Kitchen Garden Tips: आजकल कई लोग घर पर ही किचन गार्डन बनाने का शौक रखते हैं ताकि उन्हें ताजी और बिना केमिकल वाली सब्जियां मिल सकें। हालांकि छोटे घर या कम जगह की वजह से लोग किचन गार्डन बनाने का विचार छोड़ देते हैं। लेकिन हर बार किचन गार्डन बनाने के लिए ज्यादा जगह की जरूरत नहीं होती है। कम जगह में भी घर पर खूबसूरत किचन गार्डन तैयार किया जा सकता है। स्मार्ट और क्रिएटिव तरीका अपनाया जाए तो घर के कोने में भी पौधे लगाए जा सकते हैं।

अगर आपका घर छोटा है तो किचन गार्डन बनाने के लिए कुछ तरीके अपनाए जा सकते हैं। कम जगह में तैयार किया गया किचन गार्डन न सिर्फ घर की सुंदरता बढ़ाता है बल्कि रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए ताजी सब्जियां उपलब्ध कराता है।

सही जगह चुनें

किचन गार्डन की शुरुआत करने के लिए सबसे पहले सही जगह का चुनाव करना जरूरी है। घर की ऐसी जगह चुनें जहां पर कम से कम 4 से 5 घंटे की धूप आती हो। बालकनी, टैरेस या घर के बाहर का छोटा सा हिस्सा इसके लिए सही रहेगा। अगर आपके पास कम जगह है तो वर्टिकल गार्डनिंग का तरीका अपनाया जा सकता है। दीवारों पर हैंगिंग पॉट्स या स्टैंड लगाकर कई पौधे एक साथ उगाए जा सकते हैं।

सही पौधों का चुनाव

शुरू में ऐसी सब्जियां लगाएं जो जल्दी और आसानी से उगाई जा सके। धनिया, पुदीना, करी पत्ता, मेथी, पालक, हरी मिर्च, टमाटर जैसे पौधे छोटे गमलों में आसानी से उगाए जा सकते हैं। इसके लिए आपको ज्यादा बड़े गमले खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पुराने डिब्बे, प्लास्टिक की बोतलों या टूटे मग का इस्तेमाल पौधे लगाने के लिए किया जा सकता है।

सजाने का तरीका

कम जगह में गार्डन को सुंदर बनाना है तो पौधों को व्यवस्थित तरीके से लगाएं। अलग-अलग रंग के गमले, लकड़ी के स्टैंड और छोटे सजावटी आइटम्स की मदद से किचन गार्डन को आकर्षक बनाया जा सकता है। इससे घर की खूबसूरती दोगुनी हो जाएगी।

किचन गार्डन के फायदे

किचन गार्डन लगाने से आपको रोजाना ताजी और केमिकल फ्री सब्जियां मिलती हैं। जिनका इस्तेमाल आप किसी भी समय कर सकते हैं। बागवानी करने से मानसिक तनाव कम करने में मदद मिल सकती है। जिससे आप खाली समय का बेहतर उपयोग कर सकते हैं। बच्चों को पौधों की देखभाल और प्रकृति से जुड़ने का मौका मिलता है। साथ ही बाजार पर निर्भरता भी कम होती है।

अगर आप घर पर हरियाली और ताजी सब्जियों का आनंद लेना चाहते हैं तो कम जगह में भी किचन गार्डन की शुरुआत कर सकते हैं। थोड़ी सी मेहनत और देखभाल से आप घर पर कम जगह में भी खूबसूरत किचन गार्डन तैयार किया जा सकता है।