Khire ka Paudha Kaise Lagaen: आजकल गार्डनिंग का शौक काफी बढ़ गया है। लोग कम जगह में भी कोई न कोई पौधा जरूर लगा लेते हैं। फूलों से लेकर सब्जियों तक के पौधे गमलों या ग्रो बैग में लगाए जाते हैं। हालांकि कुछ पौधों के बारे में लोगों को लगता है कि उन्हें बढ़ने के लिए ज्यादा जगह की जरूरत है। लेकिन ऐसा नहीं है बल्कि गमले में भी पौधों को सही देखभाल की मदद से उगाया जा सकता है। दरअसल हम बात कर रहे हैं खीरे के पौधे की। लगभग हर घर में यह रायता, सलाद या ड्रिंक में इस्तेमाल किया जाता है।

अगर आप हर बार बाजार से खीरा खरीदते हैं तो रुकिए। हम आपको गमले में खीरे के पौधे को लगाने का तरीका बता रहे हैं। आइए जानते हैं गमलें में खीरे का पौधा लगाने का तरीका और उसकी देखभाल से जुड़ी जानकारी।

गमले का चुनाव

खीरे का पौधा लगाने के लिए सबसे पहले सही गमले का चुनाव करना जरूरी है। जिससे पौधे की ग्रोथ अच्छी तरह हो सके। इसके लिए करीब 14 से 16 इंच गहरा और चौड़ा गमला खरीदें। ध्यान रखें कि इसके नीचे ड्रेनेज होल जरूर हो, जिससे पानी की निकासी अच्छी तरह होती रहे। बिना ड्रेनेज होल वाला गमला खरीदने से बचें।

मिट्टी तैयार करना

गमले का चुनाव करने के बाद पौधा लगाने के लिए सबसे जरूरी मिट्टी होती है। इसके लिए लगभग 40 प्रतिशत गार्डन मिट्टी, 30 प्रतिशत सड़ी हुई गोबर की खाद या वर्मीकम्पोस्ट, 20 प्रतिशत कोकोपीट और 10 प्रतिशत रेत मिक्स करें। इस तरह अच्छी गुणवत्ता वाली मिट्टी पौधे को बढ़ने में मदद कर सकती है।

बीज लगाने का तरीका

खीरे का पौधा गमले में अच्छी तरह विकसित हो सके इसके लिए स्वस्थ बीज का चुनाव करें। गमले में करीब एक इंच की गहराई पर 2-3 बीज को लगाएं। इसके ऊपर मिट्टी की परत डाल दें और ऊपर पानी का छिड़काव करें। ध्यान रखें कि गमले में पानी ज्यादा न हो।

धूप और पानी

खीरे के पौधे को गमले में अच्छी तरह उगाने के लिए धूप और पानी जरूरी हैं। गमले को ऐसी जगह रखें जहां कम से कम 5-6 घंटे की धूप आती हो। इसके अलावा गमले में पानी जमा न होने दें। मिट्टी को हल्का नम रखें। मानसून में मिट्टी की नमी खत्म होने पर पानी दें, जिससे पौधे की जड़ें स्वस्थ बनी रह सकती हैं।

सहारे का इस्तेमाल

जब गमले में लगी खीरे की बेल बड़ी होने लगे तो उसे सहारे की जरूरत होगी। इसके लिए जाली, रस्सी या मजबूत स्टिक का सहादा दे सकते हैं। इससे जगह भी बचती है और फल स्वस्थ रह सकते हैं। कई बार ऐसा होता है कि बेल जमीन पर फैली रहती है और फलों में कीड़े लग जाते हैं। इसलिए इसकी अच्छी ग्रोथ के लिए सहारा जरूर दें।

खाद की जरूरत

खीरे की बेल जब अच्छी तरह विकसित हो जाए, तो उसे हर 15 दिन में खाद दे सकते हैं। इसके लिए वर्मीकम्पोस्ट या गोबर की खाद अच्छा विकल्प हो सकती है। इसे डालने के बाद मिट्टी की गुड़ाई करें और ऊपर से पानी छिड़क दें। इस तरह पौधा अच्छी तरह बढ़ सकता है।

देखभाल के तरीके

जब खीरे की बेल में फूल आने लगें तो उसकी नियमित देखभाल करें। खीरे को बहुत बड़ा होने से पहले तोड़ते रहें। लगातार फल तोड़ने से पौधे में नए फल आने में मदद मिल सकती है। इस तरह कुछ आसान स्टेप्स की मदद से गमले में हरा-भरा और स्वस्थ खीरे का पौधा लगाया जा सकता है।