Instant Bun Dosa Recipe: सुबह की भागदौड़ में अक्सर लोगों के पास नाश्ता तैयार करने के लिए ज्यादा समय नहीं होता। ऐसे में कई बार लोग जल्दबाजी में नाश्ता छोड़ देते हैं या फिर बाहर का खाना खाते हैं। हालांकि दिन की अच्छी शुरुआत के लिए पौष्टिक और घर का बना नाश्ता बहुत जरूरी माना जाता है। अगर आप भी ऑफिस, स्कूल या कॉलेज जाने से पहले कम समय में स्वादिष्ट और आसानी से बनने वाला नाश्ता तैयार करना चाहते हैं, तो इंस्टेंट बन डोसा रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। इसका आकार और टेक्चर बन जैसा होता है जिसकी वजह से इसे बन डोसा कहा जाता है। खास बात यह है कि इसे कम समय में तैयार किया जा सकता है।

बाहर से हल्का क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट बनने वाला यह डोसा सुबह के समय एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इसे आप नारियल की चटनी, टमाटर की चटनी या सांभर के साथ सर्व कर सकते हैं। यह रेसिपी शेफ कुणाल कपूर ने अपने यूट्यूब चैनल पर साझा की है। आइए जानते हैं इसे बनाने का तरीका।

बन डोसा के लिए जरूरी सामग्री

सूजी (रवा) – 1 कप
दही – ½ कप
नमक – स्वादानुसार
पानी – 1 कप
तेल – 1½ चम्मच
हींग – ½ चम्मच
राई – 1 चम्मच
हरि मिर्च – 2
चना दाल – 2 चम्मच
अदरक – 2 चम्मच
प्याज – ¼ कप
करी पत्ता – 8-9
ताज़ा धनिया – आधा कप
बेकिंग सोडा – 1 – 1½चम्मच
तेल

बनाने का तरीका

इसे बनाने के लिए सूजी को मिक्सर में दही, नमक और पानी डालकर ग्राइंड कर लें। इसके बाद इसे बाउल में निकाल लें। इस तरह बन डोसे का बैटर तैयार हो जाएगा। इसमें तड़का लगाने के लिए एक पैन में तेल गर्म करें। इसमें हींग, राई, हरी मिर्च, चना दाल, अदरक, प्याज और करी पत्ता डालकर कुछ देर पकाएं। अब इस तड़के को बैटर में मिलाएं। अब इसमें हरा धनिया मिलाएं जिससे डोसे का स्वाद और रंग दोनों बेहतर हो जाएगा।

अब पकाने से पहले बैटर में थोड़ा सा बेकिंग सोडा मिला लें। इससे बैटर फ्लफी और लाइट होगा और डोसा सॉफ्ट बनेगा। अब इसे पकाने के लिए तड़का पैन या अप्पम की कड़ाही इस्तेमाल कर सकते हैं। पैन में हल्का-सा तेल लगाएं और फिर बैटर डालकर धीमी आंच पर पकने दें। अब इसे चम्मच की मदद से दूसरी तरफ पलट दें। इसी तरह बाकी के बन डोसे भी तैयार कर लें। इसे आप टमाटर की चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं।