Coffee Facial at Home: रोजाना धूल-मिट्टी, प्रदूषण और धूप की वजह से चेहरे की त्वचा रूखी और बेजान नजर आने लगती है। हालांकि हर बार पार्लर जाकर महंगे फेशियल करवाना मुमकिन नहीं हो पाता है। ऐसे में कुछ लोग घरेलू तरीकों का इस्तेमाल करके चेहरे का ख्याल रखते हैं। अगर आप चाहती हैं कि त्योहार से पहले चेहरे की त्वचा चमकदार और फ्रेश दिखे, तो घर पर फेशियल किया जा सकता है। इसके लिए कॉफी का इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि अगर आपको कॉफी से एलर्जी है या त्वचा संबंधी कोई समस्या है, तो एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।
कॉफी फेशियल चेहरे की टैनिंग, डेड स्किन और दाग धब्बों को दूर करने में मददगार साबित हो सकता है। इसके लिए आपको पार्लर जाने की जरूरत नहीं होगी। घर पर ही कुछ आसान चीजों की मदद से इसे स्टेप बाय स्टेप तरीके से कर सकते हैं। इसे आप हफ्ते में एक बार कर सकती हैं।
पहला स्टेप
सामग्री
- कॉफी- 1 चम्मच
- दूध- 1 चम्मच
क्लींजिंग
कॉफी फेशियल करने के लिए सबसे पहले क्लींजिंग करनी होगी। इसके लिए कॉफी और दूध को बराबर मात्रा में मिक्स कर लें। अब इसे चेहरे पर रुई की मदद से लगाएं। ध्यान रखें कि अगर आपको कोई समस्या हो, तो इसे लगाने से बचें। इससे त्वचा की गंदगी, धूल-मिट्टी, पसीना और अतिरिक्त तेल को दूर करने में मदद मिल सकती है। इससे त्वचा फ्रेश और चमकदार दिख सकती है।
दूसरा स्टेप
सामग्री
- कॉफी- 1 चम्मच
- शहद- 1 चम्मच
स्क्रब
क्लींजिंग करने के बाद चेहरे को स्क्रब कर सकते हैं। इससे डेड स्किन और अतिरिक्त तेल साफ हो सकता है। इसके लिए कॉफी और शहद को अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब चेहरे पर लगाकर हल्के हाथों से स्क्रब करें। इसके बाद चेहरे को पानी से साफ कर लें। इससे ब्लैकहेड्स की समस्या भी कम हो सकती है।
तीसरा स्टेप
सामग्री
- कॉफी- आधा चम्मच
- एलोवेरा जेल
मसाज
कॉफी फेशियल के तीसरे स्टेप में मसाज शामिल है। इसके लिए कॉफी में एलोवेरा जेल मिला लें। अब इससे चेहरे पर हल्के हाथों से मसाज करें। लगभग 5 मिनट तक चेहरे की मसाज करने के बाद पानी से साफ कर लें। इससे त्वचा का ब्लड सर्कुलेशन बेहतर हो सकता है।
चौथा स्टेप
सामग्री
- कॉफी- 1 चम्मच
- दही- 1 चम्मच
फेस पैक
इसके लिए कॉफी और दही को अच्छी तरह मिक्स करें। इस फेस पैक को चेहरे पर लगाने से पहले पैच टेस्ट करें। इसे चेहरे पर करीब 15 मिनट तक लगाकर रखें। अब चेहरे को साफ पानी से धो लें। इससे त्वचा फ्रेश, चमकदार और मुलायम हो सकती है।
जरूरी टिप्स
कॉफी फेशियल करने से पहले चेहरे को अच्छी तरह साफ कर लें। किसी भी स्टेप को फॉलो करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। अगर आपको किसी तरह की एलर्जी या त्वचा संबंधी समस्या है, तो इसका इस्तेमाल न करें। अगर आपकी स्किन संवेदनशील है, तो कॉफी फेशियल करने से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें। हफ्ते में एक बार इसका इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके अलावा सनस्क्रीन का भी इस्तेमाल करें।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। किसी भी तरह का बदलाव या घरेलू नुस्खा अपनाने से पहले एक बार अपने डॉक्टर या त्वचा विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।
