दक्षिण भारतीय व्यंजन अपने अनोखे स्वाद और बनाने के पारंपरिक तरीके के लिए प्रसिद्ध हैं। आज न केवल देश में, बल्कि दुनिया भर में भी लोग दक्षिण भारतीय व्यंजनों को बड़े चाव से खाना पसंद करते हैं। इडली, डोसा और वड़ा जैसे फूड्स विश्व प्रसिद्ध हैं। इन्हीं में से एक वांगी भात है, जो अपने खास स्वाद और बनाने के तरीके लिए जानी जाती है।

वांगी भात आप किसी भी समय बना सकते हैं। खासकर तब जब आपका मन साधारण चावल खाकर ऊब गया हो या फिर चावल की कोई नई और स्वादिष्ट रेसिपी ट्राई करना चाहते हैं, तो यह दक्षिण भारतीय डिश बना सकते हैं। यह कर्नाटक में काफी प्रसिद्ध है। आइए जानते हैं इसे बनाने का तरीका और इसमें कौन-कौन सी चीजें मिलाई जाती हैं।

वांगी भात बनाने के लिए सामग्री

मसाला

1 बड़े चम्मच धनिया के बीज
1 छोटा चम्मच जीरा
6-8 सूखी लाल मिर्च
1 छोटा चम्मच काली मिर्च
1 बड़ा चम्मच चना दाल
1.5 छोटा चम्मच उड़द दाल
1 इंच दालचीनी का टुकड़ा
3-4 लौंग
आधा छोटा चम्मच मेथी दाना
1 बड़ा चम्मच सूखा नारियल
1 छोटा चम्मच तिल

भात के लिए

2 कप पका हुआ छोटे दाने वाला चावल (सोना मसूरी, पूरी तरह ठंडा किया हुआ)
8-10 छोटे बैंगन, लंबे कटे हुए
2-3 बड़े चम्मच तेल (परंपरागत रूप से मूंगफली का तेल)
1 छोटा चम्मच राई
8-10 करी पत्ते
1 चुटकी हींग
1 मध्यम प्याज, पतला कटा हुआ (वैकल्पिक)
1/4 कप इमली का पानी (गर्म पानी में भिगोकर निचोड़ लें)
1-2 छोटा चम्मच गुड़
स्वादानुसार नमक

सजावट के लिए

ताजा हरा धनिया
भुनी हुई मूंगफली या काजू (वैकल्पिक)
थोड़ा घी (वैकल्पिक)

वांगी भात बनाने की आसान विधि

सबसे पहले धनिया, जीरा, लाल मिर्च, काली मिर्च, चना दाल, उड़द दाल, दालचीनी, लौंग, तिल और सूखा नारियल को धीमी आंच पर सूखा भून लें जब तक खुशबू न आने लगे। इसके बाद ठंडा करके बारीक पाउडर बना लें।

इमली को गर्म पानी में 10 मिनट भिगोकर उसका गूदा निकाल लें। अब एक पैन में तेल गरम करें और राई डालें। तड़के के बाद चना दाल, उड़द दाल, करी पत्ते, हरी मिर्च और प्याज डालकर हल्का भून लें। अब इसमें बैंगन, हल्दी और नमक डालकर बैंगन को नरम और हल्का भूरा होने तक पकाएं।

अब इसमें इमली का पानी डालकर 5 मिनट पकाएं। फिर 3 छोटे चम्मच वांगी भात मसाला डालकर अच्छे से मिलाएं। अब पके हुए चावल डालकर बैंगन वाले मिश्रण के साथ हल्के हाथ से मिला लें। इसके बाद ऊपर से भुनी मूंगफली या काजू डालें और हरे धनिया से सजा दें।

अंत में 10 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सारे स्वाद अच्छे से मिल जाएं। इसे आप लंच से लेकर डिनर तक में बना सकते हैं।

Also Read
रात के हल्के खाने के लिए झटपट बनाएं दलिया वेज उपमा, ये है आसान रेसिपी