आज के डिजिटल दौर में रिश्ते बनाना जितना आसान हो गया है, उन्हें निभाना उतना ही चुनौतीपूर्ण भी हो गया है। डेटिंग ऐप्स, सोशल मीडिया और इंस्टेंट मैसेजिंग के इस युग में एक नया ट्रेंड तेजी से देखने को मिल रहा है, जिसे ‘सॉफ्ट घोस्टिंग’ कहा जाता है। यह पूरी तरह से संपर्क खत्म करने यानी घोस्टिंग से थोड़ा अलग है, लेकिन इसका असर उतना ही दर्दनाक हो सकता है।

क्या है सॉफ्ट घोस्टिंग?

सॉफ्ट घोस्टिंग एक ऐसा व्यवहार है, जिसमें कोई व्यक्ति अचानक संपर्क बंद नहीं करता, बल्कि धीरे-धीरे बातचीत और जुड़ाव कम करने लगता है। वह आपके संदेशों का जवाब तो देता है, लेकिन केवल एक शब्द में, इमोजी भेजकर या सिर्फ मैसेज को ‘लाइक’ करके अपनी मौजूदगी दर्ज कराता है।

उदाहरण के लिए, जो व्यक्ति पहले घंटों बातचीत करता था, वह अब केवल ‘ओके’ या ‘हम्म’ जैसे जवाब देने लगे। वह बातचीत को आगे बढ़ाने की कोशिश नहीं करता और न ही मिलने-जुलने की पहल करता है। इसका मकसद अक्सर बिना सीधे मना किए रिश्ते से दूरी बनाना होता है।

सॉफ्ट घोस्टिंग के संकेत

सॉफ्ट घोस्टिंग के कुछ सामान्य संकेत होते हैं, जिन्हें समय रहते पहचानना जरूरी है। यदि कोई व्यक्ति पहले की तुलना में आपके संदेशों का जवाब देने में अधिक समय लेने लगे, बातचीत में उत्साह और रुचि कम दिखाए, खुद से बातचीत शुरू न करे या मिलने-जुलने की योजनाओं को बार-बार टालने लगे, तो यह सॉफ्ट घोस्टिंग का संकेत हो सकता है।

इसके अलावा, तय कार्यक्रमों को आखिरी समय में रद्द करना, आपकी जिंदगी, काम या भावनाओं में पहले जैसी दिलचस्पी न दिखाना और उनके बदले हुए व्यवहार के बारे में पूछने पर केवल ‘बहुत बिजी हूं’ जैसे अस्पष्ट बहाने देना भी इस बात की ओर इशारा करता है कि वह व्यक्ति धीरे-धीरे आपसे दूरी बनाने की कोशिश कर रहा है।

लोग सॉफ्ट घोस्टिंग क्यों करते हैं?

लोग सॉफ्ट घोस्टिंग कई कारणों से करते हैं। अक्सर वे किसी रिश्ते या दोस्ती में अपनी रुचि खत्म होने की बात सीधे कहने से बचते हैं और टकराव से दूर रहने के लिए धीरे-धीरे दूरी बनाने लगते हैं। कुछ मामलों में शुरुआती आकर्षण समय के साथ कम हो जाता है, इसलिए व्यक्ति बिना स्पष्ट बातचीत किए संपर्क घटाने लगता है।

वहीं, कई लोग अपनी भावनाओं को लेकर असमंजस में रहते हैं और यह तय नहीं कर पाते कि रिश्ते को आगे बढ़ाना है या नहीं, जिसके कारण वे संपर्क तो बनाए रखते हैं लेकिन पूरी तरह से जुड़ते भी नहीं। कुछ लोगों को लगता है कि सीधे इंकार करने से सामने वाले को ज्यादा दुख होगा, इसलिए वे धीरे-धीरे दूर होना बेहतर समझते हैं, हालांकि इससे अक्सर कन्फ्यूजन और इमोशनल डिस्ट्रेस बढ़ जाती है। इसके अलावा, कम्युनिकेशन स्किल्स की कमी भी एक बड़ा कारण है, क्योंकि कई लोग अपनी भावनाओं और इरादों को स्पष्ट रूप से व्यक्त नहीं कर पाते और सॉफ्ट घोस्टिंग का रास्ता चुन लेते हैं।

सॉफ्ट घोस्टिंग और व्यस्तता में अंतर कैसे पहचानें?

हर देर से आने वाला जवाब सॉफ्ट घोस्टिंग का संकेत नहीं होता। हो सकता है सामने वाला व्यक्ति काम, पढ़ाई या निजी समस्याओं में व्यस्त हो। लेकिन अगर बदलाव लगातार दिख रहा हो, बातचीत में रुचि खत्म हो गई हो, मिलने की कोशिशों से बचा जा रहा हो, तो यह केवल व्यस्तता नहीं, बल्कि दूरी बनाने का संकेत हो सकता है।

अगर आपके साथ सॉफ्ट घोस्टिंग हो रही है तो क्या करें?

यदि आपके साथ सॉफ्ट घोस्टिंग हो रही है, तो सबसे पहले शांत और सम्मानजनक तरीके से सामने वाले व्यक्ति से खुलकर बात करने की कोशिश करें और पूछें कि क्या सब कुछ ठीक है, क्योंकि कई बार एक ईमानदार बातचीत स्थिति को स्पष्ट कर सकती है। हालांकि, अगर सामने वाला लगातार उदासीन व्यवहार कर रहा है, तो बार-बार संपर्क करने या खुद को साबित करने की कोशिश न करें।

यह समझना भी जरूरी है कि कई बार जवाब न देना भी एक तरह का जवाब होता है, इसलिए लगातार मिल रहे संकेतों को नजरअंदाज न करें। ऐसे रिश्तों में अपनी इमोशनल एनर्जी और टाइम इन्वेस्टमेंट करने के बजाय खुद को प्राथमिकता दें, खासकर तब जब आपकी भावनाओं की कद्र न हो रही हो। याद रखें कि हर रिश्ता सफल नहीं होता, इसलिए यदि कोई व्यक्ति स्पष्ट रूप से रुचि नहीं दिखा रहा है, तो अपनी मानसिक शांति, आत्मसम्मान और खुशहाली को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ना ही बेहतर विकल्प है।

क्या सॉफ्ट घोस्टिंग, घोस्टिंग से बेहतर है?

कुछ लोगों को लगता है कि सॉफ्ट घोस्टिंग, पूरी तरह गायब हो जाने से कम तकलीफदेह है क्योंकि इसमें कम से कम कुछ प्रतिक्रिया मिलती रहती है। लेकिन एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह भी कन्फ्यूजन, असुरक्षा और इमोशनल स्ट्रेस पैदा कर सकती है। दोनों ही स्थितियां स्वस्थ और सम्मानजनक संवाद का विकल्प नहीं हैं।

Also Read
क्या है ग्रेटेस्ट, बूमर्स, मिलेनियल्स और Gen Z? जानिए आप किस जनरेशन से रखते हैं ताल्लुक