पीछे हुक या हैंगर लगाकर कपड़ों या छोटे सामान को रखा जा सकता है। इससे कमरा व्यवस्थित दिखेगा और सामान भी छिपा रहेगा।