गर्मी के मौसम में लोग अक्सर ऐसे जगह की तलाश करते हैं जहां का तापमान कम हो, न ज्यादा गर्मी हो और न ही ठंडी। दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश या फिर अन्य राज्यों के लोग ज्यादातर उत्तराखंड या हिमाचल प्रदेश के हिल स्टेशनों पर घूमने जाते हैं। गर्मी के मौसम में यहां के अधिकतर हिल स्टेशन पर काफी भीड़ रहती है, खासकर वीकेंड पर तो पहाड़ों पर जाने लायक नहीं होता है। ऐसे में अगर आप भी उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जाकर बोर हो गए हैं और यहां की भीड़ से बचना चाहते हैं, तो दक्षिण भारत में इन 7 जगहों पर घूमने का प्लान बना सकते हैं।

दक्षिण भारत अपने खान-पान, सांस्कृतिक, मंदिर और कई खूबसूरत जगहों के लिए मशहूर है। यहां पर यात्रा के दौरान आपको एक अलग ही अनुभव होगा। नई चीजों को देखने और जानने का मौका मिलेगा। इसके साथ ही प्रकृति के बीच सुकून के पल भी बिता सकते हैं।

1- येलागिरी हिल्स- तमिलानाडु
वेल्लोर के पास स्थिति येलागिरी हिल्स तमिलनाडु के सबसे लोकप्रिय आसान ट्रैक में से एक है और गर्मियों में यहां का तापमान न ज्यादा ठंडा और न ही गर्म होता है। यहां तक पहुंचने के लिए आपको करीब 3 किलोमीटर का ट्रैक करना होता है। हल्की चढ़ाई, साफ रास्ते, हरे भरे पेड़ और झरनों के बीच से गुजरते वक्त ये नजारे मन को मोह लेते हैं।

2- नागालापुरम ट्रैक- तमिलानाडु
तमिलनाडु में ही नागालापुरम है, जहां पहुंचने के लिए कुछ देर पैदल चलना पड़ता है। यह रास्ता झाड़ियों वाले जंगल और छोटी पहाड़ियों से होकर गुजरता है। यहां प्रकृति के बीच बैठकर कुछ देर सुकून के पल बिता सकते हैं।

3- मेप्पाडी व्यूपॉइंट- वायनाड, केरल
केरल के वायनाड में स्थित मेप्पाडी अपने खूबसूरत वादियों के लिए मशहूर है। यह एक छोटा सा ट्रैक है, जहां आप प्रकृति की सुंदरता अपनी आंखों में कैद कर सकते हैं। यहां की हरी-भरी घाटियां और बादलों के बीच पहाड़ आपके ट्रैक को और भी यादगार बना सकते हैं।

4- सकलेशपुर- कर्नाटक
कर्नाटक के पश्चिमी घाट में बसा सकलेशपुर एक बेहद शांत और खूबसूरत हिल स्टेशन है, जो अपनी हरियाली, कॉफी बागानों और पहाड़ी नजारों के लिए प्रसिद्ध है। यहां का मौसम सालभर सुहावना रहता है, गर्मियों के मौसम में भी तापमान स्थिर और ठंडा रहता है। यह इलाका घने जंगलों, पहाड़ियों और धुंध से ढकी वादियों से घिरा हुआ है।

5- कुद्रेमुख- कर्नाटक
भी कर्नाटक में स्थित एक बेहद खूबसूरत हिल स्टेशन है, जिसका नाम यहां की एक पहाड़ी के आकार से पड़ा है, जो घोड़े के चेहरे जैसी दिखाई देती है। यह इलाका अपनी घनी हरियाली, बादलों से ढकी वादियों और शांत वातावरण के लिए जानता जाता है। ट्रेकिंग और नेचर लवर्स हैं तो यहां एक बार जरूर जाएं।

6- अगुम्बे- कर्नाटक
कर्नाटक के शिमोगा जिले में स्थित अगुम्बे एक छोटा लेकिन बेहद खूबसूरत हिल स्टेशन है, जिसे ‘दक्षिण भारत का चेरापूंजी’ कहा जाता है, क्योंकि यहां अक्सर भारी बारिश और घने बादल देखने को मिलते हैं। यह हिल स्टेशन शानदार सूर्यास्त और घने जंगलों के लिए मशहूर है।

7- वालपराई- तमिलनाडु
तमिलनाडु के अनामलाई पहाड़ियों में स्थित वालपराई एक बेहद शांत और कम भीड़भाड़ वाला हिल स्टेशन है, जिसे लोग ‘छिपा हुआ स्वर्ग’ कहते हैं। यह जगह घने जंगलों, हरियाली, चाय और कॉफी के बड़े बागानों के लिए जानी जाती है। यहां का रास्ता घुमावदार पहाड़ी सड़कों से होकर गुजरता है, जहां आपको बादलों से ढकी घाटियां भी नजर आ सकती हैं। गर्मियों के मौसम में शांत माहौल में सुकून के पल बिताने के लिए यहां भी जा सकते हैं।

Also Read
गर्मी की छुट्टियों में बच्चों को दिखाएं भारत का इतिहास, ले जाएं इन 7 जगहों पर घुमाने