घर में कई ऐसी चीजें होती हैं, जिन्हें इस्तेमाल करने के बाद बेकार समझकर फेंक दिया जाता है। लेकिन इन चीजों को कई कामों में दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है। इन्हीं में से एक है साबुन के छोटे-छोटे टुकड़े। दरअसल, साबुन इस्तेमाल करने के बाद अंत में जब वह छोटा रह जाता है तो उसे हम अक्सर बेकार समझकर फेंक देते हैं। लेकिन थोड़ी सी क्रिएटिविटी की मदद से आप इन साबुन के टुकड़ों से बाजार जैसा पेपर सोप बना सकते हैं। इससे बनाना आसान है और साथ ही पैसे भी ज्यादा खर्च नहीं करने होते हैं। जरूरत पड़ने पर आप पूरा साबुन इस्तेमाल करने के बजाय खुद से बनाए पेपर सोप का इस्तेमाल कर सकते हैं।
पेपर सोप का इस्तेमाल खासकर ट्रैवलिंग के दौरान किया जाता है। इसके साथ ही सार्वजनिक शौचालय, पार्क या फिर कैफे में भी हाथ धोने के लिए इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके साथ ही स्कूल या बाहर खेलने के बाद बच्चों के हाथ जल्दी गंदे हो जाते हैं, ऐसे में उन्हें साफ करने के लिए भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। आइए जानते हैं घर पर पेपर सोप कैसे बनाएं।
पेपर सोप बनाने के लिए जरूरी सामान
बचे हुए साबुन के टुकड़े
थोड़ा गर्म पानी
नारियल तेल या ऑलिव ऑयल
एसेंशियल ऑयल
सिलिकॉन ट्रे या फ्लैट डिश
पर्चमेंट पेपर या वैक्स पेपर
कैंची
घर पर पेपर सोप कैसे बनाएं
1- सबसे पहले साबुन को छोटे टुकड़ों में काटें या फिर कद्दूकस कर लें। इसके बाद एक बर्तन में साबुन के टुकड़े डालें और धीमी आंच पर हल्का पानी डालें। ध्यान से इसे धीरे-धीरे पिघलाएं ताकि साबुन पूरी तरह से नरम और घुलनशील हो जाए।
2- पिघले साबुन में 1 छोटा चम्मच नारियल या ऑलिव ऑयल डालें। इसके बाद 3-5 बूंद एसेंशियल ऑयल डालें (लेवेंडर, टी ट्री या नीम) और अच्छी तरह मिलाएं। इनसे पेपर सोप में न सिर्फ हल्की खुशबू आएगी, बल्कि यह हाथों को धोने के बाद भी मॉइस्चराइजिंग रहेगा।
3- अब इसे सिलिकॉन ट्रे या फ्लैट डिश पर पर्चमेंट पेपर पर रखें। उसपर साबुन का मिश्रण पतली चादर की तरह फैला दें। मोटाई लगभग 1-2 मिमी रखें।
4- मिश्रण को 30-40 मिनट के लिए कमरे के तापमान पर या फ्रिज में ठंडा होने दें। यह ठंडा होने पर सख्त और पेपर जैसी जाएगी।
5- ठंडा होने के बाद पतली चादर को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। अब इसे किसी एयरटाइट बॉक्स में रखें ताकि यह नमी से खराब न हो।
डिस्क्लेमर: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए विशेषज्ञ से जरूर परामर्श करें।
Also Read
खाली नेल पॉलिश की बोतलें फेंकें नहीं, बनाएं ये 7 आकर्षक होम डेकोर
