क्रिकेट के मैदान पर अपनी कप्तानी और शानदार बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले सौरव गांगुली का कोलकाता में बना पुश्तैनी घर किसी आलीशान हवेली से कम नहीं है। करीब 40 करोड़ रुपये की कीमत वाले इस घर में 48 कमरे हैं। यहां एक ऐसा ट्रॉफी रूम भी है, जहां उनके क्रिकेट करियर की यादें सहेजकर रखी गई हैं। इतना ही नहीं, घर के पिछले हिस्से में एक छोटा क्रिकेट पिच भी है, जहां आज भी गांगुली अपने पसंदीदा खेल से जुड़े रहते हैं। आइए, देखते हैं उनके इस खास घर की एक झलक।

सौरव गांगुली के घर की खासियतें

कोलकाता के बेहाला इलाके में बीरेन रॉय रोड पर बना सौरव गांगुली का यह पुश्तैनी घर काफी बड़ा और खूबसूरत है। करीब 48 कमरों वाले इस घर में परिवार के साथ वक्त बिताने से लेकर मेहमानों की मेजबानी तक के लिए अलग-अलग जगहें बनाई गई हैं। यहां कई डाइनिंग और सिटिंग एरिया हैं। घर की सजावट में भव्यता के साथ सादगी का भी खास ध्यान रखा गया है।

हल्के रंगों से सजा है घर का इंटीरियर

सौरव गांगुली को घर की दीवारों के लिए हल्के रंग पसंद हैं। वह बहुत चमकीले लाल या नीले रंगों को पसंद नहीं करते। उनका मानना है कि दीवारों के रंगों का असर घर के माहौल पर भी पड़ता है। हल्के रंगों से घर में शांति और सुकून का एहसास बना रहता है।

Asian Paints की सीरीज ‘Where The Heart Is’ में अपने घर के बारे में बात करते हुए गांगुली ने बताया था कि उनकी मां को सफेद रंग बहुत पसंद है। हालांकि, भारत में धूल-मिट्टी के कारण हल्के रंगों को साफ रखना थोड़ा मुश्किल होता है।

घर के लिविंग एरिया में क्रीम और ऑफ-व्हाइट रंगों का इस्तेमाल किया गया है। बड़ी खिड़कियों से आती रोशनी इन जगहों को और खुला-रोशन बनाती है। गांगुली और उनके परिवार को सर्दियों में घर के अंदर धूप और उसकी गर्माहट का एहसास पसंद है, इसलिए घर के डिजाइन में रोशनी का खास ध्यान रखा गया है।

शाही अंदाज वाला डाइनिंग एरिया

घर का डाइनिंग एरिया भी काफी खास है। यहां क्रीम रंग की कुर्सियों और सुनहरे डिटेलिंग वाली आठ लोगों के बैठने की बड़ी डाइनिंग टेबल रखी गई है। दीवारों पर पुराने स्टाइल की कैबिनेट हैं, जिनमें टीवी, तस्वीरों और सजावट के दूसरे सामान के लिए जगह बनाई गई है। दीवारों पर लगी कलाकृतियां और हल्की गर्म रोशनी देने वाली लाइट्स इस जगह को क्लासिक लुक देती हैं।

चाय, बिस्किट और अखबार… यह है गांगुली का पसंदीदा कोना

घर में सौरव गांगुली की सबसे पसंदीदा जगहों में से एक है उनका ‘अर्ली मॉर्निंग कॉर्नर’। सेज ग्रीन रंग की दीवारों और ऑलिव ग्रीन सोफे वाला यह कोना उनके दिन की शुरुआत का खास हिस्सा है।

यहां वह सुबह चाय और बिस्किट के साथ बैठकर अखबार पढ़ना पसंद करते हैं। गांगुली ने बताया था कि अखबार पढ़ते समय उनकी नजर सबसे पहले खेल की खबरों पर जाती है। इसके बाद वह अखबार को पीछे से पढ़ना शुरू करते हैं। उनके मुताबिक, क्रिकेट खेलें या न खेलें, अखबार हमेशा पीछे से ही खुलता है।

ट्रॉफी रूम में सहेजी हैं करियर की अनमोल यादें

सौरव गांगुली के घर का सबसे भावुक हिस्सा उनका ट्रॉफी रूम है। यहां उनके क्रिकेट करियर से जुड़ी तस्वीरें, ट्रॉफियां और कई यादगार चीजें रखी गई हैं। इस कमरे से उनका लगाव इसलिए भी खास है, क्योंकि इसे उनके पिता ने तैयार करवाया था।

गांगुली ने बताया था कि उनके पिता को क्रिकेट से बेहद लगाव था। कमरे में लगी हर तस्वीर और रखी गई हर ट्रॉफी उन्होंने ही सहेजकर रखी थी। पिता अब उनके साथ नहीं हैं, लेकिन यह कमरा उन्हें उनकी याद दिलाता है।

इस ट्रॉफी रूम में इंग्लैंड में लगातार दो टेस्ट शतक लगाने के मौके से जुड़ी 21 साल पुरानी शैंपेन की बोतलें भी रखी हैं। इसके अलावा कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ उनके जुड़ाव के समय के आईपीएल हेलमेट भी यहां देखे जा सकते हैं। इस तरह यह कमरा उनके शानदार क्रिकेट सफर की यादों को एक साथ समेटे हुए है।

घर के पीछे है छोटा-सा क्रिकेट पिच

क्रिकेट से सौरव गांगुली का रिश्ता सिर्फ ट्रॉफी रूम तक सीमित नहीं है। उनके घर के पिछले हिस्से में हरे-भरे पेड़ों से घिरा खुला मैदान है। इसके किनारे सफेद और लाल टाइल्स से बना रनिंग ट्रैक भी है। इसी जगह एक छोटा-सा क्रिकेट पिच तैयार किया गया है, जहां गांगुली आज भी अपने पसंदीदा खेल के प्रति लगाव बनाए रखते हैं।

घर की सजावट में न्यूट्रल रंगों का बढ़ रहा चलन

घर के इंटीरियर में हल्के और न्यूट्रल रंगों का इस्तेमाल आजकल काफी पसंद किया जा रहा है। इंडियन एक्सप्रेस की टीम से बातचीत में यूरो प्रतीक सेल्स लिमिटेड के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर प्रतीक सिंहवी ने बताया कि ऐसे रंग घर को खुला और व्यवस्थित एहसास देते हैं। दीवारों को आकर्षक बनाने के लिए वॉल पैनलिंग और लैमिनेट पैनल का इस्तेमाल भी एक लोकप्रिय तरीका है।