Teej makeup look tutorial: हरियाली तीज पर अगर आप ट्रेडिशनल साड़ी या लहंगा पहन रही हैं, तो उसके साथ सॉफ्ट, ग्लोइंग और फेस्टिव मेकअप लुक बेहद खूबसूरत लगेगा। आंखों को हाईलाइट करके लिप्स को ज्यादा डार्क रखने के बजाय बैलेंस्ड रखें। इस बार अगर आपको सिंपल लुक भी नहीं चाहिए और बहुत ज्यादा हैवी मेकअप भी नहीं करना है तो सॉफ्ट ग्लैम ट्रेडिशनल मेकअप ट्राई करना चाहिए। इन दिनों गर्मी-उमस भी बहुत ज्यादा है। ऐसे में हैवी मेकअप की बजाय आपको ग्लोइंग बेस, शिमरी आंखें और सॉफ्ट लिप्स मेकअप ट्राई करने चाहिए। आप इस तरह का लुक पाने के लिए यहां बताए स्टेप्स फॉलो कर सकती हैं।

स्टेप 1: सबसे पहले करें ये काम

मेकअप शुरू करने से पहले चेहरे को अच्छी तरह क्लीन करें। इसके बाद अपनी स्किन के अनुसार मॉइश्चराइजर लगाएं। इससे मेकअप पैची या ड्राई नहीं दिखेगा। अगर आप चाहती हैं कि मेकअप लंबे समय तक टिका रहे, तो मॉइश्चराइजर के बाद प्राइमर लगा सकती हैं। खासतौर पर टी-जोन पर प्राइमर लगाने से मेकअप ज्यादा स्मूद दिख सकता है।

स्टेप 2: हल्का और नेचुरल बेस बनाएं

हरियाली तीज जैसे खास मौके पर फेस्टिव लुक के लिए बहुत ज्यादा हैवी फाउंडेशन की जरूरत नहीं है। अपने स्किन टोन से मैच करता हुआ फाउंडेशन या स्किन टिंट लगाएं और अच्छी तरह ब्लेंड करें। डार्क सर्कल या चेहरे के किसी हिस्से को कवर करने के लिए कंसीलर का इस्तेमाल करें। इसके बाद जरूरत के अनुसार हल्का कॉम्पैक्ट या लूज पाउडर लगाएं।

स्टेप 3: चेहरे पर लाएं सॉफ्ट ग्लो

गालों पर हल्का पीच या रोज पिंक ब्लश लगाएं। इसे बहुत ज्यादा गहरा न रखें, क्योंकि इस लुक में नेचुरल फ्लश ज्यादा खूबसूरत लगेगा। इसके बाद चीकबोन्स, नाक की ब्रिज और चेहरे के हाई पॉइंट्स पर हल्का हाईलाइटर लगाएं। इससे चेहरे पर सॉफ्ट फेस्टिव ग्लो आएगा।

स्टेप 4: आंखों को दें सबसे ज्यादा अटेंशन

इस तरह के ट्रेडिशनल लुक में आंखों का मेकअप काफी अहम होता है।

सबसे पहले पलकों पर न्यूड या हल्का ब्राउन आईशैडो लगाएं।
क्रीज पर थोड़ा डार्क ब्राउन शेड लगाकर अच्छी तरह ब्लेंड करें।
इसके बाद अपनी ड्रेस से मैच करता हुआ गोल्डन या शिमरी आईशैडो पलकों के बीच वाले हिस्से पर लगा सकती हैं।
अब पतली लाइन में ब्लैक आईलाइनर लगाएं।
चाहें तो हल्का विंग्ड आईलाइनर भी बना सकती हैं।
काजल से आंखों को डेफिन करें।
आखिर में मस्कारा लगाकर लैशेज को वॉल्यूम दें।

स्टेप 5: आईब्रो को रखें नेचुरल

आईब्रो को बहुत ज्यादा डार्क भरने के बजाय हल्के हाथ से शेप दें। खाली जगह को आईब्रो पेंसिल या पाउडर से भरें और ब्रश से ब्लेंड कर दें।

स्टेप 6: लिप्स के लिए चुनें सॉफ्ट शेड

हैवी ट्रेडिशनल आउटफिट और ज्वेलरी के साथ न्यूड पिंक, रोज, पीच या सॉफ्ट ब्राउन लिपस्टिक अच्छा विकल्प हो सकती है। लिपस्टिक लगाने से पहले लिप लाइनर से होंठों की शेप बनाएं। इससे लिपस्टिक ज्यादा साफ-सुथरी दिखेगी।

स्टेप 7: आखिर में मेकअप को करें सेट

सारा मेकअप पूरा होने के बाद सेटिंग स्प्रे लगाएं। इससे मेकअप को लंबे समय तक फ्रेश रखने में मदद मिल सकती है।