कई बार अलमारी में कपड़े इतने ज्यादा हो जाते हैं कि दरवाजा खोलते ही कपड़े नीचे गिरने लगते हैं। दरअसल, मौसम के अनुसार कपड़े बदलते रहते हैं, गर्मी, सर्दी और बारिश के अलग-अलग कपड़े होने की वजह से अलमारी में जगह कम पड़ने लगती है। इसके अलावा नए कपड़े जोड़ते रहने और पुराने कपड़ों को सही तरीके से व्यवस्थित न करने से भी अलमारी जल्दी भर जाती है। ऐसी स्थिति में जरूरी कपड़े रखना मुश्किल हो जाता है और अक्सर वही कपड़े सामने आते हैं जो ऊपर रखे होते हैं। इससे अलमारी बिखरी हुई दिखती है और समय भी ज्यादा लगता है। अगर आप कुछ आसान तरीकों से कपड़ों को सही तरह से सेट करें तो आपकी अलमारी न सिर्फ व्यवस्थित दिखेगी बल्कि उसमें अतिरिक्त जगह भी बन जाएगी।
1- सारे कपड़ों को बाहर निकाल लें
सबसे पहले अलमारी से सारे कपड़े बाहर निकाल लें। इससे आपको पता चलेगा कि कितने कपड़े हैं और कौन से जरूरी हैं। पुराने या लंबे समय से न पहने कपड़ों को अलग कर दें।
2- मौसम के अनुसार अलमारी सेट करें
अपनी अलमारी को मौसम के अनुसार सेट करें। जो भी मौसम चल रहा है उसी के अनुसार उसमें कपड़े रखें। अन्य कपड़ों को बड़े ऑर्गनाइजर में डालकर बेड बॉक्स या फिर ऊपर के शेल्फ में रख दें। इससे अलमारी में जरूरत के कपड़ों को रखने के लिए पर्याप्त जगह मिल जाएगी।

3- कैटेगरी बनाएं
अब कपड़ों की कैटेगरी बनाएं। जैसे ऑफिस, कैजुअल, पार्टी वियर, जींस, टी-शर्ट, साड़ी और नाइट वियर कपड़ों को अलग-अलग सेक्शन में रखें। जरूरत के कपड़ों को सामने रखें और कम इस्तेमाल होने वाले कपड़ों को पीछे की ओर रखें। इससे कपड़ों को ढूंढने में आसानी होगी।
4- फोल्ड करने का सही तरीका
कपड़ों को ढेर बनाकर रखने के बजाए उन्हें सीधा फोल्ड करके रखें। इससे कपड़े गिरते नहीं हैं और आपको एक नजर में दिख जाते हैं। इसके साथ ही शर्ट, कुर्ते और ब्लेजर को हैंगर पर रखें। टी-शर्ट, जींस और पजामे को फोल्ड करके रखें। इससे अलमारी व्यवस्थित दिखेगी और जरूरत के कपड़े समय पर आसानी से मिल जाएंगे।
5- छोटे ऑर्गनाइजर का इस्तेमाल
अलमारी में कपड़ों को रखने के लिए छोटे-छोटे ऑर्गनाइजर का इस्तेमाल करें। इसमें मोजे, एक्सेसरीज, अंडरगारमेंट्स और अन्य चीजें रखें।
इन छोटे-छोटे तरीकों को अपनाकर आप अपनी अलमारी को आसानी से ऑर्गेनाइज कर सकते हैं। इससे समय तो बचेगा ही और साथ ही जरूरत के समय इस्तेमाल होने वाले कपड़े आसानी से मिल जाएंगे।
Also Read
फेंकने से पहले जरूर देखें, बेकार पड़ी साड़ियों से बनाएं 5 खूबसूरत होम डेकोर आइटम्स
