बारिश के मौसम में टोस्ट का पैकेट खुला रह जाए तो कुछ ही समय में उसका क्रंच गायब हो जाता है। ऐसे में सीले हुए टोस्ट को अक्सर लोग फेंक देते हैं। लेकिन क्या आपको पता है अगर टोस्ट में फफूंद नहीं लगा है या किसी भी प्रकार से खराब होने के संकेत नहीं मिल रहा है तो आप उसे दोबारा इस्तेमाल कर सकते हैं। इन सीले हुए टोस्ट से भी कुछ स्वादिष्ट चीजें बनाई जा सकती हैं। अगर आपके यहां भी टोस्ट का पैकेट खुला रहने या बारिश के मौसम में नमी के कारण नरम पड़ गया है, तो इस बार आप यहां बताई रेसिपी ट्राई कर सकती हैं।
मीठा शाही टोस्ट
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
4-5 सीले हुए टोस्ट
1 कप दूध
3-4 बड़े चम्मच चीनी
1/2 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
1 छोटा चम्मच घी
कटे हुए काजू-बादाम
थोड़े केसर के धागे (वैकल्पिक)
जानें बनाने का तरीका
सबसे पहले सीले हुए टोस्ट को छोटे टुकड़ों में काट लें। पैन में घी गर्म करके टोस्ट के टुकड़ों को धीमी आंच पर हल्का सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें। अब दूसरे पैन में दूध, चीनी और इलायची डालकर कुछ मिनट पकाएं, ताकि दूध थोड़ा गाढ़ा हो जाए। इसमें टोस्ट के टुकड़े डालकर 1-2 मिनट पकाएं। ऊपर से काजू-बादाम और केसर डालकर गर्मागर्म या ठंडा सर्व करें।
मसाला क्रूटॉन्स
सीले टोस्ट से चाय या सूप के साथ खाने के लिए क्रूटॉन्स भी तैयार किए जा सकते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले टोस्ट को छोटे-छोटे चौकोर टुकड़ों में काटें। एक पैन में थोड़ा सा तेल या मक्खन गर्म करके इसमें टोस्ट के टुकड़े डालें। अब थोड़ा नमक, काली मिर्च, चिली फ्लेक्स और अपनी पसंद के Italian herbs डालकर धीमी-मध्यम आंच पर सेंकें। टोस्ट के टुकड़े जब बाहर से कुरकुरे हो जाएं तो गैस बंद कर दें। इन्हें सूप, सलाद या चाय के साथ स्नैक की तरह खाया जा सकता है।
मसाला टोस्ट चिवड़ा
बनाने के लिए जरूरी चीजें
4-5 सीले हुए टोस्ट
1 छोटा प्याज बारीक कटा
1 हरी मिर्च
1/2 छोटा चम्मच राई
1/2 छोटा चम्मच जीरा
5-6 करी पत्ते
1/4 छोटा चम्मच हल्दी
1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च
नमक स्वादानुसार
1 छोटा चम्मच नींबू का रस
हरा धनिया
1-2 चम्मच तेल
अब जानें रेसिपी
सबसे पहले सीले हुए टोस्ट को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करके राई, जीरा और करी पत्ता डालें। फिर हरी मिर्च और प्याज डालकर हल्का भूनें। हल्दी, लाल मिर्च और नमक डालें। अब टोस्ट के टुकड़े डालकर धीमी आंच पर 3-4 मिनट चलाते हुए सेंकें। आखिर में नींबू का रस और हरा धनिया डालें। सीले टोस्ट से बना यह चटपटा स्नैक दोबारा कुरकुरा भी हो जाएगा।
ये जरूर चैक करें
हर सीला हुआ टोस्ट खाने लायक नहीं होता। अगर ब्रेड या टोस्ट पर हरे, काले या सफेद रंग के फफूंद के निशान दिखें, उससे अजीब गंध आए या वह खराब नजर आए, तो उसे दोबारा गर्म करके इस्तेमाल न करें। ऐसे टोस्ट को फेंक देना ही सुरक्षित है।
