चिप्स को अधिकतर लोग बाजार से खरीदकर खाते हैं। वहीं, कई लोग आलू सहित कई चीजों के चिप्स घर पर ही आसानी से तैयार कर लेते हैं। हालांकि, अगर आप भी घर पर चिप्स बनाने का प्लान कर रहे हैं और कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो रागी चिप्स बना सकते हैं।
रागी चिप्स स्वाद में चटपटे और कुरकुरे होने के साथ-साथ बाजार में मिलने वाले तले-भुने स्नैक्स से कई गुना बेहतर होते हैं। आप इन्हें घर पर ही आसानी से तैयार कर सकते हैं। इन चिप्स में आप अपनी मनपसंद मसालों से फ्लेवर भी दे सकते हैं।
पोषक तत्वों से भरपूर होता है रागी
रागी कई तरह के पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें फाइबर, कैल्शियम और आयरन पाया जाता है। यह पाचन को बेहतर बनाता है। इसके सेवन से पेट लंबे समय तक भरा रहता है। रागी के चिप्स बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आते हैं।
रागी के चिप्स बनाने की सामग्री
1 कप रागी का आटा
नमक
आधा छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर
आधा छोटी चम्मच चाट मसाला
आधा छोटी चम्मच अजवाइन
आधा छोटी चम्मच जीरा पाउडर
आधा छोटी चम्मच हल्दी पाउडर
2 छोटी चम्मच तेल
पानी
तेल
रागी के चिप्स कैसे बनाएं?
रागी के चिप्स बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में रागी का आटा लें और उसमें नमक, लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला, अजवाइन, जीरा पाउडर, हल्दी पाउडर और थोड़ा सा तेल मिलाएं। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें।
अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं, उन्हें पतला बेलें और मनचाहे आकार में काट लें। अब कढ़ाही में तेल गरम करें और मध्यम आंच पर चिप्स को सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें। अंत में चिप्स को टिश्यू पेपर पर निकाल लें। ऊपर से हल्का सा चाट मसाला छिड़क दें। इससे स्वाद और भी चटपटा हो जाएगा।
