पूरे भारतवर्ष में दीवाली का त्योहार बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। रामायण के अनुसार, भगवान श्री राम 14 वर्ष का वनवास पूरा करके और रावण का वध करके माता सीता और लक्ष्मण के साथ इसी दिन अयोध्या लौटे थे। उनके स्वागत में अयोध्यावासियों ने दिए जलाए थे, जिसके बाद से यह परंपरा पूरे देश में मनाई जाने लगी। इसके साथ ही दीवाली से पहले लोग अपने घरों की भी साफ-सफाई करते हैं। मान्यता है कि माता लक्ष्मी का वास साफ-सुथरी और पवित्र जगह पर होता है। ऐसे में लोग अपने घर के कोने-कोने की सफाई करते हैं, जिसमें घर के दरवाजे भी शामिल हैं।
दरवाजों पर धूल, हाथों के निशान, तेल की चिकनाई और नमी के कारण कई तरह के दाग जम जाते हैं। मुख्य दरवाजे से लेकर बेडरूम, बाथरूम और रसोई के दरवाजों तक की सफाई करना जरूरी होता है। अगर आप भी दीवाली पर अपने घर के दरवाजों को चमकाना चाहते हैं, तो यहां से कुछ आइडिया ले सकते हैं।
1- लकड़ी के दरवाजों को कैसे साफ करें
लकड़ी के दरवाजों पर धूल के साथ-साथ उंगलियों के निशान और चिकनाई भी जम जाती है। ज्यादा पानी या तेज केमिकल लकड़ी की फिनिश को खराब कर सकता है। इसलिए सफाई करते समय सावधानियां बरतनी जरूरी होती हैं।
साफ करने का तरीका
सबसे पहले दरवाजे की धूल को सूखे माइक्रोफाइबर कपड़े से साफ करें। इसके बाद एक कटोरी हल्के गुनगुने पानी में थोड़ा सा माइल्ड लिक्विड सोप मिलाएं। कपड़े को घोल में भिगोकर अच्छी तरह निचोड़ लें और दरवाजे को ऊपर से नीचे की तरफ पोंछें। कोनों, नक्काशी और किनारों में जमी धूल को साफ करने के लिए मुलायम ब्रश या पुराने साफ टूथब्रश का इस्तेमाल करें। अंत में सूखे कपड़े से दरवाजे को अच्छी तरह पोंछ दें।
लकड़ी के दरवाजे की नक्काशी और किनारों की सफाई के लिए मुलायम पेंट ब्रश का इस्तेमाल करें। इससे उन जगहों पर जमी धूल भी निकल जाएगी, जहां कपड़ा आसानी से नहीं पहुंचता। लकड़ी के दरवाजों पर सिरका या बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करने से उनकी फिनिश खराब हो सकते हैं।
2- सफेद दरवाजों को साफ करने का तरीका
सफेद दरवाजों पर धूल, हाथों के निशान और हल्के पीले दाग जल्दी नजर आने लगते हैं। खासकर दरवाजे के हैंडले के आसपास गंदगी अधिक जमा होती है। ऐसे में इन्हें साफ करने के लिए सबसे पहले सूखे कपड़े से धूल हटा दें। इसके बाद एक लीटर पानी में कुछ बूंदें हल्का डिशवॉश लिक्विड मिलाएं। मुलायम कपड़े को घोल में भिगोकर निचोड़ लें और दाग वाली जगह पर हल्के हाथ से पोंछें। दूसरे साफ और नम कपड़े से साबुन के अवशेष हटा दें। सूखे कपड़े से सतह को पोंछकर छोड़ दें।
दरवाजों पर जहां बार-बार हाथ लगते हैं, वहां सफाई के लिए छोटे माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल किया जा सकता है।
3- कांच के दरवाजों की सफाई
कांच वाले दरवाजों पर धूल, पानी के निशान और उंगलियों के दाग आसानी से नजर आते हैं। इन्हें साफ करने के लिए महंगे क्लीनर की जगह घरेलू चीजों का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले सूखे कपड़े से कांच की धूल हटा दें। कांच के लिए बने क्लीनर को कपड़े पर स्प्रे करें या हल्के साबुन वाले पानी का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके बाद माइक्रोफाइबर कपड़े से कांच को साफ करें। अंत में सूखे कपड़े से पानी के निशान हटा दें।
कांच की सफाई के लिए दो कपड़े रखें। एक गंदगी हटाने के लिए और दूसरे सूखे कपड़े का इस्तेमाल चमकाने के लिए करें।
4- रसोई के दरवाजों से दाग कैसे हटाएं
घर में रसोई के दरवाजे सबसे अधिक गंदे होते हैं। खाना बनाते समय इन पर तेल की भाप, मसालों के कण और चिकनाई जमा हो जाती है। लंबे समय तक सफाई न करने पर धूल चिपककर मोटी परत बना लेती है।
रसोई के दरवाजों को साफ करने के लिए हल्के गुनगुने पानी में थोड़ा-सा डिशवॉश लिक्विड मिलाएं। अब कपड़े को घोल में डुबोकर अच्छी तरह निचोड़ें। चिकनाई वाली जगह को हल्के हाथ से साफ करें। अंत में साफ नम कपड़े और फिर सूखे कपड़े से दरवाजा पोंछ दें।
चिकनाई वाले हिस्से को साफ करने के लिए छोटा सफाई ब्रश इस्तेमाल करें। दरवाजे के हैंडल के आसपास और किनारों पर जमा गंदगी इससे आसानी से निकल सकती है।
5- बाथरूम के दरवाजों की गंदगी कैसे साफ करें
बाथरूम के दरवाजों पर नमी के कारण पानी के निशान, साबुन की परत और कभी-कभी फफूंद भी दिखाई देने लगती है। खासकर दरवाजे के निचले हिस्से में नमी अधिक जमा हो सकती है।
बाथरूम के दरवाजों को साफ करने के लिए सबसे पहले सतह को सूखे कपड़े से साफ करें। प्लास्टिक या लैमिनेट वाले दरवाजे पर हल्के साबुन और पानी का इस्तेमाल किया जा सकता है। दरवाजे के निचले हिस्से और किनारों को अच्छी तरह पोंछें और फिर तुरंत सूखे कपड़े से नमी हटा दें। बाथरूम का दरवाजा और खिड़की कुछ देर खुली रखें, ताकि हवा का प्रवाह बना रहे।
यह भी पढ़ें
दीवाली की सफाई को बनाएं आसान, अभी निपटा लें घर के ये 6 मेहनत वाले काम
