Terrace Garden Decor Ideas: मानसून के दौरान आसपास हरियाली और ठंडी हवाओं के बीच घर के टेरेस गार्डन पर समय बिताना मन को सुकून देता है। हालांकि कई बार हम टेरेस गार्डन का डेकोर बदलना चाहते हैं, लेकिन जगह कम होने की वजह से ऐसा करने में मुश्किल होती है। ऐसे में आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है। बल्कि कुछ आसान तरीकों की मदद से कम जगह को भी आकर्षक बनाया जा सकता है। अगर आप अपने छोटे टेरेस गार्डन का मेकओवर करना चाहते हैं, तो यहां बताए गए कुछ आसान तरीकों की मदद ले सकते हैं। जिससे टेरेस गार्डन को नया और फ्रेश लुक मिल सकता है।

वुडन शेल्फ

टेरेस गार्डन का मेकओवर करने के लिए वुडन शेल्फ लगाई जा सकती है। इसके ऊपर आप छोटे-छोटे पौधे या सजावटी चीजों को रख सकते हैं। यह छोटे टेरेस गार्डन को खूबसूरत और आकर्षक बनाने में मदद कर सकता है।

प्लांट स्टैंड

अगर आप कम जगह में ज्यादा पौधे रखना चाहते हैं, तो प्लांट स्टैंड को टेरेस गार्डन पर रखना एक बेहतरीन तरीका साबित हो सकता है। इसे आप टेरेस पर किसी भी कॉर्नर में रख सकते हैं, जो दिखने में काफी खूबसूरत लगता है और पौधे भी व्यवस्थित नजर आते हैं।

वुडन पैलेट टेबल

टेरेस गार्डन को खूबसूरत और स्टाइलिश बनाने के लिए वुडन पैलेट टेबल का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसे टेरेस पर गार्डन टेबल के रूप में रख सकते हैं। इसके ऊपर डेकोरेटिव पीस या बाउल रख सकते हैं। यह गार्डन को आकर्षक और विंटेज लुक देने में मदद करेगी।

मेक्रम वॉल हैंगिंग

अगर टेरेस गार्डन की दीवार खाली-खाली लग रही है, तो मेक्रम वॉल हैंगिंग का इस्तेमाल किया जा सकता है। यह धागों या रस्सियों से बनाई जाती है, जो बालकनी या टेरेस की सुंदरता को बढ़ाने का काम करेगी। इसे आप घर पर भी रस्सियों की मदद से तैयार कर सकते हैं।

हैंगिंग प्लांटर्स

अक्सर छोटे टेरेस गार्डन कुछ पौधे रखने के बाद जगह भरी-भरी नजर आती है। ऐसे में हैंगिंग प्लांटर्स का इस्तेमाल टेरेस गार्डन को बेहतरीन लुक देगा और साथ ही जगह भी बचाएगा। इसे आप रेलिंग के ऊपर या दीवारों के पास लटका सकते हैं। जिसमें फूलों से लेकर सजावटी पौधों को लगाया जा सकता है।

स्ट्रिंग लाइट्स

स्ट्रिंग लाइट्स की मदद से रात के समय टेरेस गार्डन की चमक और निखर जाएगी। इसे आप चारों तरफ लगा सकते हैं, जो दिखने में बहुत ही आकर्षक लगता है। आप चाहें तो इसे प्लांट स्टैंड के साइड में भी लगा सकते हैं, जो पौधों के साथ काफी खूबसूरत नजर आएगी।