आजकल घर पर सब्जियां और हर्ब्स उगाने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। इसी के साथ मशरूम की खेती भी लोगों के बीच लोकप्रिय हो रही है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे उगाने के लिए बड़े खेत या बगीचे की जरूरत नहीं होती। आप इसे घर के किसी कमरे, बालकनी, स्टोर रूम या छत पर भी आसानी से उगा सकते हैं। कम जगह, कम लागत और थोड़ी-सी देखभाल के साथ कुछ ही हफ्तों में ताजा मशरूम की पहली फसल तैयार हो सकती है।
अगर आप पहली बार मशरूम की खेती शुरू करना चाहते हैं, तो ऑयस्टर (सीप) मशरूम सबसे अच्छा विकल्प माना जाता है। वहीं, बटन मशरूम की खेती भी घर पर की जा सकती है, लेकिन इसके लिए तापमान और नमी पर थोड़ा अधिक ध्यान देना पड़ता है। आइए जानते हैं कि घर पर मशरूम की खेती शुरू करने का आसान तरीका क्या है।
सबसे पहले सही मशरूम का चुनाव करें
घर पर मशरूम उगाने की सफलता काफी हद तक सही किस्म चुनने पर निर्भर करती है। शुरुआती लोगों के लिए ऑयस्टर मशरूम सबसे आसान माना जाता है क्योंकि यह तेजी से बढ़ता है और इसकी देखभाल भी काफी आसान है। यदि आप बटन मशरूम उगाना चाहते हैं, तो उसके लिए नियंत्रित तापमान और उचित वातावरण बनाए रखना जरूरी होता है।
मशरूम की खेती शुरू करने के लिए हमेशा अच्छी गुणवत्ता का स्पॉन (मशरूम बीज) किसी भरोसेमंद नर्सरी, कृषि केंद्र या सर्टिफाइड विक्रेता से ही खरीदें। अच्छी गुणवत्ता का स्पॉन बेहतर उत्पादन की संभावना बढ़ाता है।
खेती के लिए जरूरी सामान तैयार रखें
मशरूम की खेती में बहुत अधिक उपकरणों की आवश्यकता नहीं होती। इसके लिए आपको मशरूम स्पॉन, ग्रोइंग मीडियम (जैसे कटा हुआ भूसा, लकड़ी का बुरादा या कम्पोस्ट), प्लास्टिक ग्रो बैग, बाल्टी या साफ कंटेनर की जरूरत होगी। ऑयस्टर मशरूम के लिए पाश्चराइज किया हुआ भूसा सबसे उपयुक्त माना जाता है।
ध्यान रखें कि खेती शुरू करने से पहले सभी कंटेनर और उपकरण अच्छी तरह साफ और कीटाणुरहित हों। साफ-सफाई का ध्यान रखने से फफूंद और बैक्टीरिया का संक्रमण होने की संभावना कम रहती है।
ग्रोइंग मीडियम सही तरीके से तैयार करें
अगर आप भूसे का उपयोग कर रहे हैं, तो पहले उसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। इसके बाद उसे लगभग एक घंटे तक गर्म पानी में भिगोकर रखें ताकि उसमें मौजूद हानिकारक माइक्रोऑर्गेनिज्म (सूक्ष्मजीव) नष्ट हो जाएं। फिर भूसे को निकालकर अतिरिक्त पानी निकाल दें। ध्यान रखें कि भूसा केवल नम रहे, उसमें पानी जमा न हो। अधिक नमी से फफूंद लग सकती है, जबकि बहुत सूखा मीडियम मशरूम के विकास को धीमा कर सकता है।
स्पॉन मिलाकर ग्रो बैग तैयार करें
अब तैयार किए गए भूसे या अन्य ग्रोइंग मीडियम में मशरूम स्पॉन को समान रूप से मिलाएं। इसके बाद इस मिश्रण को प्लास्टिक ग्रो बैग या कंटेनर में भर दें और बैग में हवा के आने-जाने के लिए छोटे-छोटे छेद कर दें।
अब इस बैग को किसी अंधेरी या कम रोशनी वाली जगह पर रखें, जहां तापमान स्थिर बना रहे। लगभग 15 से 20 दिनों के भीतर सफेद धागे जैसी परत दिखाई देने लगेगी। यह संकेत होता है कि मशरूम का माइसीलियम अच्छी तरह फैल रहा है।
नमी बनाए रखें और मशरूम को बढ़ने दें
जब पूरा ग्रोइंग मीडियम सफेद माइसीलियम से ढक जाए, तब बैग को ऐसी जगह रखें जहां हल्की धूप, ताजी हवा और ठंडा वातावरण हो। इस दौरान नमी बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण होता है। आसपास के वातावरण में रोज हल्का पानी स्प्रे करें, लेकिन सीधे मशरूम पर पानी न डालें। कुछ दिनों बाद छोटे-छोटे मशरूम निकलने लगेंगे और सही हालात मिलने पर, वे लगभग एक हफ्ते में पूरी तरह तैयार हो जाएंगे।
सही समय पर करें कटाई
मशरूम की कटाई तब करनी चाहिए जब उसकी टोपी पूरी तरह खुल जाए लेकिन किनारे अभी मुड़ने न लगे हों। कटाई करते समय मशरूम को चाकू से काटने की बजाय हल्के हाथ से घुमाकर निकालें। इससे बाकी माइसीलियम सुरक्षित रहता है और उसी बैग से दोबारा भी मशरूम उग सकते हैं। एक ग्रो बैग या कंटेनर से आमतौर पर कई बार मशरूम की फसल मिलती है। हर बार कटाई के बाद नमी बनाए रखें ताकि अगली फ्लश भी अच्छी तरह तैयार हो सके।
घर पर मशरूम उगाते समय रखें ये बातें
हमेशा सर्टिफाइड और अच्छी गुणवत्ता वाला स्पॉन ही खरीदें। खेती के दौरान साफ-सफाई का खास ध्यान रखें। अधिक पानी देने से बचें, केवल नमी बनाए रखें। तापमान और वेंटिलेशन का संतुलन बनाए रखें। संक्रमित या फफूंद लगे ग्रो बैग को तुरंत अलग कर दें ताकि बाकी फसल सुरक्षित रहे।
कम जगह, कम खर्च और थोड़ी-सी देखभाल के साथ घर पर मशरूम की खेती शुरू की जा सकती है। यदि शुरुआत सही तरीके से की जाए, तो कुछ ही हफ्तों में ताजा और पौष्टिक मशरूम की पहली फसल तैयार हो सकती है। यह न केवल ताजी सब्जी पाने का आसान तरीका है, बल्कि भविष्य में छोटे स्तर पर एडिशनल इनकम का साधन भी बन सकता है।
(डिस्क्लेमर: घर पर मशरूम की खेती शुरू करने से पहले स्थानीय जलवायु, तापमान, नमी और अच्छे मशरूम प्रजाति के बारे में सही जानकारी अवश्य प्राप्त करें। बेहतर परिणाम के लिए प्रमाणित स्रोत से उच्च गुणवत्ता वाला मशरूम स्पॉन खरीदें और स्वच्छता का खास ध्यान रखें। यदि आप प्रोफेशनल लेवल पर मशरूम की खेती करना चाहते हैं, तो किसी कृषि विशेषज्ञ से सलाह लेना उचित रहेगा।)
Also Read
बारिश के मौसम में पौधों पर लगने वाले कीड़ों से ऐसे करें बचाव, अपनाएं ये 5 टिप्स
